Delhi CM Oath: अब से दिल्ली की नई मुख्यमंत्री 50 साल की रेखा गुप्ता जिंदल हैं।
रामलीला मैदान में उन्होंने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
इसी के साथ रेखा दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला सीएम बन गई हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रवेश वर्मा समेत 6 कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली।
इस कार्यक्रम में पीएम मोदी, अमित शाह के अलावा BJP शासित 21 राज्यों के CM और डिप्टी CM भी मौजूद रहे।
वहीं AAP नेता अरविंद केजरीवाल और आतिशी शपथ समारोह में नहीं पहुंचे।
‘रेखा सरकार‘ के मंत्रियों ने मंच से लगाए अलग-अलग नारे
दिल्ली में रेखा सरकार का राजतिलक हो चुका है।
रामलीला मैदान में दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलावा 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली।
इनमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल है।
सीएम सहित सभी 6 मंत्रियों को उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मा. प्रधानमंत्री श्री Narendra Modi जी के मार्गदर्शन में 'विकसित दिल्ली' के संकल्प के साथ आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की आकांक्षाओं को साकार करने का अवसर है।
माननीय प्रधानमंत्री जी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका… pic.twitter.com/G7pPEJYm0d
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) February 20, 2025
इस दौरान रेखा गुप्ता को छोड़कर मंच पर आए हर मंत्री ने शपथ के अंत में अलग- अलग नारा लगाया।
जहां आशीष सूद ने शपथ लेने के बाद ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाया।
वहीं प्रवेश वर्मा ने शपथ के बाद ऊंची आवाज में ‘जय हिंद’ कहा।
Congratulations to Shri Parvesh Sahib Singh Ji, Shri Ashish Sood Ji, Sardar Manjinder Singh Sirsa Ji, Shri Ravinder Indraj Singh Ji, Shri Kapil Mishra Ji and Shri Pankaj Kumar Singh Ji on taking oath as Ministers in the Delhi Government. This team beautifully mixes vigour and… pic.twitter.com/S7fUjnVeR5
— Narendra Modi (@narendramodi) February 20, 2025
इसके अलावा रविंद्र इंद्राज सिंह ने शपथ पूरी होने के बाद ‘जय श्री राम’ का नारा लगाया।
जबकि मनजिंदर सिंह सिरसा ने शपथ के बाद ‘भारत माता की जय’ और ‘वाहे गुरु दी फतह’ का नारा लगाकर विराम दिया।
वहीं पंकज कुमार सिंह ने पूरी शपथ लेने के बाद ‘जय सियाराम’ का नारा लगाया।
दिल्ली चौथी महिला CM ने कहा- शीशमहल में नहीं रहूंगी
सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं।
इसके के साथ वह दिल्ली में भाजपा की भी चौथी मुख्यमंत्री हैं।
उनसे पहले बीजेपी से मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज सीएम रहे हैं।
यह पार्टी के लिए भी ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि बीजेपी 27 साल बाद राजधानी में सत्ता में वापस लौटी है।

शालीमार बाग सीट से पहली बार की विधायक रेखा गुप्ता ने AAP की वंदना कुमारी को 29 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।
वहीं, दिल्ली की नई सीएम ने साफ कर दिया है कि वह शीशमहल में नहीं रहेंगी।
बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को भाजपा ने शीशमहल नाम दिया था।
भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था।
भाजपा का आरोप है कि केजरीवाल ने इसे बनवाने में नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपए खर्च किए थे।
इन 3 वजहों के कारण रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की CM
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 12वें दिन मुख्यमंत्री का नाम फाइनल किया गया।
बुधवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुना गया था।
PM मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी और हरियाणा CM जैसे भाजपा दिग्गजों ने उनके लिए प्रचार किया था।
दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के तौर पर RSS ने रेखा गुप्ता का नाम आगे बढ़ाया था, जिस पर बीजेपी ने मुहर लगाई।

इसके अलावा तीन और मुख्य वजहें है जिसके कारण रेखा गुप्ता को दिल्ली के मुख्यमंत्री की कर्सी मिली है।
पहली वजह: केजरीवाल की तरह वैश्य
रेखा भी पूर्व CM अरविंद केजरीवाल की तरह वैश्य हैं।
दिल्ली में वैश्य समुदाय व्यापार में होल्ड रखता है।
ये हमेशा BJP का कोर वोटर माना जाता है।
इसी वजह से भाजपा के तीन नेताओं के नाम CM पद की दौड़ में थे।
इनमें रेखा गुप्ता के अलावा विजेंद्र गुप्ता और जीतेन्द्र महाजन का नाम था।
दूसरी वजह: महिला वोट बैंक
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 48 सीटें जीतीं और कुल 45.56% वोट मिला।
इसका बड़ा कारण यह भी रहा कि भाजपा ने महिलाओं के लिए कई योजनाओं की घोषणा की थीं।
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी आश्वासन दिया है कि उनकी सरकार महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक सहायता प्रदान करने के अपने वादे को पूरा करेगी।
मासिक सहायता की पहली किस्त 8 मार्च तक पात्र महिलाओं के खातों में जमा कर दी जाएगी।
तीसरी वजह: बीजेपी को चहिए थी महिला सीएम
दिल्ली में अब तक 3 महिला CM शीला दीक्षित, सुषमा स्वराज और आतिशी रहीं हैं।
भाजपा ने रेखा को CM बनाकर महिलाओं को साधने की कोशिश की है।
इससे पहले देश में एनडीए की कोई महिला मुख्यमंत्री नहीं थी।
इसलिए सीएम पद की रेस में AAP के दिग्गज नेता सौरभ भारद्वाज को हराने वाली शिखा राय का नाम भी शामिल था।
हरियाणा ने दिल्ली को दिया तीसरा CM
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का परिवार हरियाणा में जींद जिले से संबंध रखता है।
यह पहली बार नहीं है, अब तक हरियाणा देश की राजधानी दिल्ली को तीन मुख्यमंत्री दे चुका है।
इससे पहले सुषमा स्वराज और अरविंद केजरीवाल का नाता भी हरियाणा से रहा है।
जहां सुषमा का जन्म अंबाला में हुआ, वहीं अरविंद केजरीवाल हिसार जिले के सिवानी मंडी में पैदा हुए।
सुषमा स्वराज और रेखा गुप्ता दोनों में कुछ कॉमन बातें हैं।
पहली दोनों ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी रहीं।
दूसरी दोनों कानून की पढ़ाई के बाद वकील रहीं।
तीसरी सुषमा की तरह ही रेखा गुप्ता भी मुखर वक्ता हैं।
रेखा गप्ता दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं।
छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत करने वाली रेखा साल 2015 और साल 2020 में शालीमार बाग सीट से विधायक का चुनाव हार गई थी।

बता दें रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव में हुआ था।
रेखा के पिता जयभगवान 1972-73 में बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर बने।
उन्हें दिल्ली में ड्यूटी मिली और इसके बाद पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया।
रेखा की स्कूली पढ़ाई दिल्ली में ही हुई।
उन्होंने दिल्ली के ही दौलत राम कॉलेज से बीकॉम किया।
इसके बाद एलएलबी की पढ़ाई भी की।
उन्होंने कुछ समय तक वकालत भी की।
रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव व प्रधान रह चुकी हैं।
रेखा दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रह चुकी हैं।
रेखा को दिल्ली की सियासत का अच्छा खासा अनुभव है।
इसलिए उन्हें पहले से ही दिल्ली की सीएम का मुख्य दावेदार माना जा रहा था।