Homeन्यूजखुशखबरी और सख्ती: MP में आयुष्मान योजना के बदले नियम, एक्सीडेंट होते...

खुशखबरी और सख्ती: MP में आयुष्मान योजना के बदले नियम, एक्सीडेंट होते ही पहले घंटे मिलेगा फ्री इलाज; जानें नए पैकेज

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Ayushman Bharat New Rules 2026: मध्य प्रदेश के लाखों आयुष्मान कार्ड धारकों और आम जनता के लिए स्वास्थ्य विभाग से एक बेहद जरूरी खबर आई है।

राज्य सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के नियमों और इसके पैकेजों में बहुत बड़ा बदलाव किया है।

अब तक अस्पतालों में जो कागजी खानापूर्ति या ढुलमुल रवैया चल जाता था, नए नियमों के बाद उस पर पूरी तरह से रोक लग जाएगी।

सरकार का साफ कहना है कि अब इलाज के नाम पर केवल कागज भरने से काम नहीं चलेगा।

अस्पतालों को हर मरीज के इलाज की पूरी जानकारी डिजिटल तौर पर सरकार को देनी होगी।

आइए आसान भाषा में जानते हैं कि ये नए नियम क्या हैं, इनसे आपको क्या फायदे होंगे और अस्पतालों पर क्या सख्ती की गई है।

1. डिजिटल मॉनिटरिंग: कब आए, क्या हालत थी… सब होगा रिकॉर्ड

नए नियमों के अनुसार, अब अस्पतालों में आने वाले आयुष्मान मरीजों के इलाज की पूरी डिजिटल मॉनिटरिंग (निगरानी) की जाएगी।

इसका मतलब यह है कि मरीज किस तारीख और किस समय अस्पताल पहुंचा, अस्पताल में भर्ती करते वक्त उसकी हालत कैसी थी, और उसे क्या शुरुआती इलाज दिया गया—यह सब कुछ ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज करना होगा।

इसके लिए सरकार ने सभी संबंद्ध (इम्पैनल्ड) अस्पतालों को अपना डिजिटल डेटाबेस हमेशा अपडेट रखने के निर्देश दिए हैं।

इस व्यवस्था से मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और अस्पतालों की लेत-लतीफी पर भी लगाम कसेगी।

2. संजीवनी बनेगा ‘गोल्डन ऑवर पैकेज’: एक्सीडेंट होते ही तुरंत मिलेगा मुफ्त इलाज

सड़क हादसों में लोगों की जान बचाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने इस बार एक बेहद संवेदनशील और ऐतिहासिक कदम उठाया है।

आयुष्मान योजना के तहत पहली बार ‘गोल्डन ऑवर पैकेज’ को शामिल किया गया है।

क्या होता है गोल्डन ऑवर?

किसी भी एक्सीडेंट या गंभीर हादसे के बाद का जो पहला घंटा होता है, उसे मेडिकल साइंस में ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है।

इस एक घंटे के भीतर अगर मरीज को सही इलाज मिल जाए, तो उसकी जान बचने की संभावना 90% तक बढ़ जाती है।

अब नए नियम के तहत, जैसे ही कोई सड़क दुर्घटना का शिकार मरीज अस्पताल पहुंचेगा, उसे बिना किसी कागजी देरी के तुरंत मेडिकल सपोर्ट दिया जाएगा। इस पैकेज के अंतर्गत मरीज को:

  • तुरंत ऑक्सीजन की सुविधा
  • आईवी फ्लूइड (ग्लायकोस/सलाइन)
  • जरूरी ट्रॉमा मैनेजमेंट (शुरुआती टांके या पट्टी)
  • आपातकालीन स्थिति में की जाने वाली शुरुआती जरूरी जांचें (जैसे एक्स-रे या ब्लड टेस्ट)

ये सभी सुविधाएं पूरी तरह से मुफ्त मिलेंगी, ताकि पैसों या मंजूरी के अभाव में किसी की जान न जाए।

3. बर्न मरीजों के लिए नया नियम: जितने प्रतिशत जलेंगे, उसी हिसाब से मिलेगा पैसा

अब तक आयुष्मान योजना में जलने (बर्न) वाले मरीजों के इलाज के लिए एक फिक्स या समान पैकेज होता था, लेकिन अब इस नीति को बदल दिया गया है।

नई पॉलिसी के मुताबिक, मरीज कितना गंभीर रूप से जला है, उसी के आधार पर अस्पताल को भुगतान (पेमेंट) किया जाएगा।

इसके लिए बर्न परसेंटेज (जलने के प्रतिशत) का एक दायरा तय किया गया है:

  • 25% से 40% तक जलने पर: अस्पताल को ₹27,750 का पैकेज मिलेगा।
  • 60% से 80% तक जलने पर: अस्पताल को ₹67,200 का पैकेज दिया जाएगा।
  • सख्ती भी जरूरी: इस पैकेज का गलत इस्तेमाल न हो, इसलिए अस्पताल के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे मरीज की लाइव फोटो और उसकी इंजरी (चोट) की पूरी विस्तृत जानकारी आयुष्मान पोर्टल पर अपलोड करें।

4. डायलिसिस मरीजों के लिए थंब इम्प्रैशन: फर्जीवाड़े पर लगेगी लगाम

अस्पतालों में अक्सर देखा गया है कि कुछ गड़बड़ी या फर्जी क्लेम के मामले सामने आते हैं। इसे रोकने के लिए सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को बहुत कड़ा कर दिया है।

अब जिन मरीजों का डायलिसिस होना है, उनका बार-बार वेरिफिकेशन किया जाएगा।

इलाज के दौरान मरीजों को थंब ऑथेंटिकेशन (अंगूठे का निशान) देना पड़ सकता है।

सरकार ने उन मरीजों का भी ख्याल रखा है, जिनकी उम्र या बीमारी के कारण फिंगरप्रिंट मैच नहीं होते।

ऐसे मरीजों के लिए फोटो बेस्ड लाइव वेरिफिकेशन (चेहरा देखकर पहचान) की व्यवस्था लागू की जाएगी।

इसका सीधा मकसद यह है कि योजना का पैसा किसी गलत हाथ में न जाए और केवल असली हकदार मरीज को ही इसका लाभ मिले।

5. ऑपरेशन और एंबुलेंस के लिए भी कड़े नियम

नई नीति में मरीजों को अस्पताल तक लाने और ले जाने वाली एंबुलेंस का बजट भी तय कर दिया गया है:

  • बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस: इसके लिए अस्पतालों को ₹500 का पैकेज मिलेगा।
  • एडवांस कार्डियक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस (ICU जैसी सुविधाओं वाली): इसके लिए ₹1,000 का पैकेज तय किया गया है।

ऑपरेशन थिएटर की लाइव फोटो: सर्जरी या ऑपरेशन को लेकर भी नियम सख्त किए गए हैं।

अब अस्पतालों को ऑपरेशन थियेटर (OT) के अंदर की फोटो और अगर शरीर में कोई इम्प्लांट (जैसे रॉड, प्लेट या पेसमेकर) डाला गया है, तो उसका असली बारकोड ऑनलाइन पोर्टल पर दिखाना होगा।

इसके साथ ही मरीज के डिस्चार्ज की पूरी समरी भी ऑनलाइन अपलोड करनी होगी।

एक नजर में: आयुष्मान भारत योजना के 5 सबसे बड़े फायदे

अगर आपके पास आयुष्मान कार्ड है, तो आपको ये 5 बड़े अधिकार और फायदे मिलते हैं:

1. ₹5 लाख का मुफ्त इलाज: हर पात्र परिवार को हर साल ₹5 लाख तक के मुफ्त इलाज की गारंटी मिलती है। अस्पताल में भर्ती होने पर आपको जेब से एक भी रुपया नहीं देना होता।

2. गंभीर बीमारियों का कवर: इसमें कैंसर, हार्ट अटैक, ब्रेन ट्यूमर, किडनी फेलियर और न्यूरो जैसी बड़ी और महंगी बीमारियों का पूरा खर्च शामिल है। खास बात यह है कि पुरानी बीमारियां भी पहले ही दिन से कवर होती हैं।

3. भर्ती होने से पहले और बाद का खर्च: इस स्कीम में सिर्फ अस्पताल में लेटने का खर्च ही नहीं मिलता, बल्कि भर्ती होने से 3 दिन पहले तक की जांचें और डिस्चार्ज होने के 15 दिन बाद तक की दवाइयां व डॉक्टर की फीस भी फ्री होती है।

4. पूरे देश में मान्य: इस कार्ड का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप सिर्फ मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के किसी भी राज्य में जाकर वहां के लिस्टेड सरकारी या प्राइवेट अस्पताल में फ्री इलाज करा सकते हैं।

5. परिवार के साइज पर कोई रोक नहीं: परिवार में कितने सदस्य हैं या उनकी उम्र क्या है, इसका कोई बंधन नहीं है। नवजात शिशु से लेकर बुजुर्ग तक, परिवार के सभी लोग एक ही कार्ड के जरिए लाभ उठा सकते हैं।

नोट: इस योजना से जुड़ी अधिक जानकारी या किसी भी तकनीकी सहायता के लिए आप आधिकारिक आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन पोर्टल पर जा सकते हैं।

- Advertisement -spot_img