MP Weather Update: मध्य प्रदेश के लोगों को भले ही अभी अधिकारिक तौर पर मानसून के आने का इंतजार हो, लेकिन बादलों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
राज्य में मानसून की एंट्री से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियों के कारण रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की जा रही है।
जून के शुरुआती हफ्ते में ही प्रदेश में तय कोटे से 65% ज्यादा पानी बरस चुका है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस समय तक राज्य में अमूमन औसतन 8.3 मिलीमीटर (लगभग आधा इंच) बारिश होती है।

लेकिन इस बार जून की शुरुआत से ही कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी है।
भोपाल, आगर-मालवा और शाजापुर जैसे जिलों में अब तक करीब 2 इंच पानी गिर चुका है, जबकि नीमच जिला ढाई इंच बारिश के साथ सबसे आगे चल रहा है।
इसके अलावा सतना, सीधी, बुरहानपुर, हरदा, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, सीहोर और श्योपुर में भी 1 इंच या उससे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।

महाराष्ट्र में मानसून की एंट्री, एमपी में इस दिन होगी दस्तक
गर्मी से राहत की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। रविवार को मानसून ने महाराष्ट्र में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है।
इसके बाद अब मध्य प्रदेश में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए रास्ते साफ हो गए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि एमपी में मानसून 15 से 18 जून के बीच कभी भी दस्तक दे सकता है।
वैसे, प्रदेश में मानसून के आने की सामान्य तारीख 15 जून मानी जाती है। पिछले साल यानी 2025 में मानसून सिर्फ एक दिन की देरी से 16 जून को मध्य प्रदेश पहुंचा था।

मौसम विभाग ने साफ किया है कि भले ही अभी प्री-मानसून शावर (Monsoon shower) चल रहा हो, लेकिन मौसम विभाग की डायरी में मानसूनी बारिश का हिसाब-किताब 1 जून से ही शुरू हो जाता है, जो 30 सितंबर तक चलता है।
आज आधे मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का अलर्ट
जून की शुरुआत से ही राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। रविवार को भी देवास और सीहोर समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा।
मौसम केंद्र (IMD) भोपाल के अनुसार, सोमवार को भी राज्य के आधे हिस्से में मौसम खराब रह सकता है।

मौसम विभाग ने ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सागर, दमोह, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी जिलों में तेज आंधी चलने और गरज-चमक के साथ पानी गिरने का अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों के लोगों को मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
