Virat Anushka Praise Dhurandhar 2: सिनेमा के इतिहास में कभी-कभी कुछ ऐसी फिल्में आती हैं जो सिर्फ कमाई के रिकॉर्ड ही नहीं तोड़तीं, बल्कि दर्शकों के दिलों पर एक गहरी छाप छोड़ जाती हैं।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ कुछ ऐसा ही कमाल कर रही है।
19 मार्च 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म आज देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अब तक 1622 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर चुकी है।
अब फिल्म की सबसे बड़ी तारीफ क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा की तरफ से आई है।

विराट कोहली का ‘सिनेमैटिक’ अनुभव
विराट ने फिल्म देखने के बाद इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर कर ‘धुरंधर 2’ को एक ऐसा अनुभव बताया जो उन्होंने पहले कभी भारतीय सिनेमा में नहीं देखा।
विराट ने लिखा, “आज मैंने फिल्म देखी और मैं यह कहने की हिम्मत करता हूं कि मैंने भारत में बना ऐसा सिनेमाई अनुभव पहले कभी नहीं देखा था।”
विराट कोहली इस फिल्म से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने डायरेक्टर आदित्य धर की जमकर तारीफ की।
उन्होंने बताया कि लगभग 4 घंटे लंबी इस फिल्म के दौरान वह अपनी सीट से एक बार भी नहीं हिले।
रणवीर सिंह की तारीफ में कोहली ने कहा कि उन्होंने इस फिल्म के साथ अभिनय का एक नया मुकाम हासिल कर लिया है।

अनुष्का शर्मा ने भी की तारीफ
रणवीर सिंह की को-स्टार रह चुकी बॉलीवुड एक्ट्रेस और विराट कोहली की वाइफ अनुष्का शर्मा ने भी फिल्म को लेकर खुशी जाहिर की।
अनुष्का ने लिखा कि 4 घंटे की फिल्म बनाना और उसमें दर्शकों को बांधे रखना बेहद साहस का काम है।
उन्होंने रणवीर सिंह के अभिनय को ‘लाइफ टाइम परफॉर्मेंस’ बताया और कहा कि रणवीर ने इस किरदार को जी लिया है।
इसके साथ ही उन्होंने आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और राकेश बेदी जैसे कलाकारों के काम को भी फिल्म की रीढ़ बताया।
अनुष्का और रणवीर ने अपने करियर की शुरुआत में ‘बैंड बाजा बारात’ और ‘लेडीज वर्सेस रिक्की बहल’ जैसी सफल फिल्मों में साथ काम किया है।

डायरेक्टर आदित्य धर का इमोशनल रिएक्शन
दिग्गज क्रिकेटरों और कलाकारों से मिल रही इस तारीफ ने आदित्य धर को भावुक कर दिया है।
विराट कोहली की पोस्ट पर आदित्य ने कहा, “यकीन नहीं हो रहा कि यह हो रहा है! मैं अंडर-19 के दिनों से आपका फैन हूं और जब आप जैसा दिग्गज हमारी मेहनत को सराहता है, तो दिल भर आता है।”
आदित्य ने वादा किया कि वे अपनी फिल्मों के जरिए भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित करना जारी रखेंगे।
उन्होंने अनुष्का शर्मा का भी शुक्रिया अदा किया और कहा कि उनकी प्रशंसा टीम को और भी बेहतर काम करने की प्रेरणा देती है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का सफर
फिल्म की शुरुआत ही किसी ब्लॉकबस्टर धमाके से कम नहीं थी।
रिलीज से पहले रखे गए पेड प्रीव्यूज ने 43 करोड़ रुपये बटोरे थे, जबकि ओपनिंग डे पर फिल्म ने 102 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक कलेक्शन किया।
फिल्म की स्टार कास्ट— रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल की जुगलबंदी ने दर्शकों को थिएटर तक खींचने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
सौम्या टंडन और राकेश बेदी के किरदारों को भी खूब सराहा जा रहा है।
फिल्म क्यों है खास?
‘धुरंधर 2’ की सफलता के पीछे आदित्य धर की बारीक रिसर्च और रणवीर सिंह का जुनून है।
फिल्म की लंबाई भले ही 4 घंटे है, लेकिन इसका स्क्रीनप्ले इतना टाइट है कि दर्शक बोरियत महसूस नहीं करते।
यह फिल्म न केवल एक एक्शन थ्रिलर है, बल्कि इसमें इमोशनंस का ऐसा तड़का है जो हर वर्ग के दर्शकों को फिल्म से जोड़ता है।
#Dhurandhar2 #RanveerSingh #ViratKohli #AdityaDhar #AnushkaSharma #DhurandharTheRevenge
