Delhi Election Results 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में तस्वीर अब साफ हो चुकी है।
70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को सिंगल फेज में वोटिंग हुई थी,जिनके नतीजे शनिवार 8 फरवरी को आए।
दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल गई है, पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक जहां भाजपा के पाले में 48 सीटें हैं, वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) के पास 22 सीटें हैं।
बात कांग्रेस की करें, तो इस बार भी पार्टी के हाथ कुछ नहीं लगा, इस चुनाव में भी कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी।
इसके अलावा 5 फरवरी को हुए दो विधानसभा के उपचुनाव के नतीजे भी सामने आए है।
अयोध्या की हार का बदला भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी से मिल्कीपुर विधानसभा सीट छीनकर लिया है।
बीजेपी प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान ने सपा उम्मीदवार अजीत प्रसाद को 61 हजार 636 वोट से हराया।
इधर तमिलनाडु की इरोड ईस्ट विधानसभा सीट पर DMK प्रत्याशी चंद्रकुमार वीसी ने तमिलर काची (NTK) की एमके सीतालक्ष्मी की हराकर जीत दर्ज की है।
केजरीवाल-सिसोदिया हारे, आतिशी ने बचाई AAP की लाज
अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन जैसे दिग्गज चुनाव हार गए हैं।
वहीं 4 महीने पहले मुख्यमंत्री बनीं आतिशी ने आम आदमी पार्टी की लाज बचा ली है।
नई दिल्ली विधानसभा सीट से केजरीवाल को भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने 3 हजार वोट से हराया है।
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया जंगपुरा की जंग हार गए हैं।
बीजेपी के तरविंदर सिंह मारवाह ने सिसोदिया को 600 वोट से हराया है।
दिल्ली विधान सभा चुनाव LIVE: 675 वोटों से हारे आप नेता मनीष सिसोदिया #ManishSisodia #DelhiElectionResults #दिल्ली_विधानसभा #ArvindKejriwal #DelhiPolls #ElectionResults
Congress | Delhi CM | Arvind Kejriwal | Election Commission | Rahul | pic.twitter.com/l6AOmwsMdL— Chautha Khambha (@chauthakhamba) February 8, 2025
सिसोदिया ने कहा कि हमने मेहनत की, लेकिन जनता का फैसला हमारे पक्ष में नहीं आया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कालकाजी सीट पर काउंटिंग में कांटे का मुकाबला चलता रहा।
दिल्ली विधान सभा चुनाव नतीजे LIVE: CM आतिशी ने बचाई AAP की लाज, कालकाजी से रमेश बिधूड़ी को हराकर जीता चुनाव#Atishi #DelhiElectionResults #दिल्ली_विधानसभा #ArvindKejriwal #DelhiPolls #ElectionResults
New Delhi | Arvind Kejriwal | Election Commission | Parvesh Varma | Atishi | pic.twitter.com/riqEfdnhlA— Chautha Khambha (@chauthakhamba) February 8, 2025
लेकिन, सीएम आतिशी ने भाजपा के रमेश बिधूड़ी को हराकर जीत दर्ज की है।
पटपड़गंज से आप प्रत्याशी अवध ओझा चुनाव हार गए हैं।
उन्हें भाजपा प्रत्याशी रवींद्र सिंह नेगी ने 23 हजार 280 वोटों से हराया।
वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आप प्रत्याशी सत्येंद्र जैन को भी हार का सामना करना पड़ा है।
शकूरबस्ती विधानसभा सीट से उन्हें बीजेपी उम्मीदवार करनैल सिंह ने करीब 21 हजार वोटों के अंतर से हराया है।
AAP का कार्यालय पर ताला, भाजपा मुख्यालय पर जश्न
दिल्ली में BJP की धांसू एंट्री से आम आदमी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के रूझानों के बाद जहां भाजपा मुख्यालय पर जश्न का महौल देखने को मिला।
Delhi Election Result LIVE: 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की वापसी पर फूट-फूट कर रोने लगा पार्टी कार्यकर्ता#DelhiElectionResults #दिल्ली_विधानसभा #ArvindKejriwal #DelhiPolls #ElectionResults
Congress | Arvind Kejriwal | Election Commission | मनीष सिसोदिया | अरविंद केजरीवाल pic.twitter.com/4w3KFfdKMR— Chautha Khambha (@chauthakhamba) February 8, 2025
वहीं दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यालय को बंद कर दिया गया है।
यहां कार्यकर्ता अंदर नहीं जा पा रहे हैं इसलिए गहमागहमी का माहौल है।
मीडिया कर्मियों को भी दफ्तर से बाहर कर दिया गया है।
इस बीच केजरीवाल को हराने वाले भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा अमित शाह से मुलाकात की।
भाजपा की 71% स्ट्राइक के साथ 40 सीटें बढ़ीं
भाजपा ने 1993 में 49 सीटें यानी दो तिहाई बहुमत हासिल किया था।
5 साल की सरकार में मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज सीएम बनाए गए थे।
1998 के बाद कांग्रेस ने 15 साल राज किया, इसके बाद 2013 से आम आदमी पार्टी की सरकार थी।
इस बार भाजपा की 71% स्ट्राइक के साथ 40 सीटें बढ़ीं, पार्टी ने 68 पर चुनाव लड़ा, 48 सीटें जीतीं।
वहीं, AAP को 40 सीटों का नुकसान हुआ, आप का स्ट्राइक रेट 31% रहा।
भाजपा ने पिछले चुनाव (2020) के मुकाबले वोट शेयर में 9% से ज्यादा का इजाफा किया।
वहीं, AAP को करीब 10% का नुकसान हुआ है।
कांग्रेस को भले ही एक भी सीट नहीं मिली, लेकिन वोट शेयर 2% बढ़ाने में कामयाब रही।
बता दें 2020 में भाजपा ने महज 8 सीटें जीती थीं, 2025 में 6 गुना ज्यादा यानी 48 से ज्यादा सीटों पर जीती।
चुनाव नतीजो पर AAP-BJP-INC नेताओं का बयान
- पीएम मोदी- प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिल्ली की जनता का आभार जताया। पीएम मोदी ने लिखा- विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार।
- अमित शाह- सोशल मीडिया पोस्ट में शाह ने लिखा- दिल्ली के दिल में मोदी। दिल्ली की जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के शीशमहल को नेस्तनाबूत कर दिल्ली को आप-दा मुक्त करने का काम किया है।
- अरविंद केजरीवाल- केजरीवाल ने भाजपा को जीत की बधाई दी और कहा कि लोगों ने उन्हें बहुमत दिया है। उम्मीद करता हूं जनता की उम्मीदों पर वे खरे उतरेंगे। हम कंस्ट्रक्टिव विपक्ष का रोल निभाएंगे। हम जनता के सुख-दुख में काम आएंगे। हम सत्ता में राजनीति के लिए नहीं आए हैं। हम लोगों के सुख-दुख बांटने के लिए आए हैं।
- सीएम आतिशी- दिल्ली सीएम आतिशी ने कहा यह दिल्ली की जनता का जनादेश है और हमें यह स्वीकार है। , ‘मैं अपनी पूरी टीम का धन्यवाद करना चाहती हूं। मैंने अपनी सीट जीती है, यह जश्न का समय नहीं है। हमारी जंग जारी है। भाजपा के खिलाफ हमारी जंग जारी रहेगी।
- कुमार विश्वास- आप की हार पर कुमार विश्वास ने करोड़ों लोग नौकरियां छोड़कर आए थे, दुश्मनियां ली थीं। उन सब की हत्या एक आत्ममुग्ध आदमी ने, चरित्रहीन आदमी ने अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए की। उसको ईश्वरीय विधान से दंड मिला। खुशी इस बात की भी है कि न्याय हुआ।
- प्रवेश वर्मा की बेटी- नई दिल्ली से केजरीवाल को हराने वाले भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा की बेटी सनिधि ने कहा कि हम सभी खुश हैं। दिल्ली की पांच साल सेवा के लिए मेंटेड देने के लिए जनता का धन्यवाद।
- प्रियंका गांधी- वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि यह रिजल्ट आने ही थे। हर मीटिंग से यह साफ हो रहा था कि लोग बदलाव चाहते थे। उन्होंने बदलाव के लिए वोट किया। जहां तक कांग्रेस की बात है तो हमें और मेहनत करनी होगी।
- मनीष सिसोदिया- दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमने मेहनत की, लेकिन जनता का फैसला हमारे पक्ष में नहीं आया। हम उनका फैसला स्वीकार करते हैं।
- अवध ओझा- पटपड़गंज से आप प्रत्याशी अवध ओझा ने कहा यह मेरी व्यक्तिगत हार है। अब मैं वापस जाकर अपना काम करूंगा और अगली बार फिर पडपड़गंज से चुनाव लड़ूंगा।
- अन्ना हजारे- दिल्ली चुनाव के रुझानों पर अन्ना हजारे ने कहा कि चुनाव लड़ते समय उम्मीदवार को आचार शुद्ध होना, विचार शुद्ध होना, जीवन निष्कलंक और त्याग होना जरूरी है। अगर ये गुण उम्मीदवार में हैं तो मतदाताओं को उन पर विश्वास होता है। मैं बार-बार बताता गया, लेकिन उनके दिमाग में नहीं आया और वे शराब को ले आए। शराब यानी धन-दौलत से वास्ता हो गया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव जीते: कौन जीता-कौन हारा
- कालकाजी विधानसभा से आतिशी को मिली जीत, BJP के रमेश बिधूड़ी हारे
- अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से हारे, प्रवेश वर्मा को मिली जीत
- राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से हारे AAP के दुर्गेश पाठक, BJP के उमंग बजाज की जीत
- कोंडली विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार कुलदीप कुमार की जीत
- कस्तूरबा नगर विधानसभा से बीजेपी नेता नीरज बसोया को मिली जीत
- मालवीय नगर विधानसभा सीट से AAP नेता सोमनाथ भारती हारे
- ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज की हार, बीजेपी की शिखा रॉय जीतीं