Homeन्यूजविदेश जाने से रोके गए CJP नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट...

विदेश जाने से रोके गए CJP नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस: सरकार ने कहा- पासपोर्ट में पिता का नाम गायब, पते और जन्मस्थान में भी फर्क

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Saurav Das Lookout Circular: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास की विदेश यात्रा पर फिलहाल ब्रेक लग गया है।

केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में साफ कर दिया कि सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है, जिसकी वजह से वे अभी देश से बाहर नहीं जा सकते।

सरकार की तरफ से कोर्ट को बताया गया कि सौरव के पासपोर्ट से जुड़े दस्तावेजों में कई गंभीर खामियां पाई गई हैं।

सबसे बड़ी बात यह है कि उनके पासपोर्ट आवेदन में पिता के नाम वाला कॉलम पूरी तरह खाली छोड़ा गया है।

इसके अलावा उनके जन्मस्थान, पढ़ाई-लिखाई और पते से जुड़ी जानकारियों में भी आपसी अंतर सामने आया है।

केंद्र सरकार ने कोर्ट के सामने यह आशंका भी जताई कि दस्तावेजों की इन गड़बड़ियों का सीधा असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर क्या हुआ था?

इस पूरे विवाद की शुरुआत 23 नवंबर की रात को हुई थी।

सौरव दास को ब्रिटेन के एक विश्वविद्यालय में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ विषय पर अपनी बात रखने के लिए लंदन जाना था।

इसके लिए उनकी 23 नवंबर की रात करीब 1 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से लंदन की फ्लाइट थी। लेकिन जब वे एयरपोर्ट पहुंचे और इमिग्रेशन काउंटर पर जांच के लिए गए, तो अधिकारियों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और फ्लाइट में चढ़ने की इजाजत नहीं दी।

एयरपोर्ट पर रोके जाने के तुरंत बाद सौरव ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर इस घटना की जानकारी सार्वजनिक की।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी ठोस कारण के विदेश जाने से रोका गया है। इसके बाद उन्होंने सरकार के इस कदम को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी।

हाईकोर्ट में आमने-सामने सरकार और सौरव के वकील

बुधवार को सौरव दास ने विदेश यात्रा पर लगाई गई रोक के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

उनके वकील ने एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच के सामने मामले की जल्द सुनवाई की गुहार लगाई थी।

गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान सौरव की ओर से वरिष्ठ वकील अखिल सिब्बल ने पक्ष रखा।

उन्होंने कोर्ट को बताया कि सौरव को न तो पहले से किसी लुकआउट नोटिस की भनक थी और न ही विदेश जाने से रोकने की कोई पूर्व सूचना दी गई थी।

सिब्बल के मुताबिक, इमिग्रेशन अधिकारियों ने पहले उन्हें फ्लाइट में बैठने से रोका और एयरपोर्ट पहुंचने के बाद ही उन्हें नोटिस थमाया गया।

वकील ने कोर्ट से मांग की कि लुकआउट नोटिस जारी करने की असली वजह बताई जाए और उसकी एक कॉपी भी उपलब्ध कराई जाए।

हालांकि, केंद्र सरकार ने लुकआउट नोटिस की कॉपी देने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि अब जब याचिकाकर्ता को नोटिस की जानकारी मिल चुकी है, तो वे कानूनी तरीके से इसे चुनौती दे सकते हैं।

पासपोर्ट रद्द नहीं हुआ, 30 नवंबर तक मांगा गया जवाब

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने पूरे घटनाक्रम का ब्योरा कोर्ट के सामने रखा।

सरकार ने बताया कि 23 नवंबर की शाम 7 बजकर 32 मिनट पर सौरव दास को नोटिस भेज दिया गया था और इसके ठीक चार मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा न करने की आधिकारिक सलाह भी दी गई थी।

 

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि सौरव का पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है, बल्कि पासपोर्ट में मिली गड़बड़ियों को लेकर उनसे जवाब मांगा गया है।

इन खामियों पर स्पष्टीकरण देने के लिए उन्हें 30 नवंबर तक का समय दिया गया है और तब तक केवल विदेश यात्रा न करने को कहा गया है।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार, केंद्रीय गृह मंत्रालय और पुलिस को नोटिस जारी कर 9 दिसंबर तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।

अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी।

विदेश मंत्रालय और चेन्नई पासपोर्ट ऑफिस का रुख

इससे पहले बुधवार को विदेश मंत्रालय (MEA) ने भी इस मामले पर अपना रुख साफ किया था।

मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया को बताया था कि सौरव दास के पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी को लेकर संदेह है, जिस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि चेन्नई स्थित रीजनल पासपोर्ट कार्यालय की ओर से 23 नवंबर को सौरव को एक कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

इस नोटिस में उन्हें सात दिनों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है।

साथ ही पासपोर्ट कार्यालय ने यह हिदायत भी दी है कि जब तक वे संतोषजनक जवाब नहीं दे देते, तब तक अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें।

पासपोर्ट लीक होने का आरोप और ऑक्सफोर्ड यूनियन का कार्यक्रम

इस कानूनी लड़ाई के बीच सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पहले ट्विटर) पर एक और गंभीर मुद्दा उठाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने उनके पासपोर्ट की कॉपी ऑनलाइन लीक कर दी है।

सौरव ने इसे निजता का उल्लंघन बताते हुए विदेश मंत्रालय से सवाल किया कि क्या देश में आम नागरिकों के पासपोर्ट इस तरह सार्वजनिक होना सामान्य बात हो गई है और क्या निजी जानकारी लीक करने को कानूनी मान्यता मिल गई है?

दूसरी तरफ, अपने ब्रिटेन दौरे को लेकर सौरव ने दावा किया था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबरा जैसे नामी संस्थानों से ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के निमंत्रण मिले थे।

हालांकि, आधिकारिक कार्यक्रम की सूची के अनुसार, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक पैनल चर्चा आयोजित होनी है, जिसमें शामिल होने के लिए सौरव को बुलाया गया था।

गौरतलब है कि ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र डिबेटिंग सोसाइटी है, जो सीधे तौर पर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।

सीजेपी नेता दीपके का सरकार पर तीखा हमला

सौरव दास को एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के नेता दीपके खुलकर उनके समर्थन में उतर आए हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार CJP की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है और इसीलिए ऐसे हथकंडे अपना रही है।

दीपके ने सवाल उठाया कि जब सौरव एयरपोर्ट पहुंचे, तो उन्हें इमिग्रेशन पर इस तरह रोका गया मानो वे कोई अपराधी, ठग या आतंकवादी हों।

उन्होंने कहा कि अगर सौरव ने कोई बड़ा घोटाला या धोखाधड़ी की होती, तब भी शायद उन्हें इस तरह नहीं रोका जाता।

सरकार पर तंज कसते हुए दीपके ने कहा कि विजय माल्या, मेहुल चोकसी और नीरव मोदी जैसे लोग, जिन पर देश का बकाया है, उन्हें सरकार एयरपोर्ट पर नहीं रोक पाई, लेकिन 27 साल के युवा नेता सौरव दास को विदेश जाने से रोकने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाए जा रहे हैं।

#SauravDas #LookoutCircular #DelhiHighCourt #CJP #CockroachJantaParty #PassportControversy #DelhiAirport   

- Advertisement -spot_img