BJP New State President: मध्य प्रदेश के नए बीजेपी अध्यक्ष के नाम का इंतजार काफी वक्त से हो रहा है।
ये पहली बार है कि प्रदेश अध्यक्ष का निर्णय लेने मे पार्टी इतना समय ले रही है। जो निर्णय जनवरी में हो जाना चाहिए था वो अप्रैल तक नहीं हो सका है।
लेकिन खबरों की माने तो इसी महीने बीजेपी के नए अध्यक्ष का एलान हो सकता है।
वैसे इस बार पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष के पद के तलबगार नेताओं की कतार भी लंबी है। लेकिन अब जो नाम सामने आ रहे हैं वो लगभग तय माने जा रहे हैं।
हेमंत खंडेलवाल और गजेंद्र सिंह पटेल
बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए इन दो नामों की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही हैं।
पहले है बैतूल से विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल और दूसरे हैं गजेंद्र सिंह पटेल जो एमपी की खरगौन सीट से सांसद हैं।
इनमें भी हेमंत खंडेलवाल का नाम सबसे आगे हैं। सूत्रों की माने तो हेमंत खंडेलवाल ही बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे।

हेमंत खंडेलवाल को संघ का सर्मथन
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैतूल से विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल इस दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरे हैं।
संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और लंबा अनुभव उन्हें अन्य दावेदारों से आगे खड़ा करता है।
बैतूल से विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल को संघ, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पार्टी के अन्य नेताओं का समर्थन मिल रहा है।
हेमंत खंडेलवाल के पिता स्व. विजय खंडेलवाल भी भाजपा के नेता थे, जिससे उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि मजबूत और पार्टी से बहुत गहरा जुड़ाव है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार हेमंत खंडेलवाल के संघ से जुडे होने और विवादों से दूर रहने के चलते पार्टी अब धीरे धीरे उनके नाम पर सहमति बना रही है।

बताया जा रहा है कि अध्यक्ष पद के लिए हेमंत खंडेलवाल पहली पसंद बन गए हैं।
हेमंत खंडेलवाल इस समय कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं।
उन्हें पार्टी के भीतर एक सशक्त संगठनकर्ता और रणनीतिकार के रूप में जाना जाता है।
उनके नेतृत्व में ट्रस्ट ने कई संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती से अंजाम दिया है।
कौन है हेमंत खंडेलवाल
- हेमंत खंडेलवाल का जन्म 3 सितंबर 1964 को मथुरा, उत्तर प्रदेश में हुआ।
- वो वर्तमान में मध्य प्रदेश, भारत में विधान सभा के सदस्य (एमएलए) के रूप में कार्य करते हैं।
- इससे पहले, उन्होंने भारत की 14 वीं लोकसभा में संसद सदस्य (एमपी) का पद संभाला था।
- उनका निर्वाचन क्षेत्र मध्य प्रदेश में बैतूल है, और वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से संबद्ध हैं।
- अपने पिता और सांसद विजय कुमार खंडेलवाल के निधन के बाद, हेमंत खंडेलवाल ने 2008 के उपचुनाव में बैतूल से सांसद के रूप में उनका स्थान लिया।
- बाद में वे 2013 में बैतूल से विधायक चुने गए और 2018 तक अपना पूरा कार्यकाल पूरा किया।
- इसके बाद वे 2023 में फिर से विधायक चुने गए और वर्तमान में विधायक के रूप में अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की सेवा कर रहे हैं।
- वे शिवराज सिंह चौहान की सरकार में राज्य कोषाध्यक्ष के पद पर थे।
- उन्होंने कानून की पढ़ाई की है और पेशे से व्यवसायी हैं। उनकी एक बेटी और एक बेटा है।

हेमंत खंडेलवाल प्रोफाइल
- निर्वाचन क्षेत्र- बैतूल
- जन्म 3 सितंबर 1964 (मथुरा , उत्तर प्रदेश, भारतः
- आयु- 60 वर्ष
- निवास स्थान- बैतूल
- शिक्षा- बी.कॉम., एल.एल.बी. जे.एच. गवर्नमेंट कॉलेज, बैतूल
कौन हैं गजेंद्र सिंह पटेल
गजेंद्र सिंह पटेल खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री हैं।
पटेल भारतीय आम चुनाव, 2019 द्वारा भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में मध्य प्रदेश राज्य के खरगौन सीट से भारतीय संसद के निचले सदन लोकसभा के लिए चुने गए।

संघ से रहा है दीर्घकालिक जुड़ाव
सांसद गजेंद्र सिंह पटेल का संघ के साथ दीर्घकालिक जुड़ाव रहा है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से तीन वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए उन्होंने संघ में नगर कार्यवाह शारीरिक प्रमुख, वनवासी कल्याण आश्रम के प्रदेश सदस्य जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं।
इसके बाद भाजपा जिला महामंत्री, एनएसडीसी के डायरेक्टर, कॉलेज के जन भागीदारी अध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।
चुनावों में भी सक्रिय
गजेंद्र सिंह पटेल को पार्टी की ओर से गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, दिल्ली और मध्यप्रदेश, उड़ीसा के चुनावों की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है।
जहां उन्होंने अपने नेतृत्व और संगठनात्मक कौशल से पार्टी को सफलता दिलाई।

गजेन्द्र सिंह पटेल प्रोफाइल
- सांसद, लोक सभा
- चुनाव-क्षेत्र खरगौन
- जन्म- 16 फ़रवरी 1975 (बड़वानी, मध्य प्रदेश)
- आयु- 50 वर्ष
- शैक्षणिक योग्यता- शासकीय महाविद्यालय, बड़वानी
इन्दौर क्रिश्चियन कॉलेज, इन्दौर - पेशा- व्यवसायी, कृषक
लिस्ट में ये नाम भी थे
इससे पहले एमपी बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए जो नाम सामने आए थे।
उनमे नरोत्तम मिश्रा, कैलाश विजयवर्गीय, अरविंद सिंह भदौरिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, विष्णु दत्त शर्मा, नरेंद्र सिंह तोमर, राकेश सिंह, भगवान दास सबनानी, रजनीश अग्रवाल और माया सिंह जैसे नाम शामिल थे।
वीडी शर्मा का कार्यकाल पूरा
वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का कार्यकाल पांच साल का हो चुका है और उन्हें फिर से मौका मिलने की संभावना कम है।
वीडी शर्मा को एक्सटेंशन दिया गया था। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी वीडी शर्मा को रिपीट नहीं करेगी।
हालांकि अंतिम फैसला पार्टी हाई कमान को करना है।