Homeन्यूजमौत का 'क्रूज': केबिन में पैक रखी थी लाइफ जैकेट, बाहर डूबते...

मौत का ‘क्रूज’: केबिन में पैक रखी थी लाइफ जैकेट, बाहर डूबते रहे लोग; जबलपुर हादसे की खौफनाक कहानी

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Jabalpur Cruise Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे के बाद लापरवाही की कई वजहे सामने आई हैं।

घटना से पहले के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमे यात्री बिना लाइफ जैकेट पहने नजर आ रहे हैं।

इस हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि 3 बच्चों सहित 4 लोग अभी भी गहरे पानी में लापता हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कदम उठाते हुए पूरे प्रदेश में क्रूज संचालन पर रोक लगा दी है।

कैसे हुआ हादसा?

गुरुवार शाम करीब 5 बजे का वक्त था।

आसमान में काले बादल छाए थे और मौसम विभाग ने पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा था।

इसके बावजूद पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने क्रूज को पानी में उतारने का जोखिम लिया।

क्रूज पर 47 लोग सवार थे, जबकि रिकॉर्ड में केवल 29 टिकटें ही दर्ज थीं।

यानी क्रूज पर क्षमता और नियमों की अनदेखी पहले ही कदम से शुरू हो गई थी।

जब क्रूज किनारे से करीब 300 मीटर की दूरी पर पहुंचा, तभी मौसम ने विकराल रूप ले लिया।

करीब 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने क्रूज को असंतुलित कर दिया।

ऊंची लहरों और तेज हवाओं के बीच क्रूज डगमगाने लगा और देखते ही देखते पलट कर नर्मदा की गहराइयों में समा गया।

परत-दर-परत खुलती लापरवाही की दास्तान

इस हादसे ने प्रशासन और पर्यटन विभाग की सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है।

यहां 3 ऐसी बड़ी गलतियां सामने आईं, जिन्होंने इस हादसे को जानलेवा बना दिया:

ताले में बंद थी लाइफ जैकेट:

चश्मदीदों और बचे हुए यात्रियों का कहना है कि उन्हें क्रूज पर चढ़ते समय लाइफ जैकेट नहीं दी गई।

जब क्रूज डूबने लगा, तब पता चला कि सभी लाइफ जैकेट कैबिन के अंदर सील पैक रखी थीं।

यात्रियों ने खुद उन पैकेटों को फाड़कर जैकेट पहनने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

टूटा हुआ रेस्क्यू सिस्टम:

हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम सक्रिय तो हुई, लेकिन उनके पास मौजूद संसाधन दगा दे गए।

शाम 6:15 बजे सूचना मिली, लेकिन रेस्क्यू दल का वाहन चालू ही नहीं हुआ।

सामान को दूसरे वाहन में शिफ्ट करने और मौके पर पहुंचने में करीब 2 घंटे की देरी हो गई।

अगर रेस्क्यू टीम समय पर पहुंचती, तो शायद मरने वालों का आंकड़ा इतना बड़ा न होता।

पुराना क्रूज और अनदेखी:

जिस क्रूज का इस्तेमाल किया जा रहा था, वह 2006 का बना हुआ था।

यानी 20 साल पुराना ढांचा अपनी अंतिम सांसे गिन रहा था।

इसके रखरखाव और सेफ्टी ऑडिट पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

बचाव कार्य और मौजूदा स्थिति

हादसे के बाद अंधेरे और खराब मौसम ने बचाव कार्य को बेहद मुश्किल बना दिया।

स्थानीय मछुआरों और किसानों ने साहस दिखाते हुए करीब 15 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

शुक्रवार सुबह आगरा से आई एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने मोर्चा संभाला और 5 और शवों को पानी से बाहर निकाला।

मृतकों में अधिकांश महिलाएं हैं, जिनमें दिल्ली, तमिलनाडु और जबलपुर की स्थानीय महिलाएं शामिल हैं।

वर्तमान में 3 बच्चे और एक व्यक्ति अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश शनिवार सुबह फिर से शुरू की जाएगी।

सरकार का कड़ा एक्शन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

  • पूरे एमपी में पाबंदी: मध्य प्रदेश में चल रहे सभी क्रूज, मोटर बोट और वाटर स्पोर्ट्स को फिलहाल बंद कर दिया गया है। जब तक इनका सेफ्टी ऑडिट नहीं होगा, ये दोबारा शुरू नहीं होंगे।

  • बर्खास्तगी: क्रूज के पायलट, हेल्पर और टिकट प्रभारी की सेवाएं तुरंत समाप्त कर दी गई हैं। साथ ही मैनेजर को निलंबित कर दिया गया है।

  • जांच कमेटी: तीन वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है, जो इस पूरी घटना की टेक्निकल और प्रशासनिक चूक की जांच करेगी।

यह हादसा एक सबक है कि जब हम प्रकृति के साथ खिलवाड़ करते हैं या सुरक्षा मानकों को कागजों तक सीमित रखते हैं, तो परिणाम इसी तरह भयानक होते हैं।

#JabalpurCruiseAccident #BargiDam #MPNews #JabalpurNews #BoatAccident #SafetyFirst #MadhyaPradeshTourism #RescueOperation

- Advertisement -spot_img