Uma Bharti Family Threat: मध्य प्रदेश की कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है।
यह मामला टीकमगढ़ जिले का है, जहां उमा भारती की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी को न केवल सोशल मीडिया पर धमकाया गया, बल्कि नकाबपोश बदमाश उनके घर तक भी जा पहुंचे।
पहले फेसबुक पोस्ट पर दी धमकी
पूरा मामला 21 फरवरी को शुरू हुआ, जब उमिता लोधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की थी।
अगले दिन यानी 22 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे, ‘जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा’ नाम की एक आईडी से उनकी पोस्ट पर बेहद डरावने कमेंट्स आए।

कमेंट करने वाले ने दावा किया कि उसके पास ‘हाइड्रोजन बम’ है और वह इसे बनाना जानता है।
उसने सीधे तौर पर चुनौती देते हुए लिखा, “नेताओं को हम खुद ही मारेंगे, तुम लोगों को मार के ही दम लेंगे। 30 दिन के अंदर बम फोडूंगा।”
धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि पुलिस उसे ढूंढने के बजाय पहले भ्रष्टाचारियों को खोजे।
आधी रात बंगले पर दस्तक
इतना ही नहीं रात करीब 11 बजे, जब उमिता लोधी अपने देहात थाना स्थित बंगले पर थीं, उन्होंने बालकनी से देखा कि दो अनजान युवक बंगले के बाहर खड़े हैं। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।
जैसे ही उन युवकों की नजर उमिता पर पड़ी, उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और चिल्लाकर जान से मारने की धमकी देने लगे।
जब उमिता ने शोर मचाया, तो घर के पास मौजूद अमर सिंह नाम के व्यक्ति वहां पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों नकाबपोश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
चेहरा ढका होने के कारण उनकी पहचान तुरंत नहीं हो सकी। उमिता ने फौरन इसकी जानकारी अपने पति और पूर्व राज्यमंत्री राहुल सिंह लोधी को दी।

पुलिस की कार्रवाई
अगले दिन 23 फरवरी को उमिता लोधी ने देहात थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 351(3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस की साइबर सेल अब उस फेसबुक आईडी की लोकेशन और हिस्ट्री खंगाल रही है, जिससे कमेंट किया गया था।
साथ ही, बंगले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है।
कौन हैं राहुल सिंह लोधी?
राहुल सिंह लोधी, उमा भारती के बड़े भाई हरबल सिंह के बेटे हैं।
वे 2018 में खरगापुर से विधायक रहे हैं और शिवराज सरकार में राज्यमंत्री का पद भी संभाल चुके हैं।
उनकी पत्नी उमिता लोधी खुद राजनीति में सक्रिय हैं और टीकमगढ़ की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।

इस हाई-प्रोफाइल परिवार को मिली धमकी ने जिले के सियासी गलियारों और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है।


