Milestones Colours: हमारे आसपास कई ऐसी चीजें है, जिसे हम रोज देखते हैं पर इसका मतलब नहीं जानते हैं।
हम सभी लोगों ने हाईवे पर सफर के दौरान सड़क किनारे मील का पत्थर यानी माइल स्टोन देखा है।
मील के पत्थरों का काम सड़क पर चलने वाले लोगों को आने वाले शहरों और जगहों की दूरी बताना होता है।
लेकिन, क्या आपने कभी गौर किया कि ये माइल स्टोन अलग-अलग रंग के होते हैं?
यह सभी अलग-अलग कलर के पत्थर कई तरह की जानकारियां देते हैं।
तो आईए आज हम आपको इन पत्थरों के रंग का मतलब समझाते हैं।
सड़क किनारे लगे माइल स्टोन के कितने रंग
हाईवे पर सड़क किनारे लगे मील के पत्थर का काम लोगों को आने वाले शहरों और जगहों की दूरी बताना होता है।
विकास के साथ मिल के पत्थरों की जगह बड़े-बड़े साइन बोर्ड लगा दिए जाते हैं, ये भी वहीं काम करते हैं।
वहीं बात मील के पत्थर की बात करें तो ये कई रंग के होते हैं, जैसे पीला, हरा, नारंगी, काला, नीला या सफेद।
इन पत्थरों पर अलग-अलग तरह के डिटेल दर्ज होते हैं और सभी अलग-अलग रंग के पत्थर कई तरह की जानकारियां देते हैं।
इन रंगीन माइल स्टोन का बहुत महत्वपूर्ण अर्थ होता है जो कम ही लोग जानते हैं।

बता दें हमारे देश में सड़कों का निर्माण नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया, लोक निर्माण विभाग और ग्राम पंचायत के द्वारा कराया जाता है।
बस इसी वजह से सड़क के किनारे लगे हुए माइल स्टोन का कलर अलग-अगल होता है और इनका शहर और कस्बों से घनिष्ठ नाता होता है।
1 – पीले रंग का माइलस्टोन
हाईवे पर ट्रैवल करते हुए आपने पीले रंग का माइलस्टोन देखता होगा।
लेकिन, यह पीले रंग का पत्थर केवल नेशनल हाईवे पर ही दिखेगा।
अगर आपको यह दिखे तो समझ जाइए कि आप नेशनल हाईवे पर चल रहे हैं।

नेशनल हाईवे वह सड़क है, जो केंद्र सरकार के अधीन आती है।
इसके निर्माण, सुधार और देखरेख की जिम्मेदारी नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की होती है।
वहीं देश में कई तरह के नेशनल हाईवे हैं, जो एक राज्य से दूसरे राज्य को कनेक्ट करते है।
2 – हरे रंग का माइलस्टोन
अगर आप को मील के पत्थर पर हरे रंग की पट्टी दिखे, तो समझ जाइए कि वो सड़क स्टेट हाइवे की है।
इस रोड का इस्तेमाल ज्यादातर एक जिले से दूसरे जिले के बीच आने जाने के लिए किया जाता है।

इस हाईवे में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर उसे बनाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है।
3 – काले, नीले या सफेद रंग का माइलस्टोन
अगर आपको सड़क पर ट्रैवल करते हुए काले, नीले या सफेद रंग के माइलस्टोन दिखता है, तो इसका मतलब ये है कि आप किसी बड़े शहर या जिले में प्रवेश कर चुके हैं।

इन सड़कों के निर्माण और देखरेख का जिम्मा शहर के नगर निगम और जिला प्रशासन का होता है।
4 – नारंगी रंग का माइलस्टोन
अगर आपको नारंगी रंग के मील के पत्थर दिखाई दें, तो इसका मतलब है कि आप किसी गांव में प्रवेश कर चुके हैं।
गांव में आप जब भी प्रवेश करेंगे तो इस रंग के पत्थर को जरूर देखेंगे।

नारंगी रंग के माइलस्टोन वाली सड़कों का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किया जाता है।
जवाहर रोजगार योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और अन्य योजनाओं के जरिए बनाई जा रही सड़कों पर ऑरेंज कलर का माइलस्टोन ही लगाया जाता है।