Homeन्यूजखान सर पर गिरफ्तारी की तलवार: पटना कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे,...

खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार: पटना कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, बॉडीगार्ड के बयान ने बढ़ाई मुश्किलें

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Khan Sir Surrender: पटना के चर्चित शिक्षक और सोशल मीडिया स्टार खान सर (खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक) अब पुलिस और कानून के शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं।

ताजा अपडेट के मुताबिक, खान सर पर हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर (आत्मसमर्पण) करनेेेेे पहुंच गए हैं।

बॉडीगार्ड के बयान ने बढ़ाई मुसीबत, दर्ज हुई गैर-जमानती धारा

इस पूरे विवाद की जड़ में खान सर के निजी सुरक्षाकर्मियों (बॉडीगार्ड्स) का एक बयान है।

पुलिस हिरासत में मौजूद गार्ड्स ने बयान दिया है कि घटना के वक्त खान सर ने उनसे कहा था, “तुम गोली चलाओ, बाकी सब हम देख लेंगे।”

इसी बयान को आधार बनाते हुए पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

कानूनी जानकारों की मानें तो यह एक बेहद गंभीर और गैर-जमानती धारा है, जिसमें आरोपी को आसानी से अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) नहीं मिलती।

यही वजह है कि खान सर के पास अब कोर्ट में सरेंडर करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं दिख रहा है।

क्या है पूरा मामला?

मामला 2 जून की रात का है, जब पटना में स्थित खान सर की कोचिंग ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ पर अचानक कुछ उपद्रवियों ने हमला कर दिया था।

इस हमले के दौरान कोचिंग के सुरक्षाकर्मियों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इसके बाद पुलिस ने खान सर से भी इस मामले में लंबी पूछताछ की थी।

बदले खान सर के सुर: पहले पुलिस की तारीफ, अब उठाए सवाल

घटना के अगले दिन खान सर ने पुलिस प्रशासन की तत्परता की काफी तारीफ की थी। लेकिन अब उनके सुर बदले-बदले नजर आ रहे हैं।

उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस घटना के दिन काफी देर से पहुंची थी।

सुरक्षाकर्मियों की फायरिंग का बचाव करते हुए खान सर ने क्लासरूम में बच्चों से कहा, “वहां भयानक मारपीट हो रही थी। मुझे अच्छी तरह पता था कि पुलिस को मौके पर पहुंचने में समय लगेगा, क्योंकि पुलिस कोई उड़कर तो नहीं आ सकती। ऐसे में गार्ड्स ने जो कुछ भी किया, वह सिर्फ अपनी जान बचाने और आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में किया था। आखिर लोग बॉडीगार्ड क्यों रखते हैं? ताकि मुसीबत के समय वे लोगों की जान बचा सकें। जब तक पुलिस नहीं आई थी, तब तक गार्ड क्या अपनी जान दे देता?”

कोचिंग बंद हुई तो गरीब बच्चों की फीस बढ़ जाएगी: खान सर

इस बीच खान सर का एक नया वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे अपनी क्लास के छात्रों को सीसीटीवी फुटेज दिखाकर पूरी कहानी समझा रहे हैं।

वीडियो में खान सर हाथ में किताब लेकर विद्या की कसम खाते हुए कह रहे हैं कि उस रात सचमुच फायरिंग और हिंसा हुई थी।

उनके गार्ड को 20-25 लोगों ने सड़क पर बेरहमी से पीटा था, लेकिन असली हमलावरों को पकड़ने के बजाय पुलिस मुद्दे को भटका रही है।

भावुक अपील करते हुए खान सर ने छात्रों से कहा, “मेरा मकसद कोचिंग से पैसा कमाना नहीं, बल्कि गरीब बच्चों को शिक्षा देना है। अगर आज ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ बंद हो गया, तो अगले 6 महीने के भीतर दूसरे कोचिंग संस्थान अपनी फीस बढ़ाकर एक से डेढ़ लाख रुपए कर देंगे।”

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, छात्रों का हंगामा

इस हाई-प्रोफाइल मामले को देखते हुए पटना पुलिस अलर्ट पर है।

आईजी (IG) ऑफिस में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बड़ी मीटिंग हुई, जिसके बाद पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी कोचिंग संचालक के बहकावे या उकसावे में न आएं।

फिलहाल एहतियात के तौर पर खान सर की कोचिंग और पास ही स्थित ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ के बाहर 25 से 30 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

ज्ञान बिंदु एकेडमी में माहौल पूरी तरह शांत है और कक्षाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।

 

वहीं दूसरी ओर, खान सर की कोचिंग के बाहर लगभग 50 से ज्यादा छात्र जमा हैं, जो पुलिस और मीडिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा कर रहे हैं। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

- Advertisement -spot_img