कानपुर लेम्बोर्गिनी कांड-अरबपति का बेटा 7 घंटे में छूटा:रिमांड की वजह नहीं बता पाई पुलिस, घटना के 4 दिन बाद गिरफ्तार किया था
कानपुर में तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी से 6 लोगों को टक्कर मारने वाले अरबपति कारोबारी का बेटा 7 घंटे में ही रिहा हो गया। आरोपी के वकील अनंत शर्मा ने बताया- पुलिस ने कोर्ट में 14 दिन की रिमांड मांगी थी।
जज ने पूछा कि रिमांड क्यों चाहिए, जबकि सारी धाराएं जमानती हैं? इस पर इन्वेस्टिगेशन अफसर कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए। इसके चलते कोर्ट ने रिमांड की अर्जी खारिज कर दी। फिर 20 हजार रुपए का बेल बॉन्ड भरने के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
पुलिस ने शिवम मिश्रा को गुरुवार सुबह 8 बजे घर के सामने से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दावा किया था कि शिवम जांच में सहयोग नहीं कर रहा। गुरुवार को सूचना मिली कि आरोपी एंबुलेंस से भाग रहा है। खुद को छिपाए रखने के आधार पर उसे गिरफ्तार किया।
मेडिकल कराने के बाद पुलिस शिवम को AJCM कोर्ट लेकर पहुंची। कोर्ट के बाहर वीडियो बनाने पर शिवम मीडियाकर्मियों पर भड़क गया। इशारों में कहा- वीडियो क्यों बना रहे हो? पेशी के दौरान शिवम बीमार नजर आया। उसके हाथ में वीगो लगी थी। पुलिसवाले और रिश्तेदार उसे सहारा देते नजर आए।
114 नए राफेल खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी:फ्रेंच प्रेसिडेंट मैक्रों के भारत आने पर हो सकता है सौदा; 3.25 लाख करोड़ की डिफेंस डील
भारत की रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने गुरुवार को फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस डील की कीमत करीब 3.25 लाख करोड़ रुपए बताई जा रही है।
अब यह प्रस्ताव अंतिम मंजूरी के लिए कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) के पास भेजा जाएगा। वहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के 17-20 फरवरी के 3 दिवसीय भारत दौरे पर सौदा हो सकता है।
प्रस्ताव को 16 जनवरी को रक्षा खरीद बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी थी। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, नए राफेल विमानों की खरीद से एयर डिफेंस और बॉर्डर एरिया में तैनाती की क्षमता मजबूत होगी।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी ने कॉम्बैट मिसाइलों और एयर-शिप बेस्ड हाई एल्टीट्यूड स्यूडो सैटेलाइट्स के प्रपोजल को भी मंजूरी दी है। इन सभी सौदों की कुल कीमत 3.60 लाख करोड़ रुपए है।
राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव नहीं आएगा:भाजपा सांसद ने राहुल की सदस्यता खत्म करने का नोटिस दिया, कहा- वे गुमराह कर रहे
BJP सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा में सब्सटेंसिव मोशन पेश किया है। राहुल पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है। दुबे ने राहुल की संसद सदस्यता खत्म करने और चुनाव लड़ने पर लाइफटाइम बैन लगाने की मांग की है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक, सरकार राहुल के खिलाफ सदन में उनकी स्पीच के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस नहीं लाएगी। इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदीजी ने छाती 56 इंच की नपवाई थी। उनके खिलाफ भी प्रस्ताव आना चाहिए।
हालांकि, बीजेपी उनके (राहुल) भाषण से आपत्तिजनक हिस्से हटाने को लेकर अब भी अड़ी हुई है, क्योंकि उन्होंने अब तक अपने आरोपों को लेकर सबूत पेश नहीं किए हैं। बीजेपी के चीफ व्हिप संजय जायसवाल ने राहुल के बजट चर्चा के दौरान कहे गए कुछ अंशों को रिकॉर्ड से हटाने का औपचारिक नोटिस दिया है।
इससे पहले, संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने X पर एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें 4 फरवरी को लोकसभा स्पीकर के चैंबर में हंगामे का जिक्र है। रिजिजू ने दावा किया है कि विपक्षी सांसदों ने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में गालियां दीं।
हालांकि प्रियंका ने कहा कि गालियां देने वाली बात झूठी है। उन्होंने किसी को नहीं उकसाया। वे चुपचाप थीं। आखिर में केवल शांति से अपनी बात रखी थी।
बांग्लादेश इलेक्शन- खुलना में झड़प के बाद BNP कार्यकर्ता की मौत
बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए वोटिंग जारी है।
इस दौरान खुलना में एक वोटिंग सेंटर के बाहर जमात-ए-इस्लामी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प में एक BNP नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि की मौत हो गई।
BNP का कहना है कि उनकी मौत तब हुई जब जमात के एक नेता ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वो पेड़ से टकरा गए।
वहीं, जमात नेता का दावा है कि मोहिबुज्जमान हंगामे के दौरान बीमार पड़ गए थे और उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
बांग्लादेश में करीब 12.7 करोड़ मतदाता आज अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
इस चुनाव में युवाओं की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि लगभग आधे मतदाता 18 से 37 साल के हैं। इनमें करीब 45.7 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।
कानपुर लैंबॉर्गिनी केस में बड़ी कार्रवाई, अरबपति कारोबारी का बेटा शिवम मिश्रा गिरफ्तार, कोर्ट में होगी पेशी
कानपुर में तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी से 6 लोगों को टक्कर मारने वाला अरबपति कारोबारी का इकलौता बेटा आखिरकार गिरफ्तार हो गया।
DCP अतुल श्रीवास्त ने कहा, “शिवम को गुरुवार सुबह घर के सामने से गिरफ्तार किया गया।”
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी शिवम बीमार नजर आया। उसके हाथ में वीगो लगा है। पुलिसवाले और रिश्तेदार उसे सहारा देते नजर आए। शिवम के साथ दिल्ली के एक फैमिली डॉक्टर भी हैं।
पुलिस ने उसका मेडिकल कराया और AJCM कोर्ट लेकर पहुंचीं।
कोर्ट के बाहर वीडियो बनाने पर शिवम मीडियाकर्मी पर भड़क गया। इशारों में कहा- वीडियो क्यों बना रहे हो।
पिता तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा की बेटे शिवम मिश्रा को बचाने की तमाम कोशिश कीं, लेकिन नाकाम रहीं।
8 फरवरी को हादसे के तुरंत बाद पहले घटनास्थल से बेटे को हटवाया।
फिर मीडिया से बातचीत में दावा किया- मेरा बेटा गाड़ी नहीं चला रहा था।
#WATCH | Lamborghini car accident in Kanpur, Uttar Pradesh | Shivam Mishra, accused in the case, has been taken into custody by Kanpur Police.
(Source: Police) pic.twitter.com/3ggDnUwo5I
— ANI (@ANI) February 12, 2026
लेबर लॉ के खिलाफ केंद्रीय श्रमिक संगठनों की हड़ताल, हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे
आज यानी 12 फरवरी 2026 को 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियन और संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने मिलकर भारत बंद और देशव्यापी हड़ताल बुलाई है.
उनका दावा है कि इस आंदोलन में लगभग 30 करोड़ मजदूर और किसान शामिल होंगे.
ये हड़ताल लेबर सुधारों और दूसरी पॉलिसी के खिलाफ है. किसान संगठन भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौतों का विरोध कर रहे हैं.
भारत बंद की वजह से बैंकिंग सेवाएं, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और सरकारी दफ्तरों के कामकाज पर असर पड़ सकता है, खासकर केरल और ओडिशा जैसे राज्यों में, जहां यूनियन की मजबूत पकड़ है.
भारत बंद को लेकर स्कूल और कॉलेज बंद रखने का कोई राष्ट्रीय आदेश जारी नहीं किया गया है.
ज्यादातर राज्यों में स्कूल-कॉलेज खुले रह सकते हैं. हालांकि, जिन इलाकों में बंद का ज्यादा असर है, वहां स्थानीय प्रशासन सुरक्षा कारणों से छुट्टी का फैसला ले सकता है.
ईशान किशन को प्रैक्टिस करते समय चोट लगी: अभिषेक भी बीमार; नामीबिया मैच से पहले टीम इंडिया की चिंता बढ़ी
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को होने वाले मुकाबले से पहले बुधवार शाम आयोजित प्रैक्टिस सेशन के दौरान टीम इंडिया के ओपनर ईशान किशन चोटिल हो गए।
मीडिया रिपर्ट्स में यह जानकारी दी गई है। उधर, दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा पहले से ही बीमारी से जूझ रहे हैं।
प्रैक्टिस के दौरान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की यॉर्कर ईशान किशन के बाएं पैर के अंगूठे पर जा लगी।
गेंद लगते ही ईशान दर्द से कराहते हुए जमीन पर लेट गए। टीम के फिजियो ने तुरंत उनकी जांच की। इसके बाद ईशान लंगड़ाते हुए नेट्स से बाहर चले गए।
हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी की कोशिश की, लेकिन उनका सत्र ज्यादा देर तक नहीं चल सका।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने फिलहाल उनकी चोट को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट जारी नहीं किया है।
MP वेदर: प्रदेश में बादल छाए, दिन का तापमान कम हुआ- हल्की ठंड रहेगी
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोक्ष) और ट्रफ के असर से मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत कई शहरों में बुधवार को बादल रहे। जिससे दिन का तापमान कम रहा।
मौसम विभाग की माने तो अगले 5 दिन में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 2 वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहे हैं। इस वजह से बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन बादल जरूर छाए रह सकते हैं।
इधर, अगले 3 से 4 दिन तक ठंड का असर बरकरार रहेगा। खासकर देर रात और सुबह के समय सर्दी रहेगी।
आने वाले दिनों में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी का ट्रेंड रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। साथ ही कई राज्यों में बारिश का दौर भी चल रहा है।
सिस्टम गुजरने और बर्फ पिघलने के बाद मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा।
अगले कुछ दिन में तापमान में गिरावट का दौर भी देखने को मिल जाएगा। हालांकि, सर्दी तेज नहीं रहेगी।
रात में ज्यादातर शहरों में तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच ही रहेगा।


