CJP Abhijit Diwke Slap : जयपुर का शहीद स्मारक 15 जून को युवाओं और छात्रों की आवाज का केंद्र बना हुआ था।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र, युवा और उनके माता-पिता इकट्ठा हुए थे।
प्रदर्शनकारी छात्र हाथों में ‘मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है’ और ‘पेपर लीक बंद करो’ जैसे नारों वाली तख्तियां और तिरंगा थामे हुए थे।

अभिजीत को पड़े सरेआम थप्पड़
माहौल में जोश था, लेकिन तभी CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके वहां पहुंचे।
जैसे ही अभिजीत दीपके आए, समर्थकों ने उन्हें जोश में अपने कंधे पर उठा लिया और नारे लगाते हुए अंदर ले जाने लगे।
इसी भारी भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक आगे बढ़ा और उसने अभिजीत को थप्पड़ मार दिया।

थप्पड़ पड़ते ही वहां चीख-पुकार मच गई।
अभिजीत के समर्थक गुस्से से लाल हो गए और उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे उस युवक को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए थप्पड़ मारने वाले युवक को अपनी कस्टडी में ले लिया।

वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें…
नारेबाजी के बीच आपस में भिड़े युवक, मची भगदड़
इस थप्पड़ कांड से पहले भी धरना स्थल पर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।
प्रदर्शन के दौरान ही कुछ गुटों के युवक आपस में किसी बात को लेकर उलझ गए और उनके बीच लात-घूंसे चलने लगे।
युवाओं को आपस में भिड़ता देख पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया और हुड़दंग मचाने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठा दिया।
इस हंगामे के बीच कुछ महिलाएं भी अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने आई थीं, जिन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

आंदोलन की आड़ में हाथ साफ कर गए जेबकतरे!
जहां एक तरफ छात्र देश की शिक्षा व्यवस्था सुधारने और अपने हक के लिए चिल्ला रहे थे, वहीं दूसरी तरफ चोरों ने इस भीड़ का पूरा फायदा उठाया।
प्रदर्शन के दौरान मची अफरा-तफरी के बीच कई आंदोलनकारियों के महंगे मोबाइल फोन चोरी हो गए।
जब एक के बाद एक कई लोगों के फोन गायब होने की शिकायतें आईं, तो आयोजकों को मंच (माइक) से बकायदा एलान करना पड़ा कि “सभी लोग प्रदर्शन के साथ-साथ अपने मोबाइल और जेब का भी खास ध्यान रखें।”
‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के लगे नारे
प्रदर्शनकारी छात्रों का गुस्सा मुख्य रूप से देश की चरमरा रही शिक्षा व्यवस्था और हाल ही में हुए नीट (NEET) पेपर लीक को लेकर था।
कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के मुख्य गेट पर कॉकरोच का एक बड़ा सा स्केच बनाया और दीवार पर ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ का स्लोगन लिख दिया।
छात्र लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह लड़ाई सिर्फ किसी एक राजनीतिक दल या संगठन की नहीं है। यह देश के लाखों छात्रों, युवाओं और उनके बेबस माता-पिता के भविष्य की लड़ाई है। हम लगातार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में आ रही धांधली के खिलाफ तब तक लड़ते रहेंगे, जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिल जाता।”
