मुंबई समेत 15 नगर निगम में महिला महापौर होंगी: लॉटरी से हुआ फैसला, उद्धव गुट का बवाल
महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में से मुंबई समेत 15 में महिलाएं मेयर होंगी।
गुरुवार को मुंबई में लॉटरी सिस्टम से इन्हें चुना गया। परभणी नगर निगम पर महिला महापौर को लेकर आपत्ति दर्ज की गई है।
लॉटरी सिस्टम पर शिवसेना (UBT) नेता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने विरोध किया। उ
न्होंने दावा किया कि यह फैसला लेने के नियम बिना किसी को बताए बदल दिए गए।
पिछले दो मेयर सामान्य वर्ग के थे, इसलिए नई मेयर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) या अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से होना चाहिए था।
29 में से 12 सीटें ST, SC, OBC कैटेगरी के लिए आरक्षित की गई हैं, जबकि 17 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं।
शिंदे के गढ़ ठाणे में महापौर SC कैटेगरी का होगा। मुंबई में छठवीं बार महिला को यह पद मिलेगा।
इससे पहले किशोरी पेडनेकर मेयर थीं।
अविमुक्तेश्वरानंद को चेतावनी- माघ मेले से बैन कर देंगे: प्रशासन ने दूसरा नोटिस भेजा
प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और माघ मेला प्रशासन के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है।
48 घंटे के अंदर प्रशासन ने अविमुक्तेश्वरानंद को दूसरा नोटिस भेजा है।
इसमें मौनी अमावस्या के दिन बैरियर तोड़ने और जबरन भीड़ में पालकी घुसाने को लेकर सवाल किए हैं।
पूछा है कि क्यों न आपको हमेशा के लिए माघ मेले से बैन कर दिया जाए।
सज्जन कुमार को बड़ी राहत, 1984 के सिख विरोधी दंगों के एक केस में कोर्ट ने किया बरी
1984 में सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक केस में आरोपी कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार बरी हो गए हैं.
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने जनकपुरी-विकासपुरी हिंसा केस में फैसला सुनाया है.
दिसंबर 2025 में विशेष न्यायाधीश दिग्विनय सिंह ने केस की आखिरी बहस होने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था, जो आज सुनाया गया.
मामला जनकपुरी में सोहन सिंह और अवतार सिंह की हत्या के साथ-साथ विकासपुरी में गुरचरण सिंह को जिंदा जलाने से जुड़ा था, जिसमें सज्जन कुमार को बहुत बड़ी राहत मिली है.
मामले में फरवरी 2015 में विशेष जांच टीम (SIT) ने पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर सज्जन कुमार के खिलाफ 2 FIR दर्ज की थीं और तब से ही केस कोर्ट में विचाराधीन था.
गुजरात-सांसद शक्तिसिंह के भतीजे ने पत्नी को गोली मारी: फिर खुदकुशी की
गुजरात से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नेता शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे और सरकारी अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने पत्नी की हत्या करके आत्महत्या कर ली। यशराज की शादी दो महीने पहले ही हुई थी।
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात दंपति के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद यशराज ने पहले पत्नी की हत्या की।
फिर 108 पर कॉल करके एंबुलेंस को बुलाया। जब डॉक्टर्स ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया तो यशराज ने भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
वस्त्रपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही हैं।
घटना के बाद एनआरआई टावर के गेट बंद कर दिए गए हैं। पुलिस तैनात है। फ्लैट में रहने वालों के अलावा किसी को भी अंदर जाने की परमिशन नहीं है।
ट्रम्प ने यूरोपीय देशों पर टैरिफ की धमकी वापस ली: 8 देशों पर 10% टैरिफ लगाया था
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि वे अब 8 यूरोपीयन देशों पर 10% टैरिफ नहीं लगाएंगे।
यह टैरिफ 1 फरवरी से लागू होने वाला था।
ट्रम्प ने यह फैसला दोवोस में NATO सेक्रेटरी जनरल मार्क रुटे के साथ ग्रीनलैंड और आर्कटिक क्षेत्र पर बातचीत के बाद लिया।
ट्रम्प ने कहा कि दोनों नेताओं ने ग्रीनलैंड और पूरे आर्कटिक क्षेत्र को लेकर भविष्य के सौदे का फ्रेमवर्क तय किया है।
इससे अमेरिका और सभी NATO सदस्यों का फायदा होगा।
उन्होंने ट्रुथ पर लिखा कि इस समझ के आधार पर मैं टैरिफ नहीं लगाऊंगा।
ट्रम्प ने ग्रीनलैंड पर कब्जे का विरोध करने वाले यूरोपिय देशों पर 10% टैरिफ लगाने की धमकी दी थी।
UP-राजस्थान, हरियाणा के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट
देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद अब बारिश-ओलावृष्टि का दौर शुरू होने की चेतावनी है।
आज से राजस्थान, हिमाचल और पंजाब-हरियाणा में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है।
यूपी के 15, राजस्थान और हरियाणा के 6-6 जिलों में बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में आज बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। यहां भी 22 से 24 जनवरी तक तेज बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
उत्तराखंड के 5 जिलों में आज और कल बर्फबारी का अलर्ट है।
MP में 25 जनवरी से फिर बढ़ेगी ठंड; उत्तरी हिस्से में बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में मावठा गिरने और कोहरा छाने के बाद तेज सर्दी पड़ेगी।
IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के मुताबिक, गुरुवार को ग्वालियर-दतिया समेत 5 जिलों में मध्यम कोहरा रहा, जबकि शुक्रवार को उत्तरी हिस्से में बारिश भी होगी।
वहीं, 25 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी।
23 जनवरी को 7 जिलों में बारिश होने के आसार है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, जब ये सिस्टम आगे बढ़ेंगे तो न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। पारा 2 से 3 डिग्री तक लुढ़क जाएगा।
फिलहाल उत्तरी हिस्से में कोहरे का असर है। गुरुवार सुबह ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में मध्यम कोहरा रहा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत कई जिलों में हल्के कोहरे का असर देखने को मिला।


