Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की महिलाओं और बहनों के लिए भाई दूज का त्योहार एक बड़ी सौगात लेकर आया है।
राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि अब प्रदेश की सभी पात्र ‘लाड़ली बहनों’ को अगले महीने से 1500 रुपए की सहायता राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री निवास में हुआ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें शामिल हुईं।
जब लाड़ली बहनें कार्यक्रम में पहुंची तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख बहनों के बैंक खातों में 250 रुपए की किस्त अगले महीने जमा होगी।
साथ ही 1250 रुपए की राशि बढ़कर 1500 रुपए की जा रही है, ये राशि भी नवंबर से हर महीने दी जाएगी।
आयुक्त ने कहा- अगले माह से मिलेगा पैसा
महिला और बाल विकास विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता से जब पूछा कि आज कुल कितनी राशि ट्रांसफर की गई है, जिस पर उन्होंने कहा कि आज कोई राशि नहीं जमा कराई गई है। यह राशि अगले माह से ट्रांसफर होगी। अगले माह से 1500 रुपए दिए जाएंगे।
बहनों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का भाव
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उपस्थित हजारों महिलाओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, “एक करोड़ 26 लाख बहनों का भाई होना मामूली बात नहीं है। आप सभी का आशीर्वाद मेरे साथ हमेशा बना रहे।”
उन्होंने यमराज और यमुना की कथा का जिक्र करते हुए कहा कि बहनें दो परिवारों मायके और ससुराल को संभालने की अद्भुत क्षमता रखती हैं और परिवार पर कोई संकट आने पर चट्टान की तरह डटकर खड़ी हो जाती हैं।
विपक्ष और आलोचकों पर सीधा हमला
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उनकी सरकार ने बहनों के लिए ऐसी कोई योजना नहीं चलाई।
उन्होंने उन आलोचकों के लिए कठोर शब्दों का इस्तेमाल किया, जो यह कहते हैं कि यह राशि शराब पीने पर खर्च होती है।
सीएम ने कहा, “जो ऐसा कहते हैं, उन्हें लकवा मार जाए, वे डूब मरें। लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब भाई और बहन का रिश्ता मजबूत हो।”
बहनों के लिए और क्या हैं योजनाएं?
मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि केंद्र सरकार ने महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिससे भविष्य में विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या और बढ़ेगी।
उन्होंने लाड़ली बहनों के लिए कई अन्य लाभों की भी जानकारी दी:
- अगर कोई लाड़ली बहना रेडीमेड गारमेंट्स के व्यवसाय से जुड़ती है, तो उसे हर महीने 1500 रुपए के अलावा अतिरिक्त 5000 रुपए 10 साल तक दिए जाएंगे।
- बहनों के नाम पर कोई प्रॉपर्टी रजिस्ट्री कराने पर 2% की छूट दी जा रही है।
- महिलाएं अगर अपना खुद का कारखाना या उद्योग शुरू करती हैं, तो उनके लिए 30% आरक्षण की व्यवस्था है।
कितना आएगा खर्च?
इस बढ़ी हुई राशि के बाद अब सरकार को हर महीने लाड़ली बहना योजना पर 300 करोड़ रुपए से अधिक का खर्च आएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना की शुरुआत के बाद से अब तक बहनों के खातों में सीधे 44,917 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
नवंबर महीने से सभी पात्र बहनों के खाते में एक साथ 1500 रुपए जमा किए जाएंगे।
श्रीकृष्ण-सुभद्रा के रिश्ते को बताया आदर्श
इससे पहले, भाई दूज की पूर्व संध्या पर, सीएम यादव ने भगवान श्रीकृष्ण और उनकी बहन सुभद्रा के रिश्ते को आदर्श बताया था।
उन्होंने कहा था कि जिस तरह श्रीकृष्ण ने हर हाल में सुभद्रा की रक्षा और सम्मान का ध्यान रखा, उसी भावना के साथ राज्य सरकार प्रदेश की हर बहन की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है।
इस कार्यक्रम में मंत्री निर्मला भूरिया और कृष्णा गौर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।