MP Smart Meter Calculation: मध्यप्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक ऐसी खबर आई है जो उनके घर के बजट को हिला सकती है।
केंद्र सरकार के नए इलेक्ट्रिसिटी एक्ट-2025 के तहत अब आपके घर या दुकान में लगा स्मार्ट मीटर सिर्फ रीडिंग नहीं लेगा, बल्कि वह एक ‘जासूस’ की तरह आपकी हर गतिविधि पर नजर रखेगा।
इस नए कानून में स्मार्ट मीटर को यह अधिकार दिया गया है कि वह आपकी बिजली खपत के आधार पर खुद-ब-खुद (ऑटोमैटिक) आपका लोड बढ़ा दे।

5 पॉइंट में समझे पूरा मामला?
- लोड की ऑटोमैटिक चेकिंग: अगर आपने अपने स्वीकृत लोड (Sanctioned Load) से ज्यादा बिजली इस्तेमाल की, तो स्मार्ट मीटर उसे रिकॉर्ड कर लेगा।
- 3 बार की लिमिट: यदि पूरे साल में आपने केवल तीन बार भी तय सीमा से अधिक बिजली का उपयोग किया, तो मीटर मान लेगा कि आपको ज्यादा लोड की जरूरत है।
- बिना सूचना के बदलाव: इसके लिए बिजली विभाग का कोई कर्मचारी आपके घर नहीं आएगा और न ही आपसे कोई अनुमति ली जाएगी।
- फिक्स्ड चार्ज का बढ़ना: जैसे ही लोड बढ़ेगा, आपके बिल में लगने वाला ‘फिक्स्ड चार्ज’ भी परमानेंट तौर पर बढ़ जाएगा।
- व्यापक असर: इसका सीधा असर मध्यप्रदेश के लाखों घरेलू, व्यावसायिक और शादी-समारोह वाले अस्थायी कनेक्शनों पर पड़ेगा।

कैसे खाली होगी जेब?
आम आदमी सोचता है कि बिल सिर्फ उतनी यूनिट का आता है जितनी वह खर्च करता है। लेकिन ऐसा नहीं है।
बिल का एक बड़ा हिस्सा ‘फिक्स्ड चार्ज’ होता है।
यह वह किराया है जो आप बिजली कंपनी को अपना कनेक्शन बनाए रखने के लिए देते हैं, चाहे आप एक भी यूनिट बिजली न जलाएं।
अभी के नियमों के मुताबिक, 150 यूनिट तक की खपत पर करीब 129 रुपए फिक्स्ड चार्ज लगता है।
इसके ऊपर हर 15 यूनिट बढ़ने पर 28 रुपए अतिरिक्त जुड़ते जाते हैं।
उदाहरण के तौर पर, अगर आपका लोड 1 किलोवॉट है और आप 300 यूनिट बिजली जलाते हैं, तो आपको लगभग 409 रुपए सिर्फ फिक्स्ड चार्ज के देने पड़ते हैं।
जब स्मार्ट मीटर आपका लोड बढ़ा देगा, तो यह बेस अमाउंट ही बढ़ जाएगा, जिससे हर महीने का बिल अपने आप भारी हो जाएगा।

गर्मियों में बढ़ेगी मुसीबत
मान लीजिए आपने 2 किलोवॉट का कनेक्शन ले रखा है।
सर्दियों में तो सब ठीक रहता है, लेकिन गर्मियों में जब आप एसी (AC), कूलर और फ्रिज एक साथ चलाते हैं, तो खपत बढ़कर 5 किलोवॉट तक पहुंच जाती है।
नए नियम के अनुसार, अगर आपने सीजन में 3 बार भी 5 किलोवॉट का इस्तेमाल कर लिया, तो साल के अंत में आपका परमानेंट लोड 5 किलोवॉट कर दिया जाएगा।
अब सर्दियों में जब आप AC नहीं भी चलाएंगे, तब भी आपको 5 किलोवॉट के हिसाब से बढ़ा हुआ फिक्स्ड चार्ज देना होगा।

व्यापारियों और संस्थानों पर मार
सिर्फ घरों में ही नहीं, दुकानों और बड़े संस्थानों के लिए भी नियम कड़े कर दिए गए हैं।
वर्तमान में 10 किलोवॉट तक के लोड पर 161-162 रुपए प्रति किलोवॉट का चार्ज है।
नए टैरिफ में इसमें 15 फीसदी की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।
यानी अगर लोड 10 से बढ़कर 11 किलोवॉट हुआ, तो चार्ज की दरें सीधे 281 रुपए प्रति किलोवॉट तक पहुंच सकती हैं।
यह उन छोटे व्यापारियों के लिए बड़ा झटका है जिनका काम सीजनल होता है।
शादी-ब्याह भी होंगे महंगे
मैरिज गार्डन और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए लिए जाने वाले अस्थायी (Temporary) कनेक्शन भी इस दायरे में आएंगे।
अभी इन पर 82 रुपए प्रति किलोवॉट का चार्ज लगता है, जिसे बढ़ाने की तैयारी है।
ऐसे में जो लोग पहले से टेंट, कैटरिंग और लाइट का बजट बनाकर चलते हैं, उन्हें अब बिजली बिल के लिए अलग से बड़ी रकम रखनी होगी।

सरकार और नियामक आयोग का पक्ष
विवाद बढ़ता देख मध्यप्रदेश विद्युत नियामक आयोग (MPERC) के सचिव उमाकांत पांडा ने स्पष्ट किया है कि ये नियम केंद्रीय नीतियों के तहत तय प्रक्रिया से बनाए जाते हैं।
इसमें आम जनता से सुझाव और आपत्तियां मांगी जाती हैं और उसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाता है।
हालांकि, जानकारों का कहना है कि एक बार कानून लागू होने के बाद उपभोक्ताओं के पास स्मार्ट मीटर के फैसले को चुनौती देने का विकल्प बहुत सीमित होगा।

बचाव का तरीका: आम आदमी क्या करे?
इस ‘डिजिटल झटके’ से बचने के लिए कुछ सावधानियां जरूरी हैं:
-
लोड चेक करें: सबसे पहले अपने पुराने बिजली बिल में देखें कि आपका ‘स्वीकृत लोड’ (Sanctioned Load) कितना है।
-
लोड बढ़वा लें: अगर आपको लगता है कि गर्मियों में आपकी खपत ज्यादा होती है, तो खुद ही लोड बढ़वा लेना बेहतर है। इससे आप पेनाल्टी और अचानक बढ़े हुए फिक्स्ड चार्ज से बच सकते हैं।
-
भारी उपकरणों का प्रबंधन: कोशिश करें कि घर के सभी भारी उपकरण (जैसे प्रेस, एसी, गीजर और मोटर) एक साथ न चलाएं। इससे लोड एकदम से नहीं बढ़ेगा।
-
स्मार्ट मीटर ऐप: बिजली कंपनी के आधिकारिक ऐप को डाउनलोड करें और अपनी डेली खपत पर नजर रखें।
इलेक्ट्रिसिटी एक्ट-2025 बिजली व्यवस्था को डिजिटल और पारदर्शी बनाने का दावा करता है, लेकिन इसका आर्थिक बोझ आम आदमी की कमर तोड़ सकता है।
अब बिजली बचाना सिर्फ देशहित में नहीं, बल्कि खुद की जेब बचाने के लिए भी अनिवार्य हो गया है।
#ElectricityAct2025 #MPNews #SmartMeter #ElectricityBill #MadhyaPradesh #BijliBill #ConsumerRights
