Mpox Clade 1 Strain: 2022 और 2023 में 110 से ज्यादा देशों में तबाही मचाने वाले Mpox (मंकी पॉक्स) का नया स्ट्रेन Clade 1 अमेरिका में एंट्री कर चुका है।
इस बात की जानकारी अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) ने दी है।
हाल ही में संयुक्त राज्य अमेरिका में एमपॉक्स के क्लेड 1 स्ट्रेन (Mpox Clade 1 Strain) का पहला केस सामने आया है।
इस स्ट्रेन को एमपॉक्स के दूसरे स्ट्रेन्स की तुलना में ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है।
कैलिफोर्निया में रहता है शख्स
CDC के मुताबिक कैलिफोर्निया में रहने वाले एक व्यक्ति में यह संक्रमण पाया गया है लेकिन लोगों को डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि प्रभावित शख्स अब ठीक हो रहा है और घर पर ही आइसोलेट है।

दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग संभावित संपर्कों का पता लगाने के लिए राज्य और स्थानीय स्वास्थ्य विभागों के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि संक्रमण के आगे फैलने को रोका जा सके।
आइए जानते हैं कितना खतरनाक हो सकता है Mpox Clade 1 Strain
एमपॉक्स वायरस के कई अलग-अलग स्ट्रेन या वेरिएंट हैं। क्लेड 1 स्ट्रेन भी इनमें से एक है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि यह स्ट्रेन अन्य स्ट्रेन्स की तुलना में अधिक संक्रामक है और इससे होने वाली बीमारी अधिक गंभीर हो सकती है।
इसका मतलब है कि यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में ज्यादा आसानी और तेजी से फैल सकता है।
इसके अलावा, क्लेड 1 संक्रमण के लक्षण भी अधिक गंभीर हो सकते हैं।
हालांकि, एमपॉक्स के सभी मामलों का इलाज किया जा सकता है और ज्यादातर लोग पूरी तरह से ठीक हो जाते हैं।

कैसे फैलता है एमपॉक्स वायरस? (How does the mpox virus spread)
मंकीपॉक्स वायरस करीबी संपर्क जैसे छूना, चूमना या यौन गतिविधियों से फैल सकता है।
इसके अलावा संक्रमित व्यक्ति की इस्तेमाल की गई चीजों जैसे टॉवल, चादर, कपड़े और सुइयों के इस्तेमाल से भी ये वायरस फैल सकता है।

एमपॉक्स के शुरुआती लक्षण (Early Symptoms Of Mpox)
बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, मांसपेशियों में कमजोरी और थकावट एमपॉक्स के शुरुआती लक्षणों में शामिल हैं।
इसके बाद खुजलीवाले दाने निकलते हैं जो उभरे हुए घावों में बदल जाते हैं। ये काफी तकलीफदेह हो सकते हैं।

Clade 1 vs Clade 2
क्लेड 1 स्ट्रेन, क्लेड II स्ट्रेन की तुलना में अधिक गंभीर बीमारी से जुड़ा हुआ है।
सितंबर में भारत में मिला था पहला केस
भारत में मंकी पॉक्स वायरस का पहला मामला सितंबर में केरल में सामने आया है। जिसके बाद पूरे देश में खलबली मच गई थी।
केरल के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 38 वर्षीय एक व्यक्ति में क्लेड-1 स्ट्रेन की पुष्टि हुई थी। यह व्यक्ति संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लौटा था।

WHO ने घोषित की ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी
डब्ल्यूएचओ ने अगस्त 2024 में ही मंकीपॉक्स को दूसरी बार वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था। यह स्ट्रेन तेजी से अफ्रीकी देशों में फैल रहा है।
बता दें कि 2022 से 2023 में, 110 से ज्यादा देशों को प्रभावित करने वाला एमपॉक्स का एक वैश्विक महामारी था, जो मुख्य रूप से यौन संपर्क के माध्यम से फैलता है।