Homeन्यूजमध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का तांडव: चित्रकूट की सड़कों...

मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का तांडव: चित्रकूट की सड़कों पर चलीं नावें, डिंडौरी और पन्ना में स्कूल बंद

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

MP Flood Alert: देशभर के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है।

मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और ओडिशा में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों—विशेषकर रीवा, सतना, डिंडौरी, पन्ना और मैहर में हालात काफी नाजुक बने हुए हैं।

रीवा-सतना में बाढ़ जैसे हालात

रीवा में पिछले 48 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं।

शहर के निचले इलाकों से लेकर प्रमुख मोहल्लों के बेडरूम और किचन तक पानी भर गया है।

लोग रातभर अपने घरों से पानी उलीचते नजर आए। कई जगह पानी के तेज बहाव में गाड़ियां बह गईं।

चित्रकूट में उफान पर मंदाकिनी

वहीं, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि नदी का पानी सीधे बाजारों तक पहुंच गया, जिसके बाद सड़कों पर नावें चलानी पड़ीं।

सुरक्षा के लिहाज से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाओं को पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने 20 अगस्त को राज्य के सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और दमोह जिलों में ‘अति भारी बारिश’ का अलर्ट जारी किया है।

इन इलाकों में 24 घंटे के भीतर 8 इंच तक पानी गिरने की संभावना है।

लगातार हो रहे जलभराव और नदी-नालों के उफान पर होने की वजह से डिंडौरी और पन्ना जिलों में नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मध्य प्रदेश के जिलों की स्थिति और डैम के अपडेट

* डिंडौरी: खरमेर नदी के उफान पर आने से डिंडौरी-मंडला स्टेट हाईवे पूरी तरह बंद हो चुका है। समनापुर क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।

* रीवा और सतना: रीवा में बीते 24 घंटे में साढ़े 7 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। सतना के भुमकहर गांव में एक 55 वर्षीय चरवाहा नाले में बह गया, जिसकी तलाश के लिए SDERF की टीम तैनात है।

* मैहर और अमरपाटन: अमरपाटन क्षेत्र में मरहा, भंवरा और मुरजुआ नदियां उफान पर हैं। गऊ घाट पुल और कस्तरा रपटा डूबने से कई गांव जलमग्न हो गए हैं। स्थानीय लोग छाती तक भरे पानी से गुजरकर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं।

* उमरिया: संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम का जलस्तर बढ़ने पर 2 गेट 1-1 मीटर तक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। ग्राम पंचायत रक्शा में टेढ़िया नदी पर बनी पक्की सड़क पहली ही बारिश में बह गई।

* जबलपुर (बरगी डैम): नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम के 4 और गेट खोल दिए गए हैं। अब कुल 21 में से 13 गेटों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

देशभर का हाल: दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड और ओडिशा में आफत

* उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में बीते 3 दिनों में 205 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर के कई हॉस्टलों में 5 फीट तक पानी भरने से लगभग 2000 छात्रों को हॉस्टल छोड़कर जाना पड़ा। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 100 से अधिक मंदिरों में पानी प्रवेश कर गया है।

* दिल्ली-NCR: तेज बारिश के कारण दिल्ली हवाई अड्डे के पास द्वारका अंडरपास समेत कई मुख्य सड़कों पर भारी जलभराव हुआ, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

* उत्तराखंड और हिमाचल: उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। चारधाम यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों को नदियों के किनारे न जाने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण 88 से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।

* ओडिशा और असम: ओडिशा के 6 जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भरने से 3 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। असम के गुवाहाटी में भी लगातार बारिश से हालात चिंताजनक बने हुए हैं।

#MPRain #MadhyaPradeshNews #FloodAlert #RewaNews #Chitrakoot #BargiDam #Monsoon2026 #WeatherUpdate #HeavyRainfall

- Advertisement -spot_img