Homeन्यूजकोहरे की चपेट में उत्तर भारत: MP में 10°C से नीचे पहुंचा...

कोहरे की चपेट में उत्तर भारत: MP में 10°C से नीचे पहुंचा तापमान, ट्रेनें लेट-जानें 3 दिनों का मौसम

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Severe cold North India: उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी राज्यों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

सोमवार रात का तापमान कई शहरों में बेहद कम दर्ज किया गया।

हैरानी की बात यह है कि उत्तर प्रदेश के 26 जिले हिमाचल की राजधानी शिमला से भी ज्यादा ठंडे रहे।

बाराबंकी में तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि शिमला का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया।

इटावा, शाहजहांपुर, कानपुर और बुलंदशहर जैसे शहरों में भी पारा 7 डिग्री से नीचे रहा।

यूपी में अकेले पिछले 48 घंटे में सर्दी से तीन लोगों की मौत हो चुकी है और नौ शहरों में आठवीं कक्षा तक के स्कूलों को मंगलवार को बंद करना पड़ा।

एमपी के 25 शहरों मे तापमान 10 डिग्री से नीचे

मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां सोमवार रात 25 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 4.6 डिग्री तक पहुंच गया।

रीवा में 5.6 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 5.9 डिग्री और कई अन्य जिलों में तापमान 7-9 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

पांच बड़े शहरों में, भोपाल और इंदौर में 8.8 डिग्री, ग्वालियर में 11.3 डिग्री, उज्जैन में 11.4 डिग्री और जबलपुर में 9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे ने रोकी उड़ाने, सैकड़ों यात्री फंसे

राजधानी दिल्ली में घने कोहरे ने सोमवार को हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण 500 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं।

इसके अलावा 14 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जिनमें 6 आगमन और 8 प्रस्थान करने वाली उड़ानें शामिल थीं।

इनमें कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी थीं।

कोहरे के कारण हवाई अड्डे पर यात्रियों की काफी भीड़ जमा हो गई और कई यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

मध्य प्रदेश में ‘ब्लाइंड मॉर्निंग’

मध्य प्रदेश में ठंड के साथ-साथ घने कोहरे का असर भी लगातार बढ़ रहा है।

मंगलवार सुबह रीवा और सतना में हालात इतने खराब हो गए कि इसे ‘ब्लाइंड मॉर्निंग’ का नाम दिया गया।

यहां कोहरा इतना घना था कि 50 मीटर से आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।

इसका सीधा असर रेल यातायात पर पड़ा और एक दर्जन से अधिक ट्रेनें कई-कई घंटे लेट हो गईं।

ट्रेनों का शेड्यूल हुआ बेकार

मालवा एक्सप्रेस करीब 4 घंटे देरी से चली, जबकि शताब्दी एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट रही।

सचखंड एक्सप्रेस 8 घंटे, केरला एक्सप्रेस 7 घंटे 10 मिनट और झेलम एक्सप्रेस 4 घंटे देरी से अपने गंतव्य तक पहुंची।

पंजाब मेल, यशवंतपुर कर्नाटक एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं।

रीवा और सतना के अलावा, दमोह, खजुराहो, नौगांव, ग्वालियर, मुरैना और सीधी जिलों में भी सुबह घना कोहरा छाया रहा।

इन जिलों में दृश्यता मात्र 50 मीटर से 1 किलोमीटर के बीच दर्ज की गई।

भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सागर, शिवपुरी जैसे बड़े शहर भी कोहरे से अछूते नहीं रहे।

अगले तीन दिनों का मौसम: कोहरा और ठंड का प्रकोप जारी रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी रहेगी।

  • 24 दिसंबर: पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में शीतलहर और तेज सर्दी जारी रहेगी तथा कुछ स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है।
  • 25 दिसंबर: पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में सुबह और देर रात बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी घने कोहरे के हालात बन सकते हैं। पहाड़ी राज्यों में ठंड का असर बना रहेगा।
  • 26 दिसंबर: पंजाब से लेकर छत्तीसगढ़ तक के राज्यों में घना से बहुत घना कोहरा बना रह सकता है। सुबह के समय हाईवे, रेल और हवाई यातायात पर फिर से विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तेज सर्दी और शीतलहर की स्थिति जारी रहने का अनुमान है।

नागरिकों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे सुबह के समय घर से बाहर न निकलें, जब तक कि बहुत जरूरी न हो।

वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें, फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करें और गति धीमी रखें।

सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, खासतौर पर बुजुर्ग और बच्चों का विशेष ख्याल रखें।

हवाई और रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी फ्लाइट या ट्रेन का स्टेटस ऑनलाइन चेक करते रहना चाहिए।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के मौसम में संतुलित आहार लें, गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें और शरीर को हाइड्रेटेड रखें।

- Advertisement -spot_img