HomeTrending NewsModi Putin Meeting: हेल्थ-शिपिंग से मेडिकल एजुकेशन तक, भारत-रशिया के बीच हुए...

Modi Putin Meeting: हेल्थ-शिपिंग से मेडिकल एजुकेशन तक, भारत-रशिया के बीच हुए ये 7 समझौते

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 13 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

India Russia Agreement: दिल्ली के हैदराबाद हाउस में 5 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई ऐतिहासिक वार्ता हुई।

इस वार्ता में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले कई महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति बनी है।

इस दौरान 7 प्रमुख समझौतों का आदान-प्रदान हुआ और रूसी नागरिकों के लिए मुफ़्त ई-टूरिस्ट वीजा जैसी बड़ी घोषणा की गई।

आइए जानते हैं इस शिखर वार्ता के प्रमुख नतीजों के बारे में…

ध्रुव तारे की तरह अटल है भारत-रूस मित्रता: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि पिछले आठ दशकों के उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत और रूस की मित्रता एक “ध्रुव तारे” की तरह स्थिर और अटल रही है।

उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन के नेतृत्व व उनकी भारत के प्रति प्रतिबद्धता के लिए आभार जताया।

यह रूस-यूक्रेन संघर्ष के बाद पुतिन का पहला भारत दौरा था।

मोदी-पुतिन की दोनों देशों के लिए बड़ी बातें…

पीएम मोदी

  1. ‘मेक इन इंडिया’ के तहत जहाज निर्माण में सहयोग।
  2. रूसी नागरिकों के लिए 30-दिन का फ्री ई-टूरिस्ट वीजा और 30-दिन का ग्रुप टूरिस्ट वीजा।
  3. यूरेशियन आर्थिक संघ के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट समझौते (FTA) के लिए काम कर रहे।
  4. रूस में भारत के दो नए वाणिज्य दूतावास (कांसुलेट) खोले गए हैं।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन

  1. फ्यूल सप्लाई बिना रोक-टोक जारी रखेंगे।
  2. भारत-रूस का बिजनेस 1 साल में 12% बढ़ा।
  3. भारत-रूस के बीच 60 अरब डॉलर का व्यापार हो रहा, 100 अरब डॉलर करने का टारगेट।
  4. रूस-भारत मिलकर भारत में सबसे बड़ा न्यूक्लियर पावर प्लांट बना रहे।
  5. नए अंतरराष्ट्रीय ट्रांसपोर्ट रूट बना रहे हैं। बेलारूस से सामान सीधे हिंद महासागर पहुंचेगा।
  6. भारत में रूस टुडे (RT) चैनल लॉन्च किया जाएगा।

रूसी नागरिकों को बड़ा तोहफा: 30 दिन का मुफ्त ई-टूरिस्ट वीजा

इस वार्ता की सबसे चर्चित घोषणा रही रूसी पर्यटकों के लिए 30 दिन की वैधता वाला मुफ़्त ई-टूरिस्ट वीजा शुरू करने का ऐलान।

इससे दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों के संपर्क, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बहुत बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने वाले 7 प्रमुख समझौते

दोनों नेताओं के बीच हुई गहन चर्चा के बाद निम्नलिखित सात अहम क्षेत्रों में समझौतों पर सहमति बनी, जो 2030 तक लागू होंगे:

  1. प्रवासन व श्रम समझौता (Cooperation and Migration Agreement): इससे एक दूसरे देश में काम करने, रोजगार पाने और व्यवसायिक गतिविधियों को आसान बनाने का रास्ता साफ हुआ है। इसमें अस्थायी श्रम गतिविधियों (Temporary Labour Activities) से जुड़ा समझौता भी शामिल है।

  2. स्वास्थ्य देखभाल एवं चिकित्सा शिक्षा (Healthcare and Medical Education): इस समझौते के तहत दोनों देश चिकित्सा शोध, स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे।

  3. खाद्य सुरक्षा एवं मानक (Food Safety and Standards): कृषि उत्पादों की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा के मानकों और संबंधित नियमों पर सहमति से कृषि व्यापार को बल मिलेगा।

  4. ध्रुवीय एवं समुद्री जहाज निर्माण (Agreement on Polar Ships and Maritime Cooperation): आर्कटिक और अन्य चुनौतीपूर्ण समुद्री क्षेत्रों के लिए जहाज निर्माण तकनीक और समुद्री सहयोग बढ़ाने पर जोर।

  5. उर्वरक समझौता (Fertilizer Agreement): रूस से भारत को उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और संयुक्त उत्पादन परियोजनाओं पर सहयोग से किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद।

  6. बंदरगाह व पोत परिवहन सहयोग (Port and Maritime Transport): समुद्री व्यापार और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने के लिए बंदरगाह व जहाज़ परिवहन क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा।

  7. चेन्नई-व्लादिवोस्तोक समुद्री गलियारा (Chennai-Vladivostok Maritime Corridor): इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने पर सहमति, जो यूरोप और रूस के साथ भारत की कनेक्टिविटी को काफी बढ़ा देगा।

ऊर्जा सहयोग और मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि ऊर्जा सहयोग द्विपक्षीय संबंधों का मजबूत आधार रहा है।

राष्ट्रपति पुतिन ने भी भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था को ईंधन की निर्बाध आपूर्ति जारी रखने का आश्वासन दिया।

साथ ही, दोनों पक्षों ने मुक्त व्यापार समझौता (FTA) को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए प्रयास तेज करने का संकल्प लिया।

सिविल न्यूक्लियर एनर्जी सहयोग को भी आगे बढ़ाने पर बात हुई।

आतंकवाद पर एकजुटता 

संयुक्त बयान में दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करने के संकल्प को दोहराया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत रूस-यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए चल रहे प्रयासों में पूरा सहयोग देगा।

पुतिन ने पीएम मोदी को कहा शुक्रिया

पुतिन ने कहा, ”राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी का इस गर्मंजोशी से स्वागत के लिए मैं हृदय से धन्यवाद करता हूं। कल भोजन के समय जो चर्चा हुई थी, वो बहुत ही महत्वपूर्ण थी। उसके लिए धन्यवाद।”

यह शिखर वार्ता भारत-रूस के समय-परीक्षित रणनीतिक साझेदारी में एक नया और ठोस अध्याय जोड़ती है।

पर्यटन, व्यापार, ऊर्जा, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी जैसे विविध क्षेत्रों में हुए ये समझौते न केवल द्विपक्षीय संबंधों को गहराई देंगे, बल्कि एक बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था में भी स्थिरता का स्तंभ साबित होंगे।

- Advertisement -spot_img