भाजपा बोली- ओवैसी बंगाल में घुसने की कोशिश कर रहे: तमिलनाडु- AIADMK की पहली लिस्ट जारी
पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के लिए AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के कोलकाता पहुंचने पर BJP नेता दिलीप घोष ने कहा, ओवैसी लंबे समय से बंगाल में घुसने की कोशिश कर रहे हैं।
कई पार्टियां दूसरी जगहों पर सफल हुई हैं, लेकिन बंगाल में लोग किसी को जल्दी स्वीकार नहीं करते। उन्हें काम करना होगा, लड़ना होगा, फिर बंगाल उन्हें स्वीकार करेगा।
दरअसल, ओवैसी की पार्टी ने बंगाल में पूर्व टीएमसी नेता हुमांयू कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी से गठबंधन किया है।
VIDEO | West Bengal polls: “People of Bengal suffocated, will provide alternative they’re looking for”, says AIMIM chief Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) after declaring alliance with Humayun Kabir.
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/6NeXOiyykS
— Press Trust of India (@PTI_News) March 25, 2026
तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी AIADMK ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।
AIADMK ने बताया कि पार्टी प्रमुख पलानीस्वामी अपने गृह क्षेत्र, सेलम की एडप्पाडी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
दिल्ली में कांग्रेस के 2 दफ्तरों को खाली करने का मिला नोटिस
दिल्ली में कांग्रेस के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी होने वाली है। कांग्रेस को दो ऑफिसों को खाली करने का नोटिस मिला है।
कांग्रेस के पुराने ऑफिस यानी 24 अकबर रोड और यूथ कांग्रेस के ऑफिस 5 रायसीना रोड को खाली करने का नोटिस मिला है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंदिरा भवन में नया दफ्तर शिफ्ट होने के बाद से कांग्रेस ने 24 अकबर रोड बंगले को खाली नहीं किया था। यहां भी पहले की तरह ही पार्टी की गतिविधियां चल रही हैं।
इसपर पार्टी सांसद इमरान मसूद ने कहा कि सरकार सोच रही है कि हम पर दबाव बनाकर वह कांग्रेस को चुप करा सकती है। उन्हें हमें डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
क्योंकि वे ईरान युद्ध के संबंध में कुछ नहीं कर पाए हैं, इसलिए वे इस मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
कुवैत के एयरपोर्ट पर ईरान का ड्रोन अटैक: इराकी लड़ाकों का अमेरिका के 23 ठिकानों पर हमला
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 26वां दिन है। ईरान ने मंगलवार रात कुवैत के इंटरनेशनल एयरपोर्ट ड्रोन अटैक किया, जिससे वहां मौजूद फ्यूल टैंक में आग लग गई।
कुवैत की सेना ने जवाबी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं धमाके की आवाज सुनाई दे रही है, तो वह दुश्मन के ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने की वजह से है।
सेना ने लोगों से अपील की है कि वे सरकार के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। इससे पहले कुवैत के नेशनल गार्ड ने बताया कि उसने अपने इलाके में 5 ड्रोन मार गिराए हैं।
वहीं, इराक के एक उग्रवादी समूह इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक ने कहा है कि उसने पिछले 24 घंटे में अमेरिका से जुड़े 23 ठिकानों पर हमले किए हैं।
ग्रुप के मुताबिक, इन हमलों में ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, इन हमलों से कितना नुकसान हुआ, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इच्छामृत्यु के बाद हरीश राणा का अंतिम संस्कार: अंगदान से 6 को नई जिंदगी मिलेगी
इच्छामृत्यु पाने वाले गाजियाबाद के हरीश राणा का अंतिम संस्कार हो गया।
दिल्ली के ग्रीन पार्क श्मशान घाट में बुधवार सुबह 9.40 बजे छोटे भाई आशीष ने मुखाग्नि दी।
इससे पहले, हरीश का पार्थिव शरीर श्मशान घाट लाया गया। पिता अशोक राणा (62) ने बेटे हरीश को आखिरी बार प्रणाम किया। पिता ने रोते हुए लोगों से हाथ जोड़कर कहा- कोई रोना मत। बेटा शांति से जाए, इसलिए प्रार्थना कर रहा हूं।
31 साल के हरीश ने कल यानी 24 मार्च को दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली थी। वे 13 साल से कोमा में थे।
डॉक्टर्स के मुताबिक परिवार ने हरीश के फेफड़े, दोनों किडनी और कॉर्निया दान किया है। इससे 6 लोगों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है।
हरीश को एम्स में पैसिव यूथेनेशिया दिया गया। इसका मतलब होता है कि किसी गंभीर रूप से बीमार मरीज को जिंदा रखने के लिए जो बाहरी लाइफ सपोर्ट या इलाज दिया जा रहा है, उसे रोक दिया जाए या हटा लिया जाए, ताकि मरीज की प्राकृतिक रूप से मौत हो सके।
MP में तापमान 38°C पहुंचा, राजस्थान में बारिश की संभावना: हिमाचल में लगातार 5 दिन बारिश का अलर्ट
देश में बारिश और तेज गर्मी दोनों का असर देखने को मिल रहा है।
वेस्टर्न डिस्टर्वेंस एक्टिव होने से मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, यूपी में 27 मार्च के बाद से बारिश की संभावना बन रही है।
साथ ही इन राज्यों में दिन का तापमान भी फिर से बढ़ने लगा है।
मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम और ट्रफ की वजह से बादल भी छाए और गर्मी भी रही। दिन का तापमान 38°C पहुंचा। 27-28 मार्च को आंधी-बारिश का अलर्ट है।
वहीं, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड में तापमान बदला है। राज्य में 24 घंटे में 7°C बढ़ा है। सबसे ज्यादा तापमान सरायकेला में 35.9°C रहा।
हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
