Holi Special Train 2026: होली का त्योहार करीब आते ही ट्रेनों में भीड़ बढ़ना शुरू हो गई है।
खास तौर पर उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
यात्रियों की इसी परेशानी को समझते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है।
रेलवे ने महू (डॉ. आंबेडकर नगर) और इंदौर से पटना के बीच ‘होली स्पेशल’ ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
26 फरवरी से शुरू होगी सेवा
महू-पटना स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 09343/09344) का संचालन 26 फरवरी से शुरू होने जा रहा है।
यह ट्रेन हर गुरुवार को महू से रवाना होगी।
रेलवे ने साफ किया है कि यह सुविधा मार्च के अंत तक जारी रहेगी, ताकि त्योहार के बाद वापसी करने वालों को भी दिक्कत न हो।
महू से यह ट्रेन 26 मार्च तक और पटना से 27 मार्च तक चलेगी।
क्या रहेगा समय और रूट?
यह ट्रेन महू से हर गुरुवार शाम 6:00 बजे चलेगी और आधे घंटे बाद यानी शाम 6:30 बजे इंदौर पहुंचेगी।
अगले दिन शाम 6:30 बजे यह ट्रेन पटना पहुंच जाएगी।
वापसी में, पटना से यह हर शुक्रवार रात 9:30 बजे चलेगी और शनिवार रात 11:10 बजे इंदौर आएगी।
इस सफर के दौरान यह ट्रेन उज्जैन, संत हिरदाराम नगर (भोपाल), विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी, सतना, प्रयागराज और दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी।
अच्छी बात यह है कि इसमें एसी, स्लीपर और जनरल, सभी तरह के डिब्बे होंगे।
दिल्ली के लिए भी चल रही है स्पेशल ट्रेन
पटना के अलावा, इंदौर से दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) के लिए भी होली स्पेशल ट्रेन पहले ही शुरू की जा चुकी है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन ट्रेनों के चलने से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सकेगी।
भोपाल मंडल से चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
मध्यप्रदेश के रहवासियों के लिए भी भोपाल रेल मंडल से चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
रीवा, भोपाल और दानापुर के लिए स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रीवा- रानी कमलापति रेलवे स्टेशन सुपरफास्ट स्पेशल चलेगी। गाड़ी संख्या (02192/02191) 28 फरवरी 2026 को एक-एक ट्रिप चलेगी।
गाड़ी संख्या 02186/02185 नंबर की ट्रेन 2 और 3 मार्च 2026 को दो-दो ट्रिप संचालित होगी। भोपाल-रीवा स्पेशल (01704/01703) 5 मार्च 2026 को एक ट्रिप करेगी।
रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल (01667/01668) 27 फरवरी व 2 मार्च को चलेगी। रानी कमलापति-दानापुर वापसी में 28 फरवरी और 3 मार्च को चलेगी।
कुछ ट्रेनें कैंसिल और रूट में बदलाव
एक तरफ जहाँ नई ट्रेनें चल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ रतलाम मंडल में पटरियों के दोहरीकरण (Double Line) का काम भी चल रहा है।
मल्हारगढ़ और मंदसौर के बीच काम चलने की वजह से 1 मार्च तक कुछ ट्रेनें प्रभावित रहेंगी:
- उज्जैन-चित्तौड़गढ़ पैसेंजर (69231/32): यह ट्रेन 1 मार्च तक पूरी दूरी तय नहीं करेगी। यह रतलाम और चित्तौड़गढ़ के बीच निरस्त रहेगी।
- जमुना ब्रिज-रतलाम एक्सप्रेस (19818): यह 27 फरवरी को केवल चित्तौड़गढ़ तक ही जाएगी।
- रतलाम-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस (19327): यह 28 फरवरी को रतलाम से नहीं बल्कि चित्तौड़गढ़ से चलेगी।
- चित्तौड़गढ़-रतलाम डेमू: यह ट्रेन 28 फरवरी और 1 मार्च को अपने निर्धारित समय से थोड़ी देरी (30 मिनट से 1 घंटा) से चलेगी।
यात्रियों के लिए सलाह:
त्योहार के समय स्टेशनों पर भारी भीड़ होती है, इसलिए अपना टिकट समय रहते बुक करा लें।
साथ ही, घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।


