Holi Bus Fare Hike: होली का त्योहार रंगों और खुशियों का होता है, लेकिन मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए इस बार यह त्योहार आर्थिक बोझ लेकर आया है।
जो लोग छुट्टियों में अपने घर जाने की योजना बना रहे हैं, उनके पसीने बस का किराया देखकर छूट रहे हैं।
आलम यह है कि भोपाल से लखनऊ और मुंबई जैसे शहरों का बस किराया अब हवाई जहाज के टिकट की बराबरी कर रहा है।
ऑनलाइन बुकिंग ऐप्स पर मनमाना किराया वसूला जा रहा है, जिससे आम आदमी की जेब खाली हो रही है।

1200 का सफर 5000 में
आमतौर पर भोपाल से सतना या रीवा जाने के लिए एक यात्री को 900 से 1200 रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
लेकिन होली के इस सीजन में रेड बस जैसे ऐप्स पर यही किराया 4,500 से 6,000 रुपये तक दिखाया जा रहा है।
- भोपाल से लखनऊ: बेटवंटी ट्रैवल्स जैसी कंपनियां ₹8,899 तक वसूल रही हैं, जबकि सामान्य दिनों में यह ₹1,500 के आसपास रहता है।
- भोपाल से मुंबई: रतन टूर एंड ट्रैवल्स का किराया ₹6,000 के पार पहुंच गया है, जो सामान्य दिनों से 4 गुना ज्यादा है।
- रीवा-सतना रूट: सुनील टूर एंड ट्रैवल्स और अंजुमन ट्रैवल्स जैसी बसें ₹5,000 से ₹6,000 के बीच किराया ले रही हैं।

क्यों बेकाबू हैं दाम?
सबसे बड़ी समस्या यह है कि परिवहन विभाग का इन ऑनलाइन ऐप्स पर सीधा कंट्रोल नहीं है।
बस ऑपरेटर खुद अपनी दरें तय करते हैं और ऐप्स बस उसे प्लेटफॉर्म पर लिस्ट कर देते हैं।
मांग ज्यादा होने की वजह से ‘डायनेमिक प्राइसिंग’ के नाम पर यात्रियों को लूटा जा रहा है।
मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन के महामंत्री जय कुमार जैन का कहना है कि जो बसें नियमित परमिट (स्टेज कैरिज) पर चलती हैं, वे किराया नहीं बढ़ा रही हैं।
असली खेल ‘ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट’ वाली बसें कर रही हैं, जो अवैध रूप से सवारियां ढोती हैं और उन पर किसी का लगाम नहीं है।

मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी जारी है लूट
हैरानी की बात यह है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ठीक एक दिन पहले (1 मार्च को) अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि त्योहारों पर यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने इसे संवेदनशीलता का मामला बताया था, लेकिन धरातल पर ऑपरेटरों के हौसले बुलंद हैं।
भोपाल आरटीओ जितेंद्र शर्मा ने कहा है कि अगर किसी यात्री से ज्यादा पैसे लिए जा रहे हैं, तो वे सीधे कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
#MPNews #Holi2026 #BusFareHike #Bhopal #TransportLoot #HoliTravel #MadhyaPradesh #PublicTransport


