तारिक रहमान बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री बने: 25 कैबिनेट और 24 राज्य मंत्री सरकार में शामिल होंगे
बांग्लादेश में BNP अध्यक्ष तारिक रहमान ने देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली।
शपथ ग्रहण के साथ ही देश में नई सरकार का औपचारिक गठन हो गया।
सरकार में 25 कैबिनेट मंत्री और 24 राज्य मंत्री शामिल होंगे। इसमें हिंदू नेता निताई रॉय चौधरी भी शामिल हैं।
निताई रॉय चौधरी BNP के प्रमुख उपाध्यक्षों में शामिल हैं और शीर्ष नेतृत्व के वरिष्ठ रणनीतिक सलाहकार माने जाते हैं।
बांग्लादेश के आम चुनाव में कुल 4 अल्पसंख्यक समुदाय के उम्मीदवार सांसद चुने गए हैं। इनमें दो हिंदू, जबकि दो अन्य बौद्ध समुदाय से हैं।
हिंदू नेता में गोयेश्वर चंद्र रॉय और उनके समधी निताई रॉय चौधरी BNP की टिकट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे।
PM मोदी मुंबई में फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों से मिले: भारत-फ्रांस के बीच ₹3.25 लाख करोड़ की डील संभव
पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मुंबई के लोक भवन में बैठक शुरू हो गई है।
इस बातचीत का मकसद भारत और फ्रांस के बीच साझेदारी को और मजबूत बनाना है।
भारत और फ्रांस के बीच आज करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये की बड़ी रक्षा डील हो सकती है।
कीमत के हिसाब से यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी सैन्य डील मानी जा रही है। इस समझौते के तहत भारत को 114 राफेल फाइटर जेट मिलेंगे।
इसके अलावा मीटिंग में रक्षा, समुद्री सहयोग, इंडो-पैसिफिक रणनीति, उभरती तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।
दोनों नेता मिलकर शाम 5:15 बजे ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’ की शुरुआत भी करेंगे।
इसके अलावा वे दोनों देशों के उद्योगपतियों, स्टार्ट-अप्स, शोधकर्ताओं और इनोवेशन से जुड़े लोगों को संबोधित करेंगे।
चेक बाउंस मामले में अमीषा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी: एक्ट्रेस बोलीं- मामला पहले ही सुलझ चुका है
चेक बाउंस मामले में एक्ट्रेस अमीषा पटेल की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2017 के एक इवेंट विवाद से जुड़े मामले में मुरादाबाद की अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अमीषा पटेल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया।
उन्होंने लिखा, मीडिया में मुरादाबाद में पवन वर्मा द्वारा की गई कुछ कार्यवाही को लेकर खबरें चल रही हैं। मैं सभी को बताना चाहती हूं कि यह बहुत पुराना मामला है, जिसमें पवन वर्मा ने सालों पहले समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए थे और पूरी सहमति राशि प्राप्त कर ली थी।
उन्होंने आगे कहा, इसके बावजूद उन्होंने झूठे आरोप लगाकर फिर से मामला शुरू कर दिया है। मेरे वकील उनके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करेंगे ताकि सच्चाई सामने आ सके। मैं इन बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस करना चाहती हूं और ऐसे लोगों को नजरअंदाज करूंगी जो झूठ बोलकर पब्लिसिटी पाने की कोशिश करते हैं।
एमपी में 2 दिन बारिश का अलर्ट, गेहूं-प्याज की फसल को नुकसान का डर
देवास में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज बदल गया है।
मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं।
अचानक आए इस बदलाव से किसान चिंतित हैं। मौसम विभाग ने उज्जैन संभाग के कई जिलों में अगले दो दिनों में बारिश की संभावना जताई है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


