नेपाल में बड़ा सड़क हादसा, काठमांडू जा रही बस नदी में गिरी, 18 लोगों की मौत
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में बड़ा सड़क हादसा हुआ है।
पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी बस त्रिशूली नदी में गिर गई है। हादसे में 18 लोगों की मौत हुई है।
वहीं 27 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें हादसास्थल से रेस्कयू करके अस्पताल पहुंचाया गया है।
मृतकों में 6 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने हादसे का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
मेक्सिको में सेना ने सबसे बड़े ड्रग माफिया को मारा
मेक्सिको में सेना ने रविवार को एक ऑपरेशन चलाकर देश के सबसे बड़े ड्रग माफिया सरगना एल मेंचो को मार गिराया।
इसके बाद देशभर में आगजनी और हिंसा शुरू हो गई है।
मेंचो के समर्थकों ने बदला लेने के लिए हाईवे को जाम कर दिया है और गाड़ियों में तोड़फोड़ कर रहे हैं।
तलपला शहर में सेना के ऑपरेशन के दौरान वह घायल हो गया था। उसे एयरलिफ्ट कर मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
इस ऑपरेशन में मेंचो के अलावा कम से कम और 9 अपराधी भी मारे गए हैं।
तेजस विमान का ब्रेक फेल, रनवे से आगे निकला: लैंडिंग के दौरान हादसा
इंडियन एयर फोर्स (IAF) का हल्का लड़ाकू विमान तेजस लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया।
शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि घटना 7 फरवरी की है। जानकारी अब सामने आई है।
विमान ट्रेनिंग उड़ान के बाद एयरबेस पर लौट रहा था। लैंड करते ही पायलट ने ब्रेक लगाने की कोशिश की। जब ब्रेक नहीं लगा तो विमान रनवे से बाहर निकल गया।
दुर्घटना से पहले पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया। विमान को नुकसान पहुंचा है। हादसा किस एयरबेस पर हुआ, ये जानकारी सामने नहीं आई।
हादसे पर IAF की तरफ से कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है।
अलंकार अग्निहोत्री आज करेंगे अपनी पार्टी का ऐलान, UGC नियमों के खिलाफ इस्तीफा देकर हुए थे चर्चित
बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देकर चर्चा में आए अलंकार अग्निहोत्री अब राजनीति के मैदान में उतरने जा रहे हैं।
वे आज वृंदावन में अपनी नई राजनीतिक पार्टी के नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे।
अग्निहोत्री ने बताया कि उनकी पार्टी का नाम भगवान राम और भगवान कृष्ण के नामों के अद्भुत संगम से मिलकर बना है।
पार्टी का ऐलान करने से पहले वे बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करेंगे और आशीर्वाद लेंगे।
लंबे मंथन के बाद बनाई गई इस पार्टी का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना होगा।
रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा ने शादी की कन्फर्म: वेडिंग का नाम रखा ‘विरोश की शादी’
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा शादी करने जा रहे हैं।
लंबे समय से चल रही शादी की खबरों पर अब कपल ने खुद मुहर लगा दी है।
दोनों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी वेडिंग का टाइटल ‘Virosh’ रखने का ऐलान किया है।
रश्मिका और विजय ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए पोस्ट में लिखा, हमारे सबसे प्यारे अपनों, इससे पहले कि हम कोई प्लान बनाते या अपने लिए कुछ तय करते आप पहले से ही हमारे साथ थे। आपने हमें ढेर सारे प्यार से एक नाम दिया विरोश। इसलिए आज पूरे दिल से हम अपने इस मिलन को आपके सम्मान में एक नाम दे रहे हैं। हम इसे नाम दे रहे हैं ‘VIROSH की शादी’। हमें इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद। आप हमेशा हमारे एक हिस्से रहेंगे। ढेर सारा प्यार।
MP समेत 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट: राजस्थान-झारखंड के 3 जिलों में पारा 34° पार
देश में फरवरी के आखिरी हफ्ते में 3 तरह का मौसम चल रहा है।
उत्तर भारत में बर्फबारी और कोहरे का असर है। मैदानी राज्यों में दिन का टेम्परेचर 34°C से ज्यादा पहुंच चुका है।
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया के कारण आज मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत पूर्व-पश्चिम भारत के 10 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट है।
मध्य प्रदेश में फरवरी में चौथी बार बारिश की संभावना है। आज भी 8 जिलों में बारिश की अलर्ट है।
फरवरी के शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर रह चुका है।
इधर, राजस्थान के बाड़मेर, झारखंड के सरायकेला-चाईबासा में फरवरी में ही पारा 34°C से ज्यादा रहा। नॉर्थ ईस्ट में सिक्किम में रविवार को बर्फबारी हुई।


