वेनेजुएलाई नेता मचाडो ने अपना नोबेल पुरस्कार ट्रम्प को दिया
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद माचाडो ने कहा कि उन्होंने ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार का मेडल भेंट किया है।
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि आज हम वेनेजुएलावासियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है।’
व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद मचाडो ने बाहर जुटे समर्थकों से स्पेनिश में कहा, ‘हम राष्ट्रपति ट्रम्प पर भरोसा कर सकते हैं।’ हालांकि, ट्रम्प ने अब तक माचाडो को वेनेजुएला की नई नेता के रूप में समर्थन नहीं दिया है।
इसकी बजाय वे वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के साथ काम कर रहे हैं।
ट्रम्प हमेशा नोबेल शांति पुरस्कार लेने की इच्छा जताते रहे हैं। जब यह मचाडो को मिला तो उन्होंने नाराजगी जताई।
वहीं, गुरुवार को व्हाइट हाउस में हुई बैठक से पहले नोबेल संस्थान ने X पर पोस्ट कर बताया कि एक पदक के मालिक बदल सकते हैं, लेकिन नोबेल शांति पुरस्कार विजेता की उपाधि नहीं बदल सकती।
UPA सरकार के 2 और कानून में होगा बदलाव: मनरेगा के बाद शिक्षा और खाद्य सुरक्षा अधिकार कानून में सुधार की तैयारी शुरू
केंद्र सरकार मनरेगा के बाद यूपीए सरकार के समय बने दो बड़े कानूनों- शिक्षा का अधिकार और खाद्य सुरक्षा कानून में सुधार करने की तैयारी कर रही है।
सरकार चाहती है कि इन योजनाओं का लाभ हर सही व्यक्ति तक पहुंचे और सभी लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन हो।
सरकार पहले नियमों और आदेशों से सुधार करने की कोशिश करेगी। अगर इससे बात नहीं बनी, तो संसद में नए कानून (बिल) भी लाए जा सकते हैं।
इसके अलावा सरकार यह भी सोच रही है कि लोगों को घर पाने के अधिकार को कानूनी अधिकार बनाया जाए।
परामर्श प्रक्रिया से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि मनमोहन सिंह सरकार के समय जो विकास से जुड़े अधिकार बनाए गए थे, उनमें 3 बड़ी कमियां थीं।
उन कानूनों से न तो हर बच्चे को सही शिक्षा मिल पाई और न ही हर परिवार तक खाद्य सुरक्षा पहुंची।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्देश है कि सभी लाभार्थियों का पूरा (100%) रजिस्ट्रेशन हो। योजनाओं का लाभ सही लोगों तक समय पर और सही तरीके से पहुंचना चाहिए।
महाराष्ट्र नगर निगम रिजल्ट: मुंबई में बीजेपी 227 सीटों में से 69 पर आगे, शिवसेना उद्धव+ को 27 सीटों पर बढ़त
महाराष्ट्र की 29 नगर निगम के लिए शुक्रवार सुबह 10 बजे से काउंटिंग जारी है।
15 जनवरी को वोटिंग हुई थी। 893 वार्डों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सभी निगमों में सबसे अहम बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) है।
शुरुआती रुझानों में यहां भाजपा गठबंधन आगे है। नागपुर, पुणे, नासिक, ठाणे में भी भाजपा गठबंधन को बढ़त है।
कोल्हापुर में कांग्रेस को बढ़त मिली है। संभानजर में भी बीजेपी आगे चल रही है।
जम्मू-कश्मीर में LoC के पास दिखे संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन
जम्मू-कश्मीर के पुंछ और सांबा जिलों में गुरुवार शाम को रामगढ़ सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर पाकिस्तानी ड्रोन मंडराते देखे गए।
इसके बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अपने एंटी-अनमैन्ड एरियल सिस्टम को एक्टिवेट कर दिया।
सेना के सूत्रों के मुताबिक, यह ड्रोन नियमित निगरानी के दौरान नजर आए। पुंछ में LoC पर पोस्ट के पास एक ड्रोन देखा गया।
इसी तरह, रामगढ़ सेक्टर में इंटरनेशनल बॉर्डर पर एक और ड्रोन देखा गया। पाकिस्तान से लगी बॉर्डर पर सैनिक हाई अलर्ट पर हैं।
पिछले पांच दिनों में ड्रोन दिखने की यह तीसरी घटना है।
इससे पहले, 13 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में दो बार संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए थे।
इसके बाद सेना ने फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद ड्रोन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की ओर लौट गए थे।
वहीं 11 जनवरी को नौशेरा सेक्टर, धरमसाल सेक्टर, रियासी, सांबा और पुंछ के मंकोट सेक्टर में एकसाथ पांच ड्रोन स्पॉट किए गए थे।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए LoC पर निगरानी और चौकसी और बढ़ा दी गई है।
MP में कोल्ड वेव का असर: ग्वालियर-चंबल में कोहरा; 20 जनवरी के बाद गिर सकता है मावठा
उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी का असर मध्यप्रदेश में भी है।
बर्फीली हवा आने से एमपी में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
वहीं, शाजापुर में कोल्ड वेव यानी, शीतलहर भी चली।
मौसम विभाग के अनुसार, बर्फीली हवा से ठिठुरन बढ़ी है।
ग्वालियर-चंबल, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में सबसे ज्यादा असर है। यहां के जिलों में मध्यम से घना कोहरा भी छा रहा है। दूसरी ओर, भोपाल-इंदौर में भी रात का पारा लुढ़का है।
20 जनवरी के बाद प्रदेश में बादल और बारिश वाला मौसम देखने को मिल सकता है।


