October Bank Holidays 2025: अक्टूबर का महीना त्योहारों की रौनक और बैंकिंग सेवाओं में व्यवधान दोनों ही लेकर आता है।
इस साल अक्टूबर में बैंक ग्राहकों और कर्मचारियों दोनों को ही विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के कैलेंडर के अनुसार, इस महीने विभिन्न त्योहारों और साप्ताहिक अवकाशों को मिलाकर कुल 21 दिन देश के अलग-अलग हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे।
इस लेख में हम आपको अक्टूबर महीने की सभी बैंक छुट्टियों की पूरी जानकारी, राज्यवार सूची और वैकल्पिक बैंकिंग के विकल्पों के बारे में बता रहे हैं…
क्यों हैं इतनी ज्यादा छुट्टियां? समझें
अक्टूबर में बैंक छुट्टियों का आँकड़ा इतना बड़ा इसलिए है क्योंकि इसमें तीन तरह की छुट्टियाँ शामिल हैं:
- साप्ताहिक अवकाश: हर रविवार (5, 12, 19, 26 अक्टूबर) और दूसरे व चौथे शनिवार (11 और 25 अक्टूबर)। इनकी कुल संख्या 6 दिन है।
- राष्ट्रीय छुट्टी: 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर पूरे देश में बैंक बंद रहेगा।
- राज्यवार त्यौहारिक छुट्टियां: अक्टूबर में दशहरा, दिवाली, छठ पूजा जैसे कई बड़े त्योहार पड़ रहे हैं, जिनके चलते अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग तारीखों पर बैंक बंद रहेंगे। ऐसी छुट्टियों की कुल संख्या 15 दिन है।
इन तीनों को जोड़ने पर कुल 21 दिन का आंकड़ा सामने आता है।
हालांकि, ध्यान रखने वाली बात यह है कि ये सभी 21 छुट्टियाँ एक ही राज्य में लागू नहीं होंगी।
कोई भी एक विशेष राज्य इनमें से केवल कुछ ही दिनों के लिए बैंक छुट्टी का अनुभव करेगा।
अक्टूबर 2025 के लिए राज्यवार बैंक छुट्टी कैलेंडर
यहां राज्यों के हिसाब से बैंक छुट्टियों की सूची दी गई है।
इसे देखकर आप प्लान बना सकते हैं कि आपके राज्य में किस तारीख को बैंक जाना है।
- 1 अक्टूबर: दशहरा, अयुध पूजा और दुर्गा पूजा के कारण पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, असम, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में बैंक बंद।
- 2 अक्टूबर: महात्मा गांधी जयंती के मौके पर पूरे भारत में बैंक बंद रहेंगे। यह एक नेशनल हॉलिडे है, इसलिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की शाखाएं इस दिन काम नहीं करेंगी।
- 3 और 4 अक्टूबर: सिक्किम में दुर्गा पूजा पर छुट्टी।
- 6 अक्टूबर: त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में लक्ष्मी पूजा पर बैंक बंद।
- 7 अक्टूबर: कर्नाटक, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश में महार्षि वाल्मीकि जयंती और कुमार पूर्णिमा की छुट्टी।
- 10 अक्टूबर: हिमाचल प्रदेश में करवाचौथ पर बैंक बंद।
- 18 अक्टूबर: असम में काती बिहू की छुट्टी।
- 20 अक्टूबर: दिवाली, नरक चतुर्दशी और काली पूजा पर लगभग 20 से ज्यादा राज्यों में बैंक बंद।
- 21 अक्टूबर: महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और ओडिशा में लक्ष्मी पूजन और गोवर्धन पूजा पर छुट्टी।
- 22 अक्टूबर: गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में दिवाली नया साल और बलिपद्यमी पर बैंक बंद।
- 23 अक्टूबर: भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा के कारण बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में छुट्टी।
- 27 अक्टूबर: पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में छठ पूजा (शाम का अर्घ्य) की छुट्टी।
- 28 अक्टूबर: बिहार और झारखंड में छठ पूजा (सुबह का अर्घ्य) पर बैंक बंद।
- 31 अक्टूबर: गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर छुट्टी।
इसके अलावा रविवार (5, 12, 19, 26 अक्टूबर) और दूसरे व चौथे शनिवार (11 और 25 अक्टूबर) की छुट्टियां मिलाकर कुल 6 दिन और बैंक बंद रहेंगे। मतलब 21 दिन।
बैंक बंद होने पर कैसे निपटाएं अपने जरूरी काम?
बैंक शाखाओं के बंद रहने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपके सारे बैंकिंग काम अटक जाएंगे।
डिजिटल बैंकिंग के इस दौर में आप निम्नलिखित सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं, जो 24×7 चालू रहती हैं:
- ऑनलाइन बैंकिंग और मोबाइल ऐप: आप इन्टरनेट बैंकिंग या अपने बैंक के मोबाइल ऐप के जरिए पैसे का ट्रांसफर (NEFT, RTGS, IMPS), बिल भुगतान, रिचार्ज और अन्य लेन-देन आसानी से कर सकते हैं।
- यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI): UPI जैसे कि PhonePe, Google Pay, Paytm आदि के माध्यम से तत्काल पैसा भेज और प्राप्त कर सकते हैं।
- ATM: नकदी निकासी और जमा करने के लिए ATM सबसे विश्वसनीय विकल्प हैं। आप चेक जमा करने के लिए कई बैंकों के ड्रॉप बॉक्स या CDM (Cash Deposit Machine) का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण सलाह:
अगर आपका कोई ऐसा काम है जो केवल बैंक शाखा में जाकर ही हो सकता है, जैसे लोन के लिए आवेदन, ड्राफ्ट बनवाना, बड़ी रकम का लेन-देन, या कोई कानूनी कार्य, तो उसके लिए पहले से ही योजना बना लें और छुट्टियों वाले दिनों को ध्यान में रखते हुए अपना काम निपटा लें।