Homeन्यूजझारखंड में 20वें दिन भी छात्रों का अनशन जारी, 500 प्रदर्शनकारियों पर...

झारखंड में 20वें दिन भी छात्रों का अनशन जारी, 500 प्रदर्शनकारियों पर FIR के बाद बढ़ा सियासी पारा

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Jharkhand Student Protest: झारखंड की राजधानी रांची में इन दिनों छात्रों का गुस्सा चरम पर है।

JSSC-CGL परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और धांधली के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को 20वें दिन में प्रवेश कर गया।

रांची के ऐतिहासिक जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सैकड़ों छात्र दिन-रात डटे हुए हैं, जिनमें से 6 छात्र अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हैं।

हालात उस समय और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए जब 10 अगस्त को हुए विधानसभा घेराव के बाद पुलिस ने करीब 500 प्रदर्शनकारी छात्रों पर FIR दर्ज कर ली।

इस कदम के बाद से छात्रों में सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी है।

छात्रों का दर्द: ‘हम भी स्वतंत्रता दिवस मनाना चाहते हैं, लेकिन सरकार चुप है’

आंदोलन में शामिल छात्र नेता राधे कुमार ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, “हमारा प्रदर्शन 20 दिनों से चल रहा है। दो दिन बाद 15 अगस्त को देश स्वतंत्रता दिवस मनाएगा, हम भी इसे खुशी से मनाना चाहते हैं। लेकिन यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हमारी आवाज नहीं सुन रहे हैं।”

छात्रों का साफ कहना है कि जब तक JSSC-CGL परीक्षा को पूरी तरह रद्द नहीं किया जाता और इस पूरे मामले की जांच सीबीआई (CBI) से कराने का फैसला नहीं होता, तब तक उनका यह आंदोलन खत्म नहीं होगा।

छात्र अब किसी मध्यस्थ के बजाय सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से टेबल टॉक यानी आमने-सामने बातचीत करना चाहते हैं।

छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो को लेकर सस्पेंस और गुस्सा

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उनका कहना है कि विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प में छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया।

गुरुवार को स्टेडियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए छात्रों की टीम ने चिंता जताई कि प्रशासन उन्हें देवेंद्रनाथ महतो से मिलने नहीं दे रहा है।

इतना ही नहीं, उनके स्वास्थ्य से जुड़ी कोई भी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है, जिससे छात्रों में काफी गुस्सा है।

डॉक्टर बोले- अनशनकारियों की हालत फिलहाल स्थिर

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनशन पर बैठे छात्रों की सेहत पर नजर रखने के लिए सदर अस्पताल से डॉक्टरों की टीम पहुंची।

डॉ. विशाल आनंद ने बताया कि अनशन पर बैठे सभी 6 छात्रों का ब्लड प्रेशर, शुगर और वजन फिलहाल सामान्य है। स्थिति नियंत्रण में है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है।

हालांकि, सतर्कता बरतते हुए कुछ छात्रों का टाइफाइड और अन्य टेस्ट कराने के लिए ब्लड सैंपल लिया गया है।

लंगर से मिल रहा सहारा, एनजीओ ने संभाली कमान

रांची के मैदान में डटे इन आंदोलनकारी छात्रों की मदद के लिए आम लोग और सामाजिक संस्थाएं भी आगे आ रही हैं।

‘शंकरा हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन’ की ओर से धरनास्थल पर विशाल लंगर चलाया जा रहा है।

संस्था की प्रतिनिधि नेहा सिंह ने बताया कि झारखंड के अलग-अलग जिलों से आए लगभग 2000 छात्रों को रोजाना दोनों वक्त का ताजा खाना खिलाया जा रहा है, ताकि भूख की वजह से किसी छात्र की हिम्मत न टूटे।

छात्र आंदोलन पर गर्माई सियासत

इस आंदोलन ने अब पूरी तरह से राजनीतिक रंग ले लिया है:

* रघुवर दास का अल्टीमेटम: बुधवार की शाम झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रघुवर दास छात्रों से मिलने स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक हफ्ते के भीतर JSSC धांधली की CBI जांच के आदेश नहीं दिए गए, तो वे खुद भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर अनशन पर बैठेंगे।

* BHU तक पहुंची आंच: वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने लंका गेट पर प्रदर्शन किया और सीएम हेमंत सोरेन का पुतला फूंका।

* संसद में गूंजा मुद्दा: संसद के मानसून सत्र के आखिरी दिन दिल्ली में भाजपा सांसदों ने झारखंड छात्र आंदोलन के समर्थन में और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रशासन सतर्क, CM हाउस की सुरक्षा बढ़ाई गई

छात्रों के उग्र तेवरों को देखते हुए रांची प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है।

कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास (CM House) के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जगह-जगह पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और मजबूत बैरिकेडिंग की गई है, ताकि छात्र अचानक उधर का रुख न कर सकें।

छात्रों का साफ संदेश है— “यह आंदोलन किसी एक परीक्षा का नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के भविष्य का है। जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा, तब तक कदम पीछे नहीं हटेंगे।”

#JharkhandStudentProtest #JSSCCGL #HemantSoren #RanchiNews #JusticeForJharkhandStudents #CBIForJSSC

- Advertisement -spot_img