सुप्रीम कोर्ट बोला- बात सिर्फ काटने की नहीं, कुत्तों से दुर्घटनाओं का भी खतरा
सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को आवारा कुत्तों से जुड़े मामले पर सुनवाई जारी है।
जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस मेहता और जस्टिस एनवी अंजारिया की स्पेशल बेंच ने कहा, बात सिर्फ काटने की नहीं है, कुत्तों से खतरा भी होता है। दुर्घटनाओं का खतरा। आवारा कुत्तों से सड़कें खाली रखनी होंगी। आप इसकी पहचान कैसे करेंगे? सुबह-सुबह कौन सा कुत्ता किस मूड में है, यह आप नहीं जान सकते।
कपिल सिब्बल ने कहा, जब भी मैं मंदिरों वगैरह में गया हूं, मुझे कभी किसी चीज ने नहीं काटा। कोर्ट ने जवाब दिया- आप खुशकिस्मत हैं। लोगों को काटा जा रहा है, बच्चों को काटा जा रहा है। लोग मर रहे हैं।
यह मामला 28 जुलाई 2025 को सुप्रीम कोर्ट के एक्शन से शुरू हुआ था, जब दिल्ली में आवारा कुत्तों के काटने से होने वाली रैबीज बीमारी पर एक मीडिया रिपोर्ट पब्लिश की गई थी।
इस मामले में अब तक 5 बार सुनवाई हो चुकी है।
दिल्ली में आधी रात पुलिस-MCD टीम पर पत्थरबाजी: मस्जिद के पास अवैध निर्माण हटाने पहुंची थी
दिल्ली में रामलीला मैदान के पास मस्जिद और कब्रिस्तान से सटी जमीन से 6 जनवरी की देर रात करीब 1 बजे अतिक्रमण हटाया गया।
दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर एमसीडी ने 17 बुलडोजर से यहां बने बारात घर, डायग्नोस्टिक सेंटर, दुकानों को ढहाया।
तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास जब इस कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा था, तब भीड़ ने कर्मचारियों और पुलिस पर पथराव किया। भीड़ बैरिकेडिंग तोड़ कर कार्रवाई रोकने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर उसे खदेड़ दिया।
सेंट्रल रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस मधुर वर्मा ने कहा कि हालात कंट्रोल में हैं। पूरे इलाके को 9 जोन में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी ADCP स्तर के अधिकारी को दी गई। संवेदनशील जगहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। वीडियो के जरिए पत्थरबाजों की पहचान की जाएगी।
वहीं डीसीपी निधिन वलसन ने कहा कि एमसीडी ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की, जो अभी भी जारी है। भीड़ की पत्थरबाजी में 4-5 अधिकारियों को मामूली चोटें आईं हैं।
बांग्लादेश में नहर में कूदने से हिंदू युवक की मौत
बांग्लादेश के नाओगांव जिले में नहर में कूदने से 25 साल के हिंदू युवक की मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर की है। मृतक की पहचान भंडारपुर गांव निवासी मिथुन सरकार के तौर पर हुई है।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों ने हाट चकगौरी बाजार इलाके में मिथुन पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसका पीछा किया। बचने की कोशिश में वह पास की नहर में कूद गया और लापता हो गया।
बाद में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे बाद शाम 4 बजे गोताखोरों की मदद से मिथुन का शव नहर से बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जनरल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि मृतक वास्तव में चोरी में शामिल था या नहीं।
MP समेत 8 राज्यों में पारा 5° से नीचे: दिल्ली से आने वाली 1 दर्जन ट्रेनें कोहरे से लेट
पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी राज्यों की तरफ चल रही सर्द हवाओं से पूरे देश में तापमान में गिरावट आई है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में तापमान 5° से नीचे पहुंच गया है।
इन राज्यों के कई जिलों में घना कोहरा छाया है, जिसके कारण 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
स्कूलों का टाइम भी बदला है। यूपी में 20 फ्लाइट्स और 100 ट्रेनें लेट चल रही हैं। जयपुर में आज विजिबिलिटी जीरो है, इसके कारण 8 फ्लाइट देरी से चल रही हैं।
मध्य प्रदेश के भोपाल में जनवरी की सर्दी का 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। यहां मंगलवार को 3.8° तापमान रहा। बुधवार को छिंदवाड़ा में 2 डिग्री तापामान रहा। दमोह, गुना, मुरैना में ओस जम गई।
इस वजह से दिल्ली से आने वाली एक दर्जन ट्रेनें लेट हैं।


