MP Outsource Employees: (भोपाल) मध्य प्रदेश के लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है।
प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त किए जाने को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही अटकलों और चर्चाओं पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूरी तरह विराम लगा दिया है।
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में स्पष्ट किया है कि राज्य के किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से बाहर नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर जो व्यवस्था पहले से लागू है, वही आगे भी जारी रहेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने की बातों को पूरी तरह भ्रामक बताया है।

किस आदेश की वजह से खड़ा हुआ था विवाद?
दरअसल, इस पूरे मामले में असमंजस की स्थिति योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के एक आदेश के बाद पैदा हुई थी।
इस आदेश के सामने आते ही प्रदेश भर के आउटसोर्स कर्मचारियों में अपनी नौकरी जाने और भविष्य को लेकर गहरा डर बैठ गया था।
इस सरकारी आदेश में वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया था कि नियमित पदों के विरुद्ध रखे गए आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं 31 मार्च 2027 तक समाप्त करने की कार्रवाई पूरी कर ली जाए।
आदेश में केवल चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को ही इस दायरे से बाहर रखकर छूट दी गई थी, जबकि बाकी सभी श्रेणियों में आउटसोर्स व्यवस्था खत्म कर जरूरत के मुताबिक नियमित पदों पर नई भर्ती करने की तैयारी की बात कही गई थी।

ढाई लाख कर्मचारियों की नौकरी पर जताई गई थी आशंका
विभाग का यह आदेश जारी होने के बाद कर्मचारी संगठनों ने भी इस पर गंभीर चिंता जताई थी।
अस्थायी आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने दावा किया था कि अगर चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को छोड़ दिया जाए, तो प्रदेश के करीब दो से ढाई लाख आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
उनके मुताबिक, मध्य प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में इस समय पांच लाख से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं।
इनमें डेटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर और ऑफिस असिस्टेंट सहित कई श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हैं।
ये सभी कर्मचारी प्रदेश की बिजली कंपनियों, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत, कलेक्ट्रेट, शिक्षा, लोक निर्माण और जल संसाधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में कामकाज संभाल रहे हैं।

कर्मचारियों का सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
मंगलवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास के संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों की इस चिंता को दूर किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की असली ताकत और पहचान उसके कर्मचारियों की बुलंदी से होती है।
जब कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है और जनकल्याण की योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उन्हें अंतिम पंक्ति के जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर्मचारी ही करते हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पदोन्नति, भत्तों और अनुकंपा नियुक्ति पर भी सीएम ने दी जानकारी
अभिनंदन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के हित में लिए गए अन्य बड़े फैसलों की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रिक्त पड़े पदों पर भर्ती का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सभी विभागों में अब तक एक लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिल चुका है।
इसके अलावा राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए लागू दो बच्चों की सीमा की नीति को भी समाप्त कर दिया है।
सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति में कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से छूट दी गई है और कर्मचारियों के करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण भी किया गया है।

दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति देने के मामलों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है।
अकेले स्कूल शिक्षा विभाग में ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी गई हैं।
इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को गजमाला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान किया है और पदोन्नति, वेतन विसंगतियों तथा अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े उनके फैसले पूरी तरह कर्मचारी हित में हैं।
#MadhyaPradesh #MohanYadav #MPOutsourceEmployees #MPNews #BhopalNews #EmployeesWelfare #MPGovt
