Chhindwara hospital negligence: छिंदवाड़ा जिले से एक बेहद हैरान करने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है।
सरकारी अस्पताल में डिलीवरी कराने गई एक महिला के साथ स्टाफ ने ऐसी लापरवाही की, जिसे सुनकर कोई भी सिहर जाए।
दमुआ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में नॉर्मल डिलीवरी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने महिला के शरीर के अंदर ही खून साफ करने वाला पैड, कागज और कपड़े के टुकड़े छोड़ दिए।
नतीजा यह हुआ कि प्रसूता चार दिन तक भयंकर दर्द से तड़पती रही।
जब सच्चाई सामने आई, तो अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जिम्मेदार नर्सिंग ऑफिसर को हटा दिया गया है।

कैसे हुई ये जानलेवा लापरवाही?
पीड़ित महिला के पति ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उन्होंने 11 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी को डिलीवरी के लिए दमुआ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था।
उसी दिन दोपहर करीब 1 बजे महिला की नॉर्मल डिलीवरी हुई।
बच्चे के जन्म के बाद स्टाफ ने सफाई के लिए पैड, कुछ पेपर और कपड़े का इस्तेमाल किया, लेकिन घोर लापरवाही दिखाते हुए उन्होंने वह कचरा महिला के शरीर के अंदर ही छोड़ दिया और उसे बाहर निकालना भूल गए।

4 दिन तक नहीं हुआ पेट साफ, पत्थर जैसा कड़क हुआ पेट
डिलीवरी के बाद महिला की तबीयत सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ने लगी।
उसके शरीर के अंदर छोड़े गए पैड और कपड़े की वजह से उसे लगातार चार दिन तक शौच नहीं हुआ।
उसका पेट भारी होने लगा और एकदम पत्थर जैसा कड़क हो गया।
महिला दर्द से कराह रही थी, लेकिन अस्पताल का स्टाफ इस बात से बिल्कुल अनजान बना रहा।
आखिरकार जब महिला शौच के लिए गई, तब टॉयलेट के रास्ते शरीर में फंसे हुए पैड और कपड़े के टुकड़े बाहर आए, जिससे परिवार को इस भयंकर लापरवाही का पता चला।
प्राइवेट अस्पताल में हुई जांच, संक्रमण का गहरा खतरा
जब हालत ज्यादा बिगड़ने लगी, तो घबराए हुए परिजन महिला को तुरंत परासिया के सेवा सदन (प्राइवेट अस्पताल) ले गए।
वहां डॉक्टरों ने सोनोग्राफी और दूसरी जरूरी जांचें कीं।
रिपोर्ट में पता चला कि महिला के पेट में अभी भी कुछ कण बाकी हैं और इस भयंकर लापरवाही के कारण उसके शरीर में गंभीर संक्रमण (इन्फेक्शन) फैलने का खतरा बन गया है।
डिस्चार्ज के नाम पर अस्पताल का झूठ!
पीड़ित के पति ने अस्पताल प्रबंधन पर अपनी गलती छिपाने और गुमराह करने का भी आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि 15 नवंबर की सुबह 9 बजे ही उन्हें डिस्चार्ज पेपर दे दिए गए थे, लेकिन स्टाफ ने कहा कि आज कलेक्टर साहब का दौरा है, इसलिए अभी आप घर नहीं जा सकते।
दोपहर 1 से 2 बजे के बीच वे लोग घर के लिए निकले।
अब अस्पताल अपनी गर्दन बचाने के लिए यह झूठ फैला रहा है कि मरीज बिना बताए ही अस्पताल से चला गया था।
स्टाफ पर गिरी गाज, परिवार ने दी आंदोलन की चेतावनी
इस घटना के तूल पकड़ते ही ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. सुरेश नागवंशी ने कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार नर्सिंग ऑफिसर सुजाता पाटिल को उनके पद से हटा दिया है।
वहीं, जिले की CMHO डॉ. अर्चना कैथवास ने बताया कि आरोपी सिस्टर को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है और उसकी ड्यूटी बदल दी गई है।
एक महिला डॉक्टर से जांच करवाई गई थी, जिसमें लापरवाही की बात पूरी तरह सच साबित हुई है।
इस पूरे मामले की जानकारी कलेक्टर को भी दी जा रही है।
दूसरी तरफ, पीड़ित परिवार भारी आक्रोश में है।
उनका कहना है कि वे इस मामले की शिकायत तहसील में करने के साथ-साथ मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में भी करेंगे।
अगर दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
#MedicalNegligence #Chhindwara #DamuaCHC #MadhyaPradeshNews #HospitalCare #MaternalHealth #JusticeForPatient
