Homeन्यूजतिरुपति बालाजी में आस्था का नया रिकॉर्ड: चेन्नई के दंपती ने चढ़ाया...

तिरुपति बालाजी में आस्था का नया रिकॉर्ड: चेन्नई के दंपती ने चढ़ाया 208 करोड़ का 121 किलो सोना, 15 महीने में तैयार हुए 9 सेट गहने

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Tirupati 121 kg gold donation: आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमला तिरुपति मंदिर में भक्ति और समर्पण की एक ऐतिहासिक मिसाल देखने को मिली है।

गुरुवार को चेन्नई के एक कारोबारी दंपती, वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में 121 किलोग्राम वजनी सोने के बेशकीमती आभूषण अर्पित किए।

बाजार में इन गहनों की कुल कीमत लगभग 208 करोड़ रुपये आंकी गई है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की खास मौजूदगी में यह भव्य चढ़ावा तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) प्रशासन को सौंपा गया।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, तिरुमला के इतिहास में किसी एक श्रद्धालु की ओर से भगवान को दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत दान है।

सिर से पैर तक सजेंगे भगवान, 15 महीने में तैयार हुए 45 गहने

जैन दंपती की ओर से भेंट किए गए इस स्वर्ण खजाने को आठ विशेष बक्सों में रखकर मंदिर लाया गया था।

इसमें कुल नौ अलग-अलग सेटों में सजाए गए 45 पारंपरिक आभूषण शामिल हैं, जिनमें 238.2 कैरेट के बेशकीमती हीरे भी जड़े हुए हैं।

इन गहनों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि भगवान श्रीवारु (वेंकटेश्वर) को सिर से लेकर पैर तक अलंकृत किया जा सके।

इनमें भगवान का भव्य मुकुट और पैरों के लिए विशेष ‘पद्म पादालु’ भी शामिल हैं।

 

कारीगरों की एक टीम ने पूरी श्रद्धा और बारीकी के साथ करीब 15 महीने की मेहनत के बाद इन्हें तैयार किया है।

कुल 121 किलो के इस चढ़ावे में से 106 किलो सोने के गहने भगवान वेंकटेश्वर के लिए हैं, जबकि 15 किलो वजनी आभूषण और पोशाक देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को समर्पित किए गए हैं।

वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें…

कंपनी की हिस्सेदारी बेचकर जुटाई रकम, पहले भी कर चुके हैं करोड़ों का दान

इस ऐतिहासिक दान के पीछे वर्धमान जैन की गहरी आस्था और उदारता जुड़ी हुई है। वे चेन्नई की कंपनी ‘वारा फ्यूचर एलएलपी’ के चेयरमैन हैं।

कुछ समय पहले उन्होंने अपनी इस कंपनी की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची थी, जिससे उन्हें करीब 6,000 करोड़ रुपये मिले थे।

इसी रकम का एक हिस्सा उन्होंने भगवान बालाजी के श्रृंगार के लिए गहने बनवाने में लगाया।

वैसे वर्धमान जैन साल 2019 से लगातार तिरुपति मंदिर और अन्य धार्मिक-सामाजिक कार्यों में योगदान देते आ रहे हैं।

साल 2024 में उन्होंने चेन्नई के एक मंदिर के विस्तार के लिए एक करोड़ रुपये दिए थे।

इसके बाद नवंबर 2024 में TTD के ‘अन्न प्रसादम ट्रस्ट’ और ‘प्रणदानम ट्रस्ट’ को 1.01-1.01 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेंट की।

साल 2025 में उन्होंने श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल के लिए पांच करोड़ रुपये और गौ-सेवा के लिए एक करोड़ रुपये दान किए, जबकि मई 2026 में तिरुपति के लिए एक इलेक्ट्रिक बस देने की घोषणा भी की थी।

तिरुपति बालाजी मंदिर से जुड़ी कुछ बेहद खास और रोचक बातें

तिरुपति मंदिर केवल अपने विशाल चढ़ावे के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी अनोखी धार्मिक मान्यताओं के लिए भी दुनिया भर में जाना जाता है।

यहां श्रद्धालुओं द्वारा अपने बाल दान करने की परंपरा सदियों पुरानी है।

मान्यता है कि जब कोई भक्त सच्चे मन से अपने बाल अर्पित करता है, तो वह अपने भीतर के अहंकार, बुराइयों और पापों को भगवान के चरणों में छोड़ देता है, जिसके बाद देवी लक्ष्मी उसके जीवन के सभी कष्ट दूर कर देती हैं।

पौराणिक कथाओं के मुताबिक, यह पवित्र मंदिर मेरु पर्वत की सात चोटियों पर स्थित है, जिन्हें शेषनाग के सात फनों का प्रतीक माना जाता है।

इन चोटियों के नाम शेषाद्रि, नीलाद्रि, गरुड़ाद्रि, अंजनाद्रि, वृषटाद्रि, नारायणाद्रि और व्यंकटाद्रि हैं।

चूंकि भगवान विष्णु स्वयं व्यंकटाद्रि पर्वत पर विराजमान हैं, इसलिए उन्हें भगवान वेंकटेश्वर कहा जाता है।

तीन रूपों में होते हैं दर्शन

मंदिर में भगवान बालाजी के दर्शन की व्यवस्था भी बेहद खास है।

यहां दिन में तीन बार दर्शन होते हैं—सुबह के पहले दर्शन को ‘विश्वरूप’ कहा जाता है, इसके बाद दोपहर और रात में दर्शन होते हैं।

हालांकि, भगवान की संपूर्ण प्रतिमा के दर्शन केवल शुक्रवार की सुबह होने वाले विशेष अभिषेक के समय ही मिल पाते हैं।

इसके अलावा, यह पावन धरती महान संत श्री रामानुजाचार्य की तपस्या की भी साक्षी रही है।

150 वर्षों की तपस्या के बाद दिए थे दर्शन 

कहा जाता है कि उन्होंने करीब 150 वर्षों तक भगवान विष्णु की सेवा की, जिससे प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें यहीं साक्षात दर्शन दिए थे।

मुख्य मंदिर के आसपास आकाश गंगा, पापनाशक तीर्थ, वैकुंठ तीर्थ, जालावितीर्थ और तिरुच्चानूर जैसे कई पवित्र स्थान मौजूद हैं, जो भगवान की लीलाओं से जुड़े हैं।

सदियों से राजाओं से लेकर आम श्रद्धालुओं तक ने तिरुपति बालाजी के दरबार में अपनी श्रद्धा अर्पित की है।

चेन्नई के जैन दंपती द्वारा किया गया यह 208 करोड़ रुपये का स्वर्ण दान उसी अटूट आस्था की आधुनिक कड़ी है, जो आने वाले लंबे समय तक भक्तों के बीच चर्चा और प्रेरणा का विषय बना रहेगा।

#TirupatiTemple #Tirumala #LordVenkateswara #VardhamanJain #TTD #GoldDonation #TirupatiBalaji #AndhraPradesh #Chennai #Devotion

- Advertisement -spot_img