बांग्लादेश- नवनिर्वाचित सांसदों ने शपथ ली: शाम को रहमान पीएम पद की शपथ लेंगे
बांग्लादेश की 13वीं नेशनल पार्लियामेंट के नवनिर्वाचित सदस्यों ने मंगलवार को नेशनल पार्लियामेंट के साउथ प्लाजा में शपथ ली।
मुख्य समारोह शाम 4 बजे शुरू होगा। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन निर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान और उनके शुरुआती मंत्रिमंडल को पद की शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए 13 देशों को आधिकारिक न्योता भेजा गया है, जिनमें भारत, चीन, पाकिस्तान जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
भारत की ओर से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला जा रहे हैं। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिश्री भी शामिल होंगे।
भारत-फ्रांस के बीच 3.25 लाख करोड़ की डील आज: भारत को 114 राफेल मिलेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की आज मुंबई में मुलाकात होगी।
इस दौरान दोनों देशों के बीच 3.25 लाख करोड़ रुपए की डिफेंस डील होगी।
यह डील कीमत के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी सैन्य खरीद होगी। इसके तहत भारत को 114 राफेल फाइटर जेट मिलेंगे।
आज होने वाली बैठक में रक्षा, समुद्री सहयोग, इंडो-पैसिफिक रणनीति, उभरती तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। यह बैठक दोपहर 3:15 बजे मुबंई के लोक भवन में होगी।
दोनों नेता शाम 5:15 बजे वे भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर 2026 का उद्घाटन करेंगे।
साथ ही दोनों देशों के उद्योगपतियों, स्टार्टअप फाउंडर्स, रिसर्च एक्सपर्ट्स और इनोवेशन से जुड़े लोगों को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रपति मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत के दौरे पर रहेंगे।
इस दौरान वे दिल्ली में AI इम्पैक्ट समिट में भी हिस्सा लेंगे।
चेक बाउंस मामले में अमीषा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी: एक्ट्रेस बोलीं- मामला पहले ही सुलझ चुका है
चेक बाउंस मामले में एक्ट्रेस अमीषा पटेल की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2017 के एक इवेंट विवाद से जुड़े मामले में मुरादाबाद की अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अमीषा पटेल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया।
उन्होंने लिखा, मीडिया में मुरादाबाद में पवन वर्मा द्वारा की गई कुछ कार्यवाही को लेकर खबरें चल रही हैं। मैं सभी को बताना चाहती हूं कि यह बहुत पुराना मामला है, जिसमें पवन वर्मा ने सालों पहले समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए थे और पूरी सहमति राशि प्राप्त कर ली थी।
उन्होंने आगे कहा, इसके बावजूद उन्होंने झूठे आरोप लगाकर फिर से मामला शुरू कर दिया है। मेरे वकील उनके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करेंगे ताकि सच्चाई सामने आ सके। मैं इन बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस करना चाहती हूं और ऐसे लोगों को नजरअंदाज करूंगी जो झूठ बोलकर पब्लिसिटी पाने की कोशिश करते हैं।
एमपी में 2 दिन बारिश का अलर्ट, गेहूं-प्याज की फसल को नुकसान का डर
देवास में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज बदल गया है।
मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं।
अचानक आए इस बदलाव से किसान चिंतित हैं। मौसम विभाग ने उज्जैन संभाग के कई जिलों में अगले दो दिनों में बारिश की संभावना जताई है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


