भारत-पाकिस्तान मैच पर आज आ सकता है फैसला, PCB ने किया था बॉयकॉट
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच पर फैसला आज आ सकता है।
रविवार को ICC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच हुई बैठक के बाद मुकाबला होने के आसार बढ़ गए हैं।
दोनों टीमों का मैच 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित है। पाकिस्तान ने मैच के बॉयकॉट का ऐलान किया है।
इसी सिलसिले में ICC के दो प्रतिनिधि इमरान ख्वाजा और मुबाशिर उस्मानी रविवार सुबह लाहौर पहुंचे, जहां उन्होंने PCB अधिकारियों के साथ चर्चा की।
भारत-पाक मुकाबला ICC और ब्रॉडकास्टर्स के लिए सबसे बड़ा कमर्शियल मैच माना जाता है।
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई बैठक में PCB प्रमुख मोहसिन नकवी, ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम शामिल रहे।
ICC की कोशिश है कि 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान ग्रुप मैच किसी भी हालत में कराया जाए।
NCP मुखिया शरद पवार की बिगड़ी तबीयत, पुणे के अस्पताल में हुए भर्ती
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP- शरद पवार गुट) प्रमुख शरद पवार को पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्हें गले में संक्रमण और बुखार की शिकायत थी, जिसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
बताया गया है कि पवार पहले बारामती में थे और वहीं प्राथमिक इलाज लिया था, लेकिन तबीयत पूरी तरह ठीक न होने पर उन्हें आगे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल में शरद पवार के साथ उनकी बेटी और एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले और दामाद सदानंद सुले मौजूद हैं।
भतीजे अजित पवार की अचानक मृत्यु के बाद शरद पवार लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय थे।
फिलहाल शरद पवार डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनका इलाज जारी है।
‘आरोप झूठे, बेबुनियाद, मनगढ़ंत हैं’, एपस्टीन फाइल में नाम आने पर दलाई लामा ने दी सफाई
अमेरिका में बच्चियों और महिलाओं के यौन शोषण के दोषी जेफरी एपस्टीन से तिब्बत के आध्यात्मिक नेता 14वें दलाई लामा का नाम भी सामने आया था।
इस मामले में अब दलाई लामा का स्पष्टीकरण आ गया है। दलाई लामा के कार्यालय की ओर से बयान जारी किया गया है।
दलाई लामा के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दलाई लामा का जेफरी एपस्टीन से कोई कनेक्शन नहीं है। वे उनसे कभी नहीं मिले और न ही उन्होंने अपनी तरफ से किसी को उनसे मिलने या बातचीत करने के लिए भेजा था।
सोशल मीडिया पर उनके और एपस्टीन के लिंक को लेकर वायरल हो रहीं पोस्ट झूठी और बेबुनियाद हैं।
वायरल रिपोर्ट्स और ऑनलाइन पोस्ट गुमराह करने वाली और तथ्यहीन मनगढ़ंत कहानियां हैं।
इसरो ने चंद्रयान-4 के लिए लैंडिंग साइट तलाशी: चंद्रमा के साउथ पोल पर मॉन्स माउटन पहाड़ पर उतरेगा
इसरो ने चंद्रयान-4 मिशन के लिए चंद्रमा के साउथ पोल के पास एक लैंडिंग साइट तलाश ली है।
चंद्रयान-2 ऑर्बिटर से मिली तस्वीरों के आधार पर वैज्ञानिकों ने मॉन्स माउटन (MM-4) क्षेत्र को लैंडिंग के लिए सबसे सही बताया है।
मॉन्स माउटन, चंद्रमा के साउथ पोल के पास स्थित करीब 6,000 मीटर ऊंचा पहाड़ है। इसकी चोटी काफी हद तक सपाट है, जो लैंडिंग के लिए अनुकूल है। हालांकि, लैंडिंग साइट को लेकर अंतिम फैसला लॉन्च के करीब लिया जाएगा।
वैज्ञानिकों के मुताबिक यह इलाका इसलिए भी अहम है, क्योंकि यहां लंबे समय तक सूर्य की रोशनी मिलती है। इसके अलावा इस क्षेत्र में वॉटर आइस मौजूद होने की संभावना भी जताई जाती है।
ईरान ने इजरायल को युद्ध के लिए ललकारा, कहा- शुरुआत करो खत्म हम करेंगे
अमेरिका और इजरायल के बीच हालत बद से बदतर होते जा रहे हैं।
ईरान ने अमेरिका को दरकिनार करते हुए इजरायल को युद्ध के लिए ललकारा है।
यूरेनियम संवर्धन की क्षमता बनाए रखने के अपने रुख पर कायम ईरान ने अमेरिका के साथ ओमान बातचीत के बेनतीजा रहने के बाद रुख कड़ा किया है।
इज़रायल को खुली चेतावनी देते हुए रविवार को तेहरान के मशहूर पैलेस्टाइन स्क्वायर पर एक विशाल बैनर लगाया गया है, जिसमें ग्रेटर तेल अवीव (Gush Dan) क्षेत्र के संभावित लक्ष्यों का नक्शा दिखाया गया है।
भोपाल में गोमांस-पानी के मुद्दे पर आज बड़ा प्रदर्शन: निगम के ISBT दफ्तर का घेराव
भोपाल में पिछले एक महीने से सुर्खियों में बने गोमांस और गंदे पानी की सप्लाई के मुद्दे पर सोमवार को बड़ा प्रदर्शन होगा।
आईएसबीटी स्थित निगम दफ्तर का कांग्रेसी घेराव करेंगे। साथ ही जिम्मेदारों के पुतले भी फूंके जाएंगे।
कांग्रेस नेता रविंद्र साहू झूमरवाला के नेतृत्व में यह प्रदर्शन होगा।
स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने का मामला भी गंभीर है। अब तक छोटे कर्मचारियों पर ही कार्रवाई हुई है, लेकिन जिम्मेदार महापौर और एमआईसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एमआईसी मीटिंग से ही स्लॉटर हाउस का प्रस्ताव पास हुआ था।
MP में 2 दिन बाद बढे़गा तापमान: कटनी-शहडोल में टेम्पेरेचर सबसे कम
मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन तक तेज सर्दी रहेगी।
इस दौरान ग्वालियर-चंबल के साथ रीवा और शहडोल संभाग के शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहेगा।
अभी कटनी और शहडोल में टेम्पेरेचर सबसे कम है। वहीं, भोपाल और इंदौर में भी पारे में गिरावट देखी गई है।
इससे पहले बीती रात प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रहा।
5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 10.4 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, ग्वालियर में 11.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे ठंडे शहर कटनी का करौंदी, शहडोल का कल्याणपुर रहे।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल कोहरे और बारिश की संभावना नहीं है।
दिन में तेज धूप खिलेगी, लेकिन भोपाल, सीहोर, गुना, ग्वालियर, भिंड, मुरैना आदि जिलों में सर्द हवाएं भी चलेगी


