PM मोदी पहुंचे नोएडा, थोड़ी देर में करेंगे जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी आज नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्धाटन करेंगे।
वे करीब साढ़े 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी दिखे।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे।
बता दें कि नोएडा के जेवर एयरपोर्ट की नींव 15 नवंबर 2021 को रखी गई थी।
निर्माण कार्य जून 2022 में शुरू हुआ था, जिसका पहला फेज साल 2025 में पूरा हुआ।
एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर शहर में बना है।
वहीं इसके पहले फेज के निर्माण पर करीब 11200 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
ईरान जंग में अब हूती विद्रोही भी शामिल: UAE में मिसाइल अटैक, 5 भारतीय घायल
ईरान-इजराइल जंग के 28 दिन बाद अब हूती विद्रोही भी इसमें शामिल हो गए हैं।
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक यमन में मौजूद ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने करीब 2000 किलोमीटर दूर इजराइल के दक्षिणी शहर बेर्शेबा और आसपास के इलाकों को निशाना बनाते हुए बैलिस्टिक मिसाइल दागी।
इजराइली सेना के मुताबिक, मिसाइल लॉन्च का पता चलते ही एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव किया गया और खतरे को हवा में ही नष्ट कर दिया गया। इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
हूती ने इससे पहले गाजा जंग शुरू होने के बाद नवंबर 2023 में इजराइल और समुद्री जहाजों पर हमले शुरू किए थे।
इसके जवाब में इजराइल ने भी उन पर जवाबी हमले किए थे। हालांकि अक्टूबर 2025 में हमास और इजराइल के बीच सीजफायर होने के बाद से हूती विद्रोहियों ने इजराइल पर हमले रोक दिए थे।
वहीं, UAE में इंटरसेप्ट की गई बैलिस्टिक मिसाइलों के मलबे गिरने से पांच भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं। इनमें 2 की हालत गंभीर बताई गई है।
नेपाल- बालेन के प्रधानमंत्री बनते ही पूर्व पीएम ओली गिरफ्तार: Gen-Z प्रोटेस्ट के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पुलिस ने शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी पिछले साल हुए GEN-Z प्रोटेस्ट के मामले में हुई है।
यह कार्रवाई उस समय हुई, जब कल ही बालेन शाह ने नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली है।
पुलिस के अनुसार, ओली को शनिवार सुबह भक्तपुर के गुंडु स्थित उनके घर से पकड़ा गया।
वहीं, रमेश लेखक को सुबह करीब 5 बजे सूर्यविनायक से गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई गृह मंत्रालय की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच के आधार पर की गई है।
एक जांच आयोग ने सुझाव दिया था कि इन नेताओं पर लापरवाही का केस चलाया जाए।
इस मामले में 10 साल तक की सजा हो सकती है।
राजस्थान में आज से बारिश, ओले गिरेंगे: MP में 29 मार्च से लगातार 3 दिन बारिश
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में बदल रहा है। राजस्थान में शनिवार से एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा।
इसका असर प्रदेश के सभी जिलों में रहेगा। बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।
वहीं मध्य प्रदेश में 29 मार्च से लगातार 3 दिन बारिश की संभावना है।
भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर-जबलपुर समेत प्रदेश के करीब 40 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। हालांकि, शनिवार को प्रदेश में तेज गर्मी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को लखनऊ, कानपुर समेत 10 जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई।
अगले 5 दिनों तक मौसम ऐसे ही रहेगा। कहीं-कहीं ओले गिर सकते हैं।
बिहार में आधी रात को पटना समेत 5 जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। आज 38 जिलों में अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिन तक बर्फबारी हो सकती है।
बस पलटने से बुजुर्ग की मौत, 15 यात्री घायल: चालक की लापरवाही से हादसा
आगर मालवा में आज शनिवार सुबह निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा बड़ागांव के पास हुआ।
हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए।
बस सुसनेर से नलखेड़ा होते हुए कुरावर जा रही थी। बड़ागांव के पास सड़क पर बुजुर्ग भैंस लेकर जा रहा था।
बताया गया है कि बस चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी की मौत हो गई।
टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। मृतक की पहचान गोकुल (55) सिंह पिता भगवान सिंह यादवके रूप में हुई है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकाला और इलाज के लिए नलखेड़ा अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी रविन्द्र कुमार बोयट और बड़ागांव चौकी प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
