Mahavir Jayanti 2026 MP Holiday: मध्य प्रदेश में महावीर जयंती की सरकारी छुट्टी को लेकर इस समय असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
मामला यह है कि सरकारी कैलेंडर में छुट्टी 31 मार्च (मंगलवार) की है, लेकिन जैन समाज और कई जनप्रतिनिधियों का कहना है कि भगवान महावीर का जन्म कल्याणक 30 मार्च को मनाया जाएगा।
ऐसे में छुट्टी की तारीख को बदलने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
विधायकों ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
यह मुद्दा तब गरमाया जब पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ के विधायकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चिट्ठी लिखी।
पृथ्वीपुर से कांग्रेस विधायक नितेंद्र बृजेंद्र सिंह राठौर और बंडा (सागर) से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लम्बरदार ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि छुट्टी 31 मार्च के बजाय 30 मार्च (सोमवार) को होनी चाहिए।

क्या है विधायकों का तर्क?
विधायकों का कहना है कि जैन धर्म की परंपराओं, पंचांग और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव देशभर में 30 मार्च को ही मनाया जाएगा।
जब समाज त्योहार 30 तारीख को मना रहा है, तो 31 तारीख को सरकारी दफ्तर बंद रखने का कोई खास मतलब नहीं रह जाता।
हाईकोर्ट के फैसले का दिया हवाला
कांग्रेस विधायक नितेंद्र राठौर ने अपने पत्र में एक मजबूत तर्क यह भी दिया है कि जबलपुर हाईकोर्ट ने अपनी छुट्टियों की सूची में पहले ही सुधार कर लिया है।
हाईकोर्ट ने अपनी अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए 30 मार्च को अवकाश घोषित कर दिया है।

विधायकों ने सरकार को याद दिलाया कि इससे पहले होली के समय भी इसी तरह का संशोधन किया गया था, इसलिए जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस बार भी तारीख बदली जानी चाहिए।
सरकार की क्या है तैयारी?
सूत्रों की मानें तो मुख्य सचिव कार्यालय इस मामले में सक्रिय हो गया है।
हालांकि, सरकार के पास कुछ ऐसे भी सुझाव आए हैं कि छुट्टी को 31 मार्च पर ही रहने दिया जाए।
फिलहाल, सरकार अलग-अलग पक्षों से राय ले रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल्द ही इस पर अंतिम फैसला ले सकते हैं ताकि समय रहते राजपत्र में संशोधन की अधिसूचना जारी की जा सके।
#MPNews #MahavirJayanti #HolidayUpdate #MohanYadav #MadhyaPradesh #Jainism #GovernmentHoliday #MPPolitics
