Homeन्यूजमेगा अल नीनो' की दस्तक: प्रशांत महासागर की गर्मी से देश में...

मेगा अल नीनो’ की दस्तक: प्रशांत महासागर की गर्मी से देश में गेहूं संकट और हिमालय में बाढ़ का खतरा

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Mega El Nino effect on India: दुनियाभर के मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और इसकी सबसे बड़ी वजह प्रशांत महासागर में बन रही एक असामान्य स्थिति है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रशांत महासागर में इस बार ‘मेगा अल नीनो’ दस्तक दे रहा है, जो पिछले 76 सालों के रिकॉर्ड तोड़ सकता है।

पेरू और गैलापागोस द्वीपों के आसपास समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया है।

अक्टूबर में यह अंतर 6 से 7 डिग्री सेल्सियस था, यानी महज कुछ ही हफ्तों में समुद्र की गर्मी खतरनाक स्तर तक बढ़ गई है।

क्या है ‘मेगा अल नीनो’ और क्यों लाल दिख रहा है धरती का नक्शा?

यूरोपीय जलवायु सेवा ‘कोपरनिकस’ के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में मध्य प्रशांत महासागर के मुख्य हिस्से का औसत तापमान 29.94 डिग्री सेल्सियस रहा।

यह 1982-83, 1997-98 और 2015-16 के अल नीनो के चरम तापमान से भी ज्यादा है।

अमेरिकी मौसम वैज्ञानिक रायन माउ ने 22 नवंबर को यूरोपीय मौसम केंद्र के आंकड़ों के आधार पर इसे ‘मेगा अल नीनो’ बताया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर दुनिया का एक जलवायु नक्शा भी शेयर किया, जिसमें धरती का बड़ा हिस्सा लाल रंग में दिख रहा है।

विश्व मौसम संगठन (WMO) के अनुसार, दिसंबर में अल नीनो चरम पर पहुंच सकता है और मार्च 2027 तक इसके शक्तिशाली बने रहने की 79 प्रतिशत से ज्यादा संभावना है।

अमेरिकी एजेंसी NOAA ने भी 1950 के बाद इसे सबसे मजबूत अल नीनो बनने की करीब 60 प्रतिशत आशंका जताई है।

भारत में गेहूं की बुवाई पर बड़ा संकट, 26 साल का रिकॉर्ड टूटने के आसार

समुद्र की इस गर्मी का सीधा असर भारत की खेती पर दिखने लगा है।

देश में इस बार मानसूनी बारिश पहले ही 13 प्रतिशत कम हुई है। अब फरवरी और मार्च के महीनों में असामान्य गर्मी पड़ने से गेहूं की पैदावार घटने का खतरा मंडरा रहा है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 13 नवंबर तक पिछले साल के मुकाबले गेहूं की बुवाई 15 प्रतिशत कम हुई है।

देश के 10 प्रमुख कृषि कारोबार विशेषज्ञों का आकलन है कि गेहूं का कुल रकबा 336 लाख हेक्टेयर से घटकर 315.8 लाख हेक्टेयर रह सकता है, जो पिछले 26 सालों में सबसे बड़ी गिरावट होगी।

सिंचाई के लिए पानी की कमी को देखते हुए किसान अब गेहूं छोड़कर चना और सरसों जैसी फसलों की बुवाई कर रहे हैं।

एक स्टडी बताती है कि अर्धशुष्क इलाकों में फरवरी के दौरान रात का तापमान तय सीमा से हर एक डिग्री बढ़ने पर गेहूं की उपज 6 प्रतिशत तक घट सकती है।

समुद्र की गर्मी से मछुआरों की रोजी-रोटी पर मार

अल नीनो का असर सिर्फ खेतों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समुद्र पर निर्भर मछुआरों की आजीविका भी संकट में है।

प्रतिष्ठित विज्ञान पत्रिका ‘नेचर’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, समुद्री गर्मी बढ़ने से केरलम के अलप्पुझा क्षेत्र में कई मछुआरों की सार्डिन मछली की पकड़ घटकर आधी रह गई है।

पानी असामान्य रूप से गर्म होने पर मछलियां ठंडे इलाकों की ओर चली जाती हैं, जिससे स्थानीय मछुआरों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

हिमालय में बेमौसम बारिश, बाढ़ और हिमस्खलन का खतरा

अल नीनो के मजबूत होने से हिमालयी क्षेत्रों का मौसम भी बिगड़ सकता है।

काठमांडू स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज द्वारा तैयार ‘हिंदूकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026’ रिपोर्ट के अनुसार, इस क्षेत्र में सर्दियों के दौरान सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है।

इससे भारत और नेपाल के कई हिस्सों में बाढ़ आने का खतरा है, जबकि नेपाल में भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं।

इसके अलावा पड़ोसी देश अफगानिस्तान और बांग्लादेश में भी इसका सीधा असर दिखेगा, जहां सामान्य से अधिक बारिश और कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान जताया गया है।

प्रशांत महासागर ही क्यों तय करता है दुनिया का मौसम?

प्रशांत महासागर पृथ्वी का सबसे विशाल समुद्र है। इसका क्षेत्रफल करीब 16.5 करोड़ वर्ग किलोमीटर है, जो भारत से 50 गुना बड़ा और पूरी पृथ्वी का एक तिहाई हिस्सा है।

मौसम वैज्ञानिकों ने दुनियाभर का मौसम आंकने के लिए प्रशांत महासागर के बीचों-बीच एक काल्पनिक बक्सा बनाया है, जिसे ‘नीनो 3.4 क्षेत्र’ कहा जाता है।

यह खास क्षेत्र पृथ्वी को दो बराबर हिस्सों में बांटने वाली भूमध्य रेखा के आसपास है, जिसके एक तरफ ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण-पूर्व एशिया हैं, तो दूसरी ओर दक्षिण अमेरिका स्थित है।

सामान्य दिनों और अल नीनो में क्या बदल जाता है?

सामान्य दिनों में प्रशांत महासागर के तापमान में एक खास पैटर्न बना रहता है।

आम तौर पर हवाएं पूर्व से पश्चिम दिशा की ओर चलती हैं और गर्म पानी को ऑस्ट्रेलिया व दक्षिण-पूर्व एशिया की तरफ धकेलती हैं, जिससे वहां समुद्र का पानी 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक गर्म रहता है।

वहीं दूसरी ओर, दक्षिण अमेरिका के पास समुद्र की गहराई से ठंडा पानी ऊपर आता रहता है, जिससे वहां का तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस रहता है।

लेकिन अल नीनो के दौरान ये हवाएं कमजोर पड़ जाती हैं। इससे पश्चिम में जमा गर्म पानी वापस पूर्व की तरफ फैलने लगता है और मध्य व पूर्वी प्रशांत महासागर सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है।

दूसरे महासागरों में हवाओं और समुद्री पानी की ऐसी खास व्यवस्था नहीं होती, इसलिए अल नीनो केवल प्रशांत महासागर में आता है और पूरी दुनिया का मौसम बदल देता है।

#MegaElNino #ClimateChange #IndianAgriculture #WheatCrisis #GlobalWeather #ElNino2026 #PacificOcean #WeatherAlert

- Advertisement -spot_img