MP Youth Congress controversy: इंदौर में 19 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मुख्य अतिथ्य में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कई दिनों तक दिन-रात मेहनत की।
हालांकि, कार्यक्रम के खत्म होते ही संगठन के अंदर का असंतोष अब सरेआम बाहर आ चुका है।
मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस की उपाध्यक्ष स्वीटी पाटिल ने संगठन की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है।

पास के लिए भटकती रहीं उपाध्यक्ष, होटल रेडिसन जाना पड़ा
स्वीटी पाटिल का आरोप है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें पास के लिए घंटों परेशान किया गया।
उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत खराब थी, इसके बावजूद उन्होंने एक दिन पहले ही प्रदेश अध्यक्ष और जिम्मेदार पदाधिकारियों से पास के बारे में पूछा था ताकि वह सही समय पर कार्यक्रम स्थल पहुँच सकें।
लेकिन उन्हें समय पर पास नहीं दिया गया और इधर-उधर टहलाया जाता रहा। बाद में उन्हें पता चला कि पास एक लड़के के पास रेडिसन होटल में रखे हैं।
जब वह पास लेने होटल गईं और वहां से कार्यक्रम स्थल पहुंचीं, तब तक भारी भीड़ जमा हो चुकी थी और अव्यवस्था का माहौल था।

“मेहनती कार्यकर्ता बाहर, गलत लोग अंदर बैठे थे”
स्वीटी पाटिल ने सोशल मीडिया पोस्ट और यूथ कांग्रेस के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी भड़ास निकाली।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन कार्यकर्ताओं ने 15-15 दिनों तक इंदौर में रहकर मेहनत की, उन्हें एंट्री पास तक नसीब नहीं हुए।
दूसरी तरफ, अपराधी प्रवृत्ति के लोगों और ऐसे व्यक्तियों को वीआईपी पास बांटे गए जिनका संगठन के काम में कोई योगदान नहीं था।

स्वीटी ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि समझ ही नहीं आ रहा कि संगठन में अध्यक्ष कौन है, उपाध्यक्ष कौन है और प्रभारी कौन है।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में लिखा, “यदि आपसे जिम्मेदारी नहीं संभल रही है, तो पद छोड़ दीजिए।”
व्हाट्सएप ग्रुप में छिड़ी रार: इस्तीफे और ‘चलो दिल्ली’ की चेतावनी
स्वीटी के अलावा संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी व्हाट्सएप ग्रुप में जमकर गुबार निकाला:
जावेद पटेल (उज्जैन) ने आरोप लगाया कि 15 दिन मेहनत करने वाले नेताओं की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रीय नेतृत्व ने जवाब नहीं दिया तो 20-30 निर्वाचित सदस्य प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे या इस्तीफा देंगे।

अतुल आलम (सिवनी) ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के आसपास रहने वाले चाटुकार ही खुद को पूरी टीम मानते हैं और बाकी कार्यकर्ताओं को सिर्फ भीड़ बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
स्वीटी पाटिल ने आगे आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस को बैकड्रॉप से शादाब खान नाम का व्यक्ति चला रहा है, जो बिना किसी प्रोटोकॉल के सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने एयरपोर्ट चला जाता है।
इरफान नामक पदाधिकारी ने कहा कि यदि राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रभारी ने उनकी बात नहीं सुनी तो वे यूथ कांग्रेस को अलविदा कह देंगे।
ग्रुप में कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए ‘चलो दिल्ली’ का नारा भी दिया।

प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया की सफाई
इन सभी गंभीर आरोपों और व्हाट्सएप ग्रुप में मचे घमासान पर जब मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया से सवाल किया गया, तो उन्होंने पूरे मामले से अनभिज्ञता जताई।
घनघोरिया ने कहा कि उन्हें इस तरह के किसी विवाद या शिकायत की जानकारी नहीं है और किसने व्हाट्सएप ग्रुप या सोशल मीडिया पर क्या लिखा है, यह उनके संज्ञान में नहीं है।
#MPYouthCongress #RahulGandhi #ChhatronKiGoonj #IndoreNews #MPCongress #SweetyPatil #YashGhanghoriya #PoliticalNews
