Homeन्यूजभोपाल दौरे पर राहुल: पूरा दिन संगठन को समर्पित, संगठन सृजन अभियान...

भोपाल दौरे पर राहुल: पूरा दिन संगठन को समर्पित, संगठन सृजन अभियान से मिलेगी कांग्रेस को नई दिशा

और पढ़ें

 

Rahul Gandhi Bhopal Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे।

इस दौरे का मकसद कांग्रेस संगठन को नए सिरे से खड़ा करना और जमीनी स्तर तक मजबूती देना है।

यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 3 दिन पहले ही पीएम मोदी ने भोपाल में महिला महासम्मेलन को संबोधित किया था।

कार्यकर्ताओं में उत्साह, जोशीला स्वागत हुआ

भोपाल एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, विपक्ष के नेता उमंग सिंघार समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया।

इसके बाद राहुल का काफिला जैसे ही एयरपोर्ट से पीसीसी कार्यालय के लिए रवाना हुआ, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।

कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी की गाड़ी पर फूल बरसाते और नारे लगाते नजर आए।

कई जगह युवा कार्यकर्ता देशभक्ति के गीतों पर तिरंगा लहराते हुए दिखाई दिए।

महिलाओं और बच्चों की भी भागीदारी खास रही।

खासकर लालघाटी और न्यू मार्केट इलाके में बड़ी संख्या में लोग राहुल गांधी के स्वागत के लिए जुटे थे।

रेड क्रॉस चौराहे पर ढोल-नगाड़ों और लोक नृत्य के साथ स्वागत की तैयारी की गई थी।

नानके पेट्रोल पंप के पास मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान हाथों में जातिगत जनगणना की तख्ती लेकर खड़े देखे गए।

धक्कामुक्की के दौरान गिर गए कुछ लोग

राहुल गांधी के दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

एयरपोर्ट से कांग्रेस दफ्तर जाते समय उनके काफिले को कई बार कार्यकर्ताओं ने रोकने की कोशिश की।

इस दौरान शिवाजी नगर और खानू गांव में भारी भीड़ जमा हो गई।

उत्साहित कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर राहुल गांधी की गाड़ी के सामने आकर नारेबाजी शुरू कर दी।

स्थिति ऐसी बन गई कि धक्का-मुक्की के बीच कुछ कार्यकर्ता सड़क पर गिर भी गए।

मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति संभालते हुए रास्ता साफ कराया, जिसके बाद राहुल का काफिला आगे बढ़ सका।

6 घंटे में 3 बैठकें, ये है पूरा शेड्यूल

राहुल गांधी करीब 6 घंटे भोपाल में रहेंगे और पीसीसी में तीन बैठकें लेंगे।

सबसे पहले राहुल ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

पीसीसी में सबसे पहले पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक होगी।

इस बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित समिति के सदस्य शामिल होंगे।

हालांकि, नकुलनाथ इसमें शामिल होने के लिए नहीं पहुंचे हैं।

इसके बाद विधायकों के साथ बैठक होगी और फिर पर्यवेक्षकों, प्रभारियों के साथ राहुल बात-चीत करेंगे।

दोपहर बाद राहुल गांधी रवीन्द्र भवन में AICC डेलीगेट्स, PCC डेलीगेट्स जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों के अधिवेशन को संबोधित करेंगे।

एमपी में राहुल का यह एक दिवसीय दौरा पूरी तरह संगठनात्मक है।

पूरा फोकस मौजूदा स्थिति समझकर आगे पार्टी के रिकंस्ट्रक्शन पर रहेगा।

संगठन सृजन अभियान, 2028 की तैयारी

अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” की रूपरेखा साझा करने के साथ पार्टी के ढांचे को मजबूत करने की दिशा में मार्गदर्शन करेंगे।

कांग्रेस का लक्ष्य है जनता से जुड़े नेताओं को आगे लाना और संगठन को हर बूथ तक मजबूत बनाना।

इस अभियान के तहत एआईसीसी ने 61 और एमपी कांग्रेस ने 165 ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं।

ये सभी 226 पर्यवेक्षक अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों में जाकर पार्टी की जमीनी स्थिति का मूल्यांकन करेंगे।

इसके अलावा राहुल के इस दौरे को 2028 की तैयारी के रुप में भी देखा जा रहा है।

राहुल गांधी के दौरे पर नेताओं ने ये कहा

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा – राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है। आज पूरा भोपाल राहुल गांधीमय हो गया है और संगठन को नीचे तक मजबूत करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।

पूर्व मंत्री तरुण भनोट – आज की बैठक में पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी। हमारा उद्देश्य है कि कांग्रेस को दोबारा जनविश्वास मिले और पार्टी की सरकार बने।

जौरा विधायक पंकज उपाध्याय – 2028 में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कि संगठन सृजन अभियान इस दिशा में निर्णायक साबित होगा।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजभान – राहुल गांधी ने देश में जातिगत जनगणना के मुद्दे को मजबूती से उठाया और सरकार को झुकने पर मजबूर किया। संगठन सृजन अभियान के जरिए कांग्रेस का नया नेतृत्व उभरेगा। वे नेता मजबूत होंगे, जो जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं।

- Advertisement -spot_img