HomebreakingnewsTOP NEWS: भारत और ब्रिटेन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ: 99%...

TOP NEWS: भारत और ब्रिटेन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ: 99% भारतीय सामानों को टैरिफ में राहत

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 13 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

भारत और ब्रिटेन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ: 99% भारतीय सामानों को टैरिफ में राहत

भारत और ब्रिटेन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) हो गया है।

PM मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की मौजूदगी में गुरुवार को लंदन में एग्रीमेंट पर दस्तखत हुए।

इसे लेकर दोनों देशों के बीच 3 साल से बातचीत चल रही थी।

समझौते के बाद नेताओं ने एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

इस दौरान पीएम मोदी ने समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए खुशी जताई।

उन्होंने कहा कि कई वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद, आज हमारे दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

कंबोडियाई सैनिकों की गोलीबारी में 12 थाई लोगों की मौत

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच आज सुबह सीमा पर गोलाबारी हुई है।

कंबोडियाई सैनिकों की गोलीबारी में 12 थाई लोगों की मौत हो गई है। वहीं,14 घायल हैं।

थाईलैंड ने जवाब में कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। दोनों देशों ने एक दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगाया है।

कंबोडिया के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि थाई सैनिकों ने सुबह गोलीबारी की, जबकि थाई सेना ने कहा कि कंबोडिया ने पहले ड्रोन से हमला किया और फिर तोप और लंबी दूरी के BM21 रॉकेटों से हमला किया।

हमले को देखते हुए थाईलैंड ने बॉर्डर पर F-16 लड़ाकू विमान तैनात किया है। इस साल 28 मई को बॉर्डर पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच भिड़ंत हुई थी, जिसमें एक कंबोडियाई सैनिक की मौत हो गई थी।

इसके बाद से दोनों देशों के बीच विवाद जारी है। इसी विवाद की वजह से इंडोनेशिया की पीएम पाइतोंग्तार्न शिनवात्रा को भी पद से हटाया गया था।

रूस का पैसेंजर प्लेन चीन की सीमा पर क्रैश: सभी 49 की मौत

रूस का एक यात्री विमान चीन की सीमा के पास क्रैश हो गया है।

हादसे में विमान में सवार 49 लोगों की मौत हो गई है। इसमें 43 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। यात्रियों में 5 बच्चे भी शामिल थे

बचावकर्मियों को टिंडा से लगभग 16 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी पर रूसी यात्री विमान का मलबा मिला है।।

रॉयटर्स के मुताबिक ये विमान रूस के पूर्वी अमूर क्षेत्र में उड़ रहा था। अमूर के गवर्नर वासिली ओरलोव ने टेलीग्राम पर बताया कि लापता विमान अंगारा एयरलाइंस का है।

हिमाचल में फिर लैंडस्लाइड: अब तक 137 की मौत, हरियाणा में अलग-अलग नहरों से 4 शव मिले

मौसम विभाग ने गुरुवार को आठ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

महाराष्ट्र में रेड, जबकि बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट है।

वहीं, पिछले 24 घंटों में दिल्ली, गोवा, तेलंगाना सहित 6 राज्यों में सबसे ज्यादा बारिश हुई।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड से दो नेशनल हाईवे समेत कुल 385 सड़कें बंद हैं।

राज्य में 22 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से, अब तक 137 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 34 लापता हैं।

हरियाणा में अलग-अलग जगहों पर नहरों में चार लाशें मिलीं।

दिल्ली-NCR में बीते दिन लगातार बारिश से सड़कों पर तीन फीट तक पानी भर गया। नोएडा में 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

2006 Mumbai Local Train Blast Case में HC के फैसले पर रोक

सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार की याचिका पर विचार करते हुए 2006 के मुंबई ट्रेन ब्लास्ट केस में हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगा दी है।

पिछले दिनों हाई कोर्ट ने सभी 12 आरोपियों को बरी कर दिया था।

महाराष्ट्र सरकार ने हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस पर सुनवाई की और हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी।

हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि हाई कोर्ट का आदेश आने के बाद जेल से छूट चुके आरोपियों को अभी फिर से जेल में नहीं डाला जाएगा।

मुंबई में साल 2006 में लोकल ट्रेन में सीरियल बम ब्लास्ट हुए थे।

इन आतंकी हमलों में 189 लोग मारे गए थे, जबकि 700 से ज्यादा घायल हुए थे।

20 साल बाद हाई कोर्ट ने सभी आरोपियों को रिहा करने का आदेश दिया था। हाई कोर्ट का यह फैसला बीती 21 जुलाई को आया था।

बिहार वोटर्स लिस्ट मुद्दे पर विपक्ष का आज भी हंगामा… प्रियंका वाड्रा बोलीं- हमें बोलने नहीं दिया जाता

Parliament Monsoon Session: लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष का लगातार हंगामा जारी है।

सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि वह हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

यहां तक कि ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए समय भी तय कर दिया गया है, फिर भी विपक्ष के तेवर ठंडे नहीं पड़े हैं।

सद के मानसून सत्र (Parliament Monsoon Session) का गुरुवार को चोथा दिन है।

विपक्षी सासंदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर बिहार वोटर्स लिस्ट मुद्दे (Bihar Voter List Revision) पर विरोध प्रदर्शन किया।

इस विरोध प्रदर्शन में सोनिया गांधी भी शामिल हुईं। इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा प्रदर्शन में नजर आए थे।

वहीं, संसद भवन में प्रवेश करते समय प्रियंका वाड्रा ने मीडिया से बात की।

प्रियंका ने कहा कि विपक्षी नेता जब भी संसद में बोलना चाहते हैं, उन्हें बोलने नहीं दिया जाता।

राजधानी में 28 जुलाई को बड़ा आंदोलन: 13% आरक्षण होल्ड के विरोध में ओबीसी महासभा का ऐलान

मध्यप्रदेश सरकार की ओर से OBC के 13 प्रतिशत आरक्षण होल्ड करने के विरोध में ओबीसी महासभा 28 जुलाई को बड़ा आंदोलन करने जा रही है।

ओबीसी महासभा ने ऐलान किया है वह भोपाल में होल्ड आरक्षण के विरोध में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।

ओबीसी महासभा के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एडवोकेट धर्मेंद्र कुशवाह का कहना है कि मध्य प्रदेश में 90 के दशक में जो आंदोलन चला, उस आंदोलन के माध्यम से 27 प्रतिशत आरक्षण होना चाहिए था।

लेकिन आज तक 27% आरक्षण मध्य प्रदेश में लागू नहीं है जो कि सामाजिक न्याय के खिलाफ है।

जिसके चलते कई ऐसे विद्यार्थी हैं जो इस 13 परसेंट आरक्षण होल्ड के कारण ओवर एज हो चुके हैं।

पारसराम सीमेंट के साथ कई फर्मों पर GST की कार्रवाई, फर्जी बिलों के जरिए लिया ITC का लाभ

मध्यप्रदेश के जबलपुर में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने कई फर्मों में छापेमार कार्रवाई की है।

इन फर्मों ने माल के परिवहन के बिना इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लिया है।

कई कंपनियों द्वारा फर्जी बिल के जरिए आईटीसी का लाभ लिया गया है।

दरअसल कन्हैयालाल अग्रवाल, जे.इंफ्राटेक एवं यर्न इंफ्राटेक को फर्जी तरीके से माल/ मटेरियल सप्लाई की गई।

फर्ज़ी बिलों के संबंध में “पारसराम सीमेंट“ के बाद कई फर्मों पर जीएसटी की छापेमार कार्रवाई की जा रही है।

इनमें शहर के जाने माने सीमेंट एवं सरिया के डीलर एवं कुछ कांट्रैक्टर्स शामिल हैं।

सीएम मोहन अचारपुरा में करेंगे 406 करोड़ के निवेश की 5 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मध्यप्रदेश को औद्योगिक और रोजगार संपन्न राज्य बनाने की पहल रंग ला रही है।

सीएम आज भोपाल के अचारपुरा में 406 करोड़ के निवेश वाली 5 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन करेंगे।

साथ ही 8 उद्योगों के निवेशकों को भूमि आवंटन के आशय-पत्र भी सौपेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत अचारपुरा स्थित गोकलदास एक्सपोर्ट्स की गारमेंट यूनिट के भ्रमण से होगी, जहां लगभग 2500 महिलाएं कार्यरत हैं।

सीएम कार्यरत महिला श्रमिकों से संवाद करेंगे और इकाई में हो रहे उत्पादन कार्यों का अवलोकन करेंगे।

यह इकाई न केवल औद्योगिक गतिविधियों बल्कि महिला सशक्तिकरण का भी एक सफल उदाहरण बनकर उभरी है।

मध्य प्रदेश के 17 जिलों में Heavy Rainfall का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने 34 जिलों में बारिश की भविष्यवाणी की है, जबकि 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट (MP Heavy Rain Alert) जारी किया गया है।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल में कहीं-कहीं भारी बारिश (Heavy Rain Alert in MP) के आसार हैं।

वहीं रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, दतिया, अशोकनगर, भिंड, मुरैना और श्योपुर जिलों में आज बारिश हो सकती है।

- Advertisement -spot_img