ईरान ने बंद किया होर्मुज स्ट्रेट: कहा- यहां से गुजरने वाले जहाजों पर हमला करेंगे
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग का आज चौथा दिन है।
इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि उसने दुनिया की तेल आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण शिपिंग रुट, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है।
यह समुद्री रास्ता बहुत अहम है, क्योंकि दुनिया का बड़ा हिस्सा तेल यहीं से गुजरता है।
IRGC के एक अधिकारी ने सरकारी टीवी पर कहा कि अगर कोई जहाज इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करेगा, तो उसे रोका जाएगा और निशाना बनाया जा सकता है।
भारत का करीब 50% तेल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते से आता है।
दूसरी ओर, फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड का कहना है कि ईरानी अधिकारियों के बयानों के बावजूद होर्मुज स्ट्रेट बंद नहीं है।
इजराइल-ईरान जंग; दिल्ली में 80 इंटरनेशनल उड़ानें कैंसिल
इजराइल-ईरान जंग का आज चौथा दिन है। आज भी दिल्ली एयरपोर्ट पर 80 इंटरनेशनल फ्लाइट कैंसिल हैं।
इसी बीच सोमवार देर रात दुबई से एअर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट वहां फंसे यात्रियों को लेकर दिल्ली लैंड हुई।
दुबई में फंसी भारतीय शटलर पीवी सिंधु भी लौटी हैं।
इसके अलावा सोमवार देर रात UAE से 4 फ्लाइट दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु पहुंचीं।
अबू धाबी में फंसे भारतीयों ने देश लौटकर राहत की सांस ली।
इंडिगो सऊदी अरब के जेद्दा से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए 10 स्पेशल फ्लाइट उड़ाएगी।
वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए उड़ान शुरू कर रही है।
इस बीच, अबू धाबी की एतिहाद, दुबई की एमीरात और फ्लाईदुबई ने चुनिंदा उड़ानें शुरू की हैं।
अबू धाबी एयरपोर्ट से एतिहाद की 15 उड़ानें इस्लामाबाद, पेरिस, एम्सटर्डम, मुंबई, काहिरा, लंदन के लिए रवाना हुईं।
सोनिया गांधी बोलीं- खामेनेई की हत्या पर भारत की चुप्पी से हैरानी
कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर भारत सरकार की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा- दिल्ली की चुप्पी हैरान करने वाली है, यह तटस्थता (न्यूट्रल) नहीं, बल्कि जिम्मेदारी से पीछे हटना है।
मंगलवार को इंडियन एक्सप्रेस में पब्लिश आर्टिकल में उन्होंने लिखा- 1 मार्च को ईरान ने पुष्टि की कि उसके सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की एक दिन पहले अमेरिका और इजराइल के टारगेटेड अटैक में हत्या कर दी गई।
जब दो देशों की डिप्लोमैट लेवल की बातचीत चल रही हो, तब एक मौजूदा राष्ट्राध्यक्ष की हत्या अंतरराष्ट्रीय संबंधों में गंभीर दरार को दिखाती है।
सोनिया ने लिखा कि भारत सरकार ने न तो हत्या की निंदा की और न ही ईरान की संप्रभुता के उल्लंघन पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया दी।
मोदी ने अमेरिका-इजराइल के हमले को अनदेखा किया, केवल यूएई पर ईरान की जवाबी कार्रवाई की निंदा की।
बाद में पीएम ने ‘गहरी चिंता’ और ‘बातचीत व कूटनीति’ की बात कही। जबकि हमला उस समय हुआ, जब दो देशों के बीच कूटनीतिक प्रक्रिया जारी थी।
“When the targeted killing of a foreign leader draws no clear defence of sovereignty or international law from our country, and impartiality is abandoned, it raises serious doubts about the direction and credibility of our foreign policy. Silence, in this instance, is not… pic.twitter.com/LJECs5jPHR
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) March 3, 2026
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केपी उन्नीकृष्णन का निधन, खाड़ी युद्ध में फंसे भारतीयों को निकालने में निभाई थी अहम भूमिका
कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री केपी उन्नीकृष्णन का निधन हो गया है।
केरल के कोझिकोड के एक निजी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली।
केरल के मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने पूर्व केंद्रीय मंत्री केपी उन्नीकृष्णन के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
केपी उन्नीकृष्णन का जन्म 1936 में हुआ था। केपी एक प्रमुख भारतीय राजनेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री थे।
वाटकरा निर्वाचन क्षेत्र से लगातार पांच बार (1971-1996) लोकसभा सांसद रहे।
वीपी सिंह सरकार में दूरसंचार और जहाजरानी मंत्री के रूप थे।
उस दौरान उन्नीकृष्णन ने 1990 में खाड़ी युद्ध के दौरान भारतीयों की निकासी में अहम भूमिका निभाई थी।
डूरंड लाइन पर तालिबान का बड़ा हमला, पाकिस्तान की दो और मिलिट्री पोस्ट पर कब्जा
अफगानिस्तान के तालिबान शासकों ने पाकिस्तान को एक और बड़ा जख्म देते हुए डूरंड लाइन पर स्थित दो महत्वपूर्ण मिलिट्री पोस्टों को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान की सेना ने कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक और शोराबक जिलों में कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जा जमा लिया है।
यह इलाका लंबे समय से दोनों देशों के बीच विवाद का केंद्र रहा है और इस ताजा कब्जे ने इस्लामाबाद की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
तालिबान की इस बढ़ती आक्रामकता ने साबित कर दिया है कि वह अब केवल रक्षात्मक नहीं बल्कि आक्रामक रुख अपनाकर पाकिस्तान के भीतर तक घुसने की तैयारी में है।
इजराइल-ईरान जंग से दक्षिण कोरिया का बाजार 4% गिरा: भारतीय बाजार बंद; कच्चा तेल दो दिन में 13% चढ़ा
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के बीच आज यानी 3 मार्च को एशियाई शेयर बाजारों में मिला जुला कारोबार है।
वहीं होली पर आज भारतीय शेयर बाजार बंद हैं।
जापान का निक्केई इंडेक्स 2.29% नीचे 56,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4.03% गिरकर 6000 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
चीन का शंघाई कंपोजिट4,180 और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 26,070 पर फ्लैट है।
पाकिस्तान का KSE 30 इंडेक्स 0.78% चढ़कर 46,688 के स्तर पर है।
ब्रेंट क्रूड की कीमत आज 3% से ज्यादा चढ़कर 80 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। कल इसमें 10% की तेजी आई थी। यानी, दो दिन में ये 13% से ज्यादा चढ़ चुका है।
जानकारों का मानना है कि अगर यह तनाव और बढ़ा, तो तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल तक सकती हैं। इसका असर भारत में पेट्रोल-डीजल पर दिख सकता है।


