Donald Trump 10 Decisions: डोनल्ड ट्रंप का नाम लेते ही एक ऐसी छवि सामने आती है जो लीक से हटकर और अक्सर चौंकाने वाले फैसले लेने के लिए जानी जाती है।
साल 2017 में पहली बार सत्ता संभालने वाले ट्रंप जब 2025 में दोबारा राष्ट्रपति बनकर आए, तो दुनिया को अंदेशा था कि कुछ बड़ा होने वाला है।
लेकिन महज एक साल के भीतर उन्होंने जो फैसले लिए, उसने न केवल अमेरिका बल्कि पूरी दुनिया की दिशा बदल दी।
चाहे वह युद्ध हो, व्यापार हो या पर्यावरण, ट्रंप के फैसलों ने अंतरराष्ट्रीय संबंधों के पुराने ढर्रे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।

1. ईरान के साथ युद्ध और वैश्विक ऊर्जा संकट
28 फरवरी की तारीख इतिहास में दर्ज हो गई जब अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर सीधा सैन्य हमला किया।
इस हमले की सबसे चौंकाने वाली खबर ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत रही।
इस घटना ने पूरे मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) को बारूद के ढेर पर खड़ा कर दिया है।

सऊदी अरब, कुवैत और यूएई जैसे देश इस युद्ध की चपेट में हैं।
इसका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ रहा है, क्योंकि वैश्विक तेल सप्लाई चैन बुरी तरह प्रभावित हुई है।

2. वेनेजुएला: राष्ट्रपति का अपहरण
जनवरी 2026 की शुरुआत में ही ट्रंप ने यह संदेश दे दिया कि वे ‘अमेरिका फर्स्ट’ की नीति के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।
अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला पर एयरस्ट्राइक की और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो व उनकी पत्नी को बंधक बनाकर अमेरिका ले आए।
इसे दुनिया के इतिहास में किसी संप्रभु राष्ट्र के प्रमुख के खिलाफ अब तक की सबसे आक्रामक कार्रवाई माना जा रहा है।

3. ग्रीनलैंड पर कब्जे की चाहत
ट्रंप की नजरें शुरू से ही प्राकृतिक संसाधनों पर रही हैं।
वेनेजुएला के तेल के बाद अब उनकी नजर ग्रीनलैंड के दुर्लभ खनिजों पर है।
ट्रंप ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड का अमेरिका का हिस्सा होना जरूरी है।
डेनमार्क के विरोध के बावजूद ट्रंप का यह रुख अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में तनाव पैदा कर रहा है।
It all began with #Greenland. We want Greenland, and they don’t want to give it to us, and I said, “Bye-bye!”
😂 pic.twitter.com/M6qCWs6nbS— Mahalaxmi Ramanathan (@MahalaxmiRaman) April 7, 2026
4. भारत और टैरिफ की मार
भारत के साथ ‘दोस्ती’ के दावों के बीच ट्रंप के आर्थिक फैसलों ने भारत को मुश्किल में डाल दिया।
रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर ट्रंप ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत तक का टैरिफ थोप दिया था।
हालांकि, बाद में तेल खरीद की शर्तों और कूटनीतिक समझौतों के बाद इसे घटाकर 18 प्रतिशत किया गया, लेकिन इस ‘टैरिफ युद्ध’ ने भारतीय निर्यातकों की कमर तोड़ दी।

5. पेरिस समझौते से विदाई
जलवायु परिवर्तन आज दुनिया की सबसे बड़ी समस्या है, लेकिन ट्रंप ने सत्ता संभालते ही जो बाइडन के फैसलों को पलट दिया।
अमेरिका एक बार फिर पेरिस जलवायु समझौते से बाहर हो गया है।
ट्रंप का मानना है कि ये समझौते अमेरिकी उद्योगों की प्रगति में बाधा हैं।

6. H-1B वीजा: भारतीय पेशेवरों की बढ़ती मुश्किलें
भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स के लिए अमेरिका जाना अब एक सपना जैसा होता जा रहा है।
ट्रंप ने H-1B वीजा नियमों को इतना सख्त कर दिया है कि कंपनियों के लिए विदेशी कर्मचारियों को बुलाना महंगा और जटिल हो गया है।
इसका सीधा असर भारत के टेक सेक्टर और रेमिटेंस (विदेश से आने वाले धन) पर पड़ रहा है।

7. अंतरराष्ट्रीय संगठनों से किनारा
7 जनवरी 2026 को एक मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर करके ट्रंप ने अमेरिका को 60 से ज्यादा वैश्विक संगठनों से अलग कर लिया।
इसमें यूएन की संस्थाएं और भारत-फ्रांस की पहल वाला ‘इंटरनेशनल सोलर अलायंस’ भी शामिल है।
ट्रंप का मानना है कि अमेरिका इन संगठनों को पैसा तो देता है, लेकिन बदले में उसे सिर्फ नुकसान मिलता है।
🔥🚨 BREAKING: President Trump has PULLED the United States OUT of 66 international organizations on gender policy, migration, climate, and other UN groups.
We can spend our time and money on something MORE IMPORTANT! pic.twitter.com/XLDzK9yTQB
— The Patriot Oasis™ (@ThePatriotOasis) January 8, 2026
8. ‘गैग रूल’ और गर्भपात नीति
अमेरिका में सामाजिक नीतियों को भी ट्रंप ने पूरी तरह बदल दिया।
उन्होंने ‘मेक्सिको सिटी नीति’ यानी ‘गैग रूल’ लागू किया, जिससे उन संगठनों की फंडिंग बंद हो गई जो गर्भपात या उससे जुड़ी सलाह देते हैं।
यह फैसला मानवाधिकार संगठनों के बीच भारी विरोध का कारण बना हुआ है।

9. जेंडर की नई परिभाषा
सामाजिक बदलाव की कड़ी में ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी कर स्पष्ट किया कि अमेरिकी सरकार अब केवल दो जेंडर (पुरुष और महिला) को ही मान्यता देगी।
पासपोर्ट से लेकर वीजा तक, अब थर्ड जेंडर या अन्य पहचानों के लिए कोई जगह नहीं बची है।
ट्रंप के इस फैसले को कट्टर रूढ़िवादी नीतियों की वापसी के रूप में देखा जा रहा है।

10. एलियन एनिमीज एक्ट (1798)
अप्रवासियों के खिलाफ अपनी लड़ाई को कानूनी रूप देने के लिए ट्रंप ने 18वीं सदी के पुराने कानून ‘एलियन एनिमीज एक्ट’ का सहारा लिया।
इसके जरिए वेनेजुएला के गैंग्स को देश से बाहर निकालने की प्रक्रिया तेज की गई।
ट्रंप ने इसे ‘हाइब्रिड क्रिमिनल स्टेट’ के खिलाफ जंग करार दिया है।

आगे क्या?
डोनल्ड ट्रंप के ये 10 फैसले दिखाते हैं कि वे अमेरिका को एक ऐसी महाशक्ति बनाना चाहते हैं जो किसी भी वैश्विक नियम या दबाव की परवाह नहीं करती।
टैरिफ से होने वाली आर्थिक तबाही और युद्धों से मचने वाली अशांति के बीच, दुनिया अब यह देख रही है कि ट्रंप का अगला कदम क्या होगा।
क्या यह ‘अमेरिका को महान बनाने’ की दिशा है या वैश्विक अस्थिरता का नया अध्याय?
#DonaldTrump #Trump2026 #USPolitics #GlobalEconomy #IndiaUSRelations #IranWar #VisaRules #TrumpDecisions #BreakingNews #WorldNews
