बांग्लादेश में 20 साल बाद BNP की जीत: तारिक रहमान का PM बनना तय
बांग्लादेश में गुरुवार को हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बड़ी जीत दर्ज की है।
BNP ने 299 सीटों में से 209 हासिल कर बहुमत के लिए जरूरी 150 के आंकड़े को पार कर लिया।
अब तक 286 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं।
जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन को अब तक 70 सीटें मिली हैं।
जमात प्रमुख शफीकुर रहमान ने ढाका-15 सीट से जीत दर्ज की है।
देश में करीब 20 साल बाद BNP की सरकार बनी है। 2008 से 2024 तक वहां शेख हसीना की आवामी लीग सत्ता में थी।
इस जीत के साथ पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे और BNP अध्यक्ष तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
तारिक ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत हासिल की है। वे पिछले साल दिसंबर में 17 साल बाद देश लौटे थे।
प्रधानमंत्री ऑफिस आज सेवा तीर्थ में शिफ्ट होगा: PM करेंगे उद्घाटन; साउथ ब्लॉक में आखिरी कैबिनेट मीटिंग रखी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नए प्रधानमंत्री ऑफिस ‘सेवा तीर्थ’ में शिफ्ट होंगे।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, मोदी दोपहर करीब 1:30 बजे ‘सेवा तीर्थ’ बिल्डिंग कॉम्पलेक्स के नाम का अनावरण करेंगे।
फिर शाम करीब 6 बजे सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन-1 और 2 का उद्घाटन करने के बाद एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
कर्तव्य भवन-1 और 2 में केंद्र सरकार के मंत्रालयों के नए ऑफिस होंगे।
वर्तमान में PMO और मंत्रालयों के ऑफिस नई दिल्ली स्थित सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में है।
ये दोनों इमारतें करीब 78 सालों से देश की सत्ता का केंद्र रही हैं।
शुक्रवार को यहां सरकार के कामकाज का आखिरी दिन होगा।
सेवा तीर्थ में शिफ्ट होने से पहले PM मोदी साउथ ब्लॉक में केंद्रीय कैबिनेट की विशेष बैठक करेंगे।
यह बैठक शुक्रवार शाम 4 बजे तय है। यह ब्रिटिश काल की सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग में आखिरी कैबिनेट बैठक होगी।
इमरान खान की एक आंख की 85% रोशनी खत्म: कोर्ट के ऑर्डर पर हुई जांच
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की एक आंख की करीब 85% रोशनी चली गई है।
यह खुलासा पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई जांच में हुआ है।
सुप्रीम कोर्ट की तरफ से नियुक्त वकील सलमान सफदर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इमरान खान जेल प्रशासन से कई महीनों आंखों में धुंधलापन होने की शिकायत कर रहे थे।
अक्टूबर 2025 तक उनकी नजर सामान्य थी, लेकिन बाद में दाईं आंख की रोशनी अचानक चली गई।
जांच के दौरान पिम्स अस्पताल के एक आई एक्सपर्ट को बुलाया गया। डॉक्टरों ने पाया कि उनकी आंख में खून का थक्का जम गया था, जिससे गंभीर नुकसान हुआ।
इलाज और इंजेक्शन देने के बाद भी उनकी दाईं आंख में अब सिर्फ लगभग 15% रोशनी बची है।
वहीं इमरान का कहना है उन्हें निजी डॉक्टर से इलाज कराने की इजाजत नहीं दी गई है।
‘अरावली से कोई छेड़छाड़ नहीं’ CJI सूर्यकांत ने जंगल सफारी प्रोजेक्ट को गलत ठहराते हुए किया रिजेक्ट
सुप्रीम कोर्ट ने अरावली माउंटेन रेंज में प्रस्तावित जंगल सफारी परियोजना को खारिज कर दिया है.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने साफ कहा कि जब तक अरावली की साफ परिभाषा तय नहीं होती, तब तक वहां किसी भी तरह का निर्माण या परियोजना मंजूर नहीं की जाएगी.
सुप्रीम कोर्ट ने अरावली माउंटेन रेंज में प्रस्तावित जंगल सफारी परियोजना पर सख्त रुख अपनाते हुए इसे मंजूरी देने से इनकार कर दिया है.
अदालत ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक उसकी सीमाएं और परिभाषा को एक्सपर्ट्स साफ नहीं कर देते हैं तब तक अरावली को कोई छू भी नहीं सकता.
30 फीट गहरे तालाब में गिरी कार, 3 बारातियों की मौत: विदिशा में 7 घायल
मध्यप्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर रात बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में जा गिरी।
हादसे में 3 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी।
टवेरा कार में कुल 10 लोग सवार थे। गाड़ी तेज रफ्तार में थी। अंधेरा होने के कारण ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया।
कार सड़क से सीधे 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी।
राजपाल को यूपी पुलिस ASP अनुज चौधरी ने की मदद: सैलरी से दिए 51 हजार
राजपाल यादव इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उनकी जमानत याचिका कोर्ट से खारिज हो गई।
दूसरी ओर वह आर्थिक तंगी का भी सामना कर रहे हैं। बॉलीवुड स्टार्स लगातार उनकी मदद कर रहे हैं।
इसी बीच अब संभल से चर्चा में आए ASP अनुज चौधरी ने एक्टर की मदद की, जिसके बाद उनकी सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है।
फिरोजाबाद में तैनात ASP अनुज चौधरी ने राजपाल ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह कहते हैं, मैं राजपाल यादव जी की कॉमेडी से व्यक्तिगत प्रभावित हूं। मैंने उनकी कई फिल्में देखी हैं। जिसमें मुझे उनसे अच्छा कलाकार कोई नहीं लगा।
इस कठिन समय में मैं अपनी तरफ से उनको सहयोग के रूप में 51,000 रुपए अपनी सैलरी अकाउंट से देना चाहता हूं।
मध्य प्रदेश कम हो रहा है सर्दी का असर, पारा 30°C पार: रात में भी टेम्परेचर बढ़ा
पहाड़ों में भले ही बर्फबारी हो रही हो, लेकिन मध्य प्रदेश में सर्दी का असर खत्म होने लगा है।
15 से ज्यादा शहरों में दिन का टेम्पेरेचर 30 डिग्री पार पहुंच चुका है, तो रात में 10 डिग्री से ज्यादा है।
अगले 2 दिन तक हल्की ठंड जरूर रहेगी, लेकिन फिर न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो जाएगी।
हालांकि, मौजूदा सिस्टम की वजह से प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में हल्के बादल छाए हुए हैं।
बुधवार को कुछ जिलों में मौसम का का मिजाज बदला हुआ रहा। गुरुवार को भी बादल छा सकते हैं।


