Homeन्यूजगुना के स्कूल में शर्मनाक हरकत: छात्राओं की पानी की बोतल में...

गुना के स्कूल में शर्मनाक हरकत: छात्राओं की पानी की बोतल में लड़कों ने मिलाया पेशाब, शिकायत पर प्रिंसिपल बोला- ‘चॉकलेट खा लो’

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Girls water bottle urine case: मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है।

यहां के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 5वीं कक्षा की 10 छात्राओं की पानी की बोतलों में उनके ही क्लासमेट्स (सहपाठियों) ने पेशाब मिला दिया।

लापरवाही और असंवेदनशीलता की हद तो तब पार हो गई, जब पीड़ित बच्चियां इसकी शिकायत लेकर स्कूल के प्रिंसिपल के पास पहुंचीं।

कार्रवाई करने की बजाय प्रिंसिपल ने बच्चियों से कह दिया, “मुंह का स्वाद खराब हो गया है तो 10-10 रुपये वाली चॉकलेट खा लो।”

कैसे घटी यह शर्मनाक घटना?

यह पूरी घटना सोमवार सुबह की है।

स्कूल की 5वीं कक्षा की कुछ छात्राएं अपनी क्लास से बाहर निकलकर रंगोली बना रही थीं।

उन्होंने अपनी पानी की बोतलें क्लासरूम में ही छोड़ दी थीं। इसी दौरान कुछ शरारती छात्रों ने उनकी बोतलों में पेशाब मिला दिया।

जब बच्चियां वापस लौटीं और प्यास लगने पर उन्होंने अपनी बोतलों से पानी पिया, तो उन्हें स्वाद कुछ अजीब लगा।

जल्द ही उन्हें एहसास हो गया कि उनके पानी में यूरिन (पेशाब) मिलाया गया है।

प्रिंसिपल का रवैया और परिजनों का गुस्सा

इस घिनौनी हरकत से घबराईं और रोती-बिलखती हुई बच्चियां तुरंत प्रिंसिपल मूलचंद कौशिक के पास पहुंचीं।

लेकिन प्रिंसिपल ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और उल्टा चॉकलेट खाकर मुंह का स्वाद ठीक करने की बेतुकी सलाह दे डाली।

इसके बाद रोते हुए बच्चियां अपने घर पहुंचीं और माता-पिता को पूरी आपबीती सुनाई।

यह सुनते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।

मंगलवार की सुबह बड़ी संख्या में अभिभावक और गांव वाले इकट्ठा होकर स्कूल पहुंच गए।

उन्होंने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया और विरोध जताते हुए स्कूल के मेन गेट पर ताला जड़ दिया।

प्रदर्शनकारी ग्रामीण उन शरारती छात्रों और ढुलमुल रवैया अपनाने वाले प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

प्रशासन ने लिया एक्शन

स्थिति को तनावपूर्ण होता देख प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई।

आरोन इलाके की एसडीएम मंजूषा खत्री ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल एक्शन लिया।

उनके निर्देश पर तहसीलदार कृष्णकांत चौबे और बीईओ (BEO) संतोष धाकड़ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने नाराज परिजनों को शांत कराया और पीड़ित छात्राओं, उनके माता-पिता के साथ-साथ आरोपी छात्रों के भी विस्तृत बयान दर्ज किए।

फिलहाल, एसडीएम ने बीईओ को इस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

#GunaNews #MadhyaPradesh #SchoolIncident #MPNews #GunaSchool #MadhyaPradeshNews 

- Advertisement -spot_img