UP Bihar Student Protest: देशभर में NEET पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर विरोध-प्रदर्शन का दौर जारी है।
शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार के कई हिस्सों में छात्रों और युवाओं का गुस्सा चरम पर देखने को मिला।
एक तरफ जहां बिहार में प्रदर्शन उग्र हो गया और पुलिस-प्रशासन के साथ हिंसक झड़पें देखने को मिलीं।
वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर आते ही कई शहरों में प्रदर्शनकारी छात्रों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।

बिहार में उग्र हुआ प्रदर्शन: पथराव, लाठीचार्ज और फायरिंग
बिहार बंद के दौरान राज्य के लगभग 8 से 10 जिलों में छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़पें हुईं।
सीवान, सीतामढ़ी, छपरा, भागलपुर और पटना में हालात काफी तनावपूर्ण हो गए।
* सीवान में स्थिति गंभीर: सीवान में उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद भी स्थिति काबू में न आने पर पुलिस को लगभग 10 राउंड फायरिंग करनी पड़ी।

इस घटना में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। पथराव के दौरान सीवान के SP पूरन झा के हाथ में भी चोट आई है।
* सीतामढ़ी में धारा 144 लागू: सीतामढ़ी में प्रदर्शनकारियों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और वाहनों में आग लगा दी। पथराव में SP अमित रंजन समेत 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है।

* छपरा और भागलपुर का हाल: छपरा में छात्रों ने समाहरणालय में घुसकर पोस्टर फाड़े और बैरिकेडिंग लेकर भाग गए।
हालात को संभालने के लिए ITBP के जवानों को सड़क पर उतारना पड़ा। भागलपुर और अन्य जिलों में भी लाठीचार्ज और ईंट-पत्थर चलने की खबरें सामने आईं।

यूपी में भारी बारिश के बावजूद सड़कों पर उतरे युवा
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी और सहारनपुर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।
प्रयागराज में भारी बारिश के बावजूद लगभग 10 हजार छात्र और युवा सड़कों पर जमे रहे।
नगीना सांसद चंद्रशेखर की अगुवाई में लखनऊ के इको गार्डन में भी युवाओं ने मजबूती से अपनी आवाज उठाई।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खबर और छात्रों का जश्न
शनिवार दोपहर जैसे ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद छोड़ने की खबर सामने आई, आंदोलन कर रहे छात्रों का गुस्सा खुशी में बदल गया।

उत्तर प्रदेश में टॉफी बांटी और पोस्टर फाड़े:
प्रयागराज में छात्र बिजली के पोल पर चढ़कर जश्न मनाने लगे और टी-शर्ट हवा में लहराई।
वाराणसी में छात्रों ने एक-दूसरे को मेलोडी टॉफी खिलाकर बधाई दी।
छात्राओं ने इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर फाड़ते हुए इसे छात्र शक्ति की बड़ी जीत बताया।

Mp के इंदौर में 25 दिन से जारी धरना खत्म:
मध्य प्रदेश के इंदौर में टंट्या भील चौराहे पर पिछले 25 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने खबर सुनते ही तिरंगा लहराया और देशभक्ति गीतों पर जमकर डांस किया।
छात्रों ने मिठाई बांटकर अपनी जीत की घोषणा की और फिलहाल अपना धरना खत्म करने का फैसला लिया।

हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पूरी पारदर्शिता लाने और सुधार करने की उनकी मुख्य मांगें जब तक पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका यह वैचारिक संघर्ष जारी रहेगा।
#NEETProtest #PaperLeak #BiharBandh #UPNews #IndoreStudents #StudentPower #NEETUG #EducationMinister #StudentProtest
