IBM H1B visa sponsorship end: अमेरिका में रहकर आईटी सेक्टर में काम करने वाले हजारों भारतीय प्रोफेशनल्स के लिए एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है।
दिग्गज अमेरिकी टेक कंपनी IBM ने अमेरिका में अपने कंसल्टिंग डिवीजन के ज्यादातर पदों के लिए H-1B वर्क वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है।
कंपनी ने इस बदलाव से प्रभावित होने वाले कर्मचारियों के सामने दो ही रास्ते छोड़े हैं—या तो वे अमेरिका छोड़कर किसी दूसरे देश में स्थित IBM के ऑफिस से काम जारी रखें, या फिर अपनी नौकरी छोड़ दें।
कंपनी ने कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालने के बजाय इस बदलाव के लिए साल के अंत यानी 31 दिसंबर 2026 तक की डेडलाइन दी है।
चूंकि IBM के इस डिवीजन में डेढ़ लाख से ज्यादा लोग काम करते हैं और इनमें बड़ी तादाद भारतीयों की है, इसलिए इस कदम का सीधा असर भारतीय टेक वर्कर्स के करियर और परिवार पर पड़ने वाला है।

आखिर क्या होता है H-1B वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप?
जब कोई अमेरिकी कंपनी किसी विदेशी नागरिक को अपने यहां नौकरी पर रखती है, तो उसे कानूनी तौर पर अमेरिका में रहने और काम करने के लिए वर्क वीजा की जरूरत पड़ती है।
कंपनी की ओर से अमेरिकी सरकार के पास इसके लिए आवेदन करने की प्रक्रिया को ही H-1B वीजा स्पॉन्सरशिप कहा जाता है।
वहीं, जब कोई कंपनी अपने विदेशी कर्मचारी को अमेरिका में हमेशा के लिए बसने का अधिकार यानी परमानेंट रेजिडेंसी दिलवाने के लिए आवेदन करती है, तो उसे ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप कहते हैं।
IBM के इस नए नियम के बाद अब कंसल्टिंग डिवीजन के कर्मचारियों को कंपनी की तरफ से यह सुविधा नहीं मिल पाएगी।

किन कर्मचारियों पर गिरेगी इस फैसले की गाज?
राहत की बात यह है कि IBM का यह नियम पूरी कंपनी पर एक साथ लागू नहीं हो रहा है।
कंपनी प्रबंधन ने साफ किया है कि यह बदलाव केवल ‘IBM कंसल्टिंग’ डिवीजन के ज्यादातर पदों के लिए किया गया है।
पूरी दुनिया में कंपनी के इस डिवीजन में करीब 1.50 लाख से ज्यादा लोग काम करते हैं।
हालांकि, IBM ने अभी तक यह आंकड़ा साझा नहीं किया है कि अमेरिका में तैनात कितने कर्मचारियों पर इस फैसले का सीधा असर पड़ेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रभावित कर्मचारियों को अपना फैसला लेने के लिए कुछ हफ्तों का वक्त दिया गया है।
जो कर्मचारी अमेरिका से बाहर किसी दूसरे देश में शिफ्ट होने के लिए तैयार नहीं होंगे, उन्हें तीन महीने की सैलरी देकर 31 दिसंबर को कंपनी से विदा कर दिया जाएगा।
IBM ने अचानक क्यों बदली अपनी वीजा पॉलिसी?
इस बड़े बदलाव के पीछे कंपनी ने बदलती कारोबारी जरूरतों का हवाला दिया है।
IBM का कहना है कि अब क्लाइंट्स की डिमांड और काम करने के तरीके पहले जैसे नहीं रहे।
पहले अमेरिका में स्थानीय स्तर पर अच्छे स्किल्ड लोगों की कमी थी, जिसकी भरपाई के लिए विदेशी टैलेंट को वीजा देकर बुलाया जाता था। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने वीजा प्रोग्राम पर अपनी निर्भरता लगातार कम की है।
इसके अलावा, बिजनेस ग्रोथ भी एक बड़ा कारण है। साल 2024 से IBM के कंसल्टिंग डिवीजन की रफ्तार काफी सुस्त रही है और ग्रोथ लगभग थम सी गई है।
दूसरी तरफ, IBM अब खुद को एक सॉफ्टवेयर-फोकस्ड कंपनी के रूप में तेजी से बदल रही है, जिसके लिए उसने हाल के सालों में रेड हैट, हाशीकॉर्प और कॉन्फ्लुएंट जैसी बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों का अधिग्रहण भी किया है।
भारत लौटने वाले कर्मचारियों के लिए कितने मौके मौजूद हैं?
जो कर्मचारी अपनी नौकरी बचाने के लिए अमेरिका छोड़ने का फैसला करते हैं, उनके लिए भारत सबसे बड़ा विकल्प बनकर उभर सकता है।
टेक न्यूज प्लेटफॉर्म ‘रेस्ट ऑफ वर्ल्ड’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, 19 नवंबर को IBM के करियर पोर्टल पर अमेरिका से बाहर कंसल्टिंग की कुल 1,278 वैकेंसी उपलब्ध थीं।
इनमें से अकेले भारत में 1,125 पद खाली थे, जबकि सिंगापुर में 23 और ब्रिटेन (यूके) में 18 पदों पर भर्तियां निकली थीं।
हालांकि, दूसरे देश में शिफ्ट होना कर्मचारियों के लिए इतना आसान नहीं है।
कंपनी ने अभी यह कन्फर्म नहीं किया है कि प्रभावित होने वाले कितने लोगों को विदेश में ये पद ऑफर किए जाएंगे।
इसके अलावा, सालों से अमेरिका में बसे परिवारों के लिए भारत या अन्य देश लौटने पर सैलरी में भारी कटौती, रहन-सहन और पारिवारिक जिम्मेदारियों जैसी कई चुनौतियां सामने आएंगी।

अमेरिका के सख्त वीजा नियमों ने बढ़ाई टेक कंपनियों की मुश्किल
IBM का यह कदम ऐसे वक्त में सामने आया है जब अमेरिका में वर्क वीजा और इमिग्रेशन के नियम लगातार कड़े किए जा रहे हैं।
ट्रम्प प्रशासन ने H-1B वीजा प्रणाली को सख्त बनाने की दिशा में कई बड़े कदम उठाए हैं।
इनमें कुछ नए H-1B आवेदनों पर 1 लाख डॉलर तक की भारी फीस लगाने का प्रस्ताव और केवल ज्यादा सैलरी वाले पदों को प्राथमिकता देने जैसे नियम शामिल हैं।
इसका दबाव पूरी अमेरिकी टेक इंडस्ट्री पर साफ दिख रहा है।
हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट, एडोबी, कॉग्निजेंट, इंफोसिस और टीसीएस जैसी बड़ी आईटी कंपनियों को भी ग्रीन कार्ड से जुड़े परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन (PERM) प्रोग्राम में कई तरह की पाबंदियों का सामना करना पड़ा है।

जाहिर है कि बदलते नियमों के बीच भारतीय टेक प्रोफेशनल्स के लिए अमेरिका में काम करने की राह अब पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गई है।
#IBM #H1BVisa #GreenCard #USImmigration #IndianTechies #TechNews #ITJobs #USWorkVisa #IBMConsulting #VisaNews
