Homeन्यूजभारत-नेपाल के 'रोटी-बेटी' के रिश्ते को मिली नई रफ्तार: पटरी पर दौड़ी...

भारत-नेपाल के ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते को मिली नई रफ्तार: पटरी पर दौड़ी सरयू-कमला एक्सप्रेस, यूपी-बिहार के इन 10 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

और पढ़ें

Nisha Rai
Nisha Rai
निशा राय, पिछले 14 सालों से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल (M.P.), लाइव हिंदुस्तान डिजिटल (दिल्ली), गृहशोभा-सरिता-मनोहर कहानियां डिजिटल (दिल्ली), बंसल न्यूज (M.P.) जैसे संस्थानों में काम किया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) से पढ़ाई कर चुकीं निशा की एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल बीट पर अच्छी पकड़ है। इन्होंने सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर भी काफी काम किया है। इनके पास ब्रांड प्रमोशन और टीम मैनेजमेंट का काफी अच्छा अनुभव है।

Ayodhya to Nepal train: भगवान श्रीराम की पवित्र जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता के मायके नेपाल स्थित जनकपुर धाम के बीच वर्षों से चली आ रही सीधी रेल संपर्क की प्रतीक्षा आखिरकार खत्म हो गई है।

23 नवंबर 2026 का दिन भारत और नेपाल के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक रिश्तों के इतिहास में एक सुनहरे अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से वर्चुअली जुड़कर दोनों देशों को जोड़ने वाली इस खास ट्रेन ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर इस ऐतिहासिक मौके को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

स्टेशन पर लगाई गई बड़ी एलईडी स्क्रीन पर जैसे ही दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने हरी झंडी दिखाई, पूरी अयोध्या नगरी जय श्रीराम के नारों से गूंज उठी।

स्टेशन परिसर में कलाकारों ने ‘श्रीराम जय राम जय जय राम’ की धुन पर नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर इस पल को यादगार बना दिया।

धार्मिक मान्यताओं और वाल्मीकि रामायण के अनुसार, त्रेतायुग में जब राजा दशरथ भगवान राम की बारात लेकर अयोध्या से मिथिला के जनकपुर पहुंचे थे, तो उन्हें इस यात्रा में चार दिन का समय लगा था।

अब आधुनिक रेल सेवा के जरिए श्रद्धालु और आम यात्री यही सफर महज 19 घंटे में आराम से पूरा कर सकेंगे।

सरयू और कमला नदियों के संगम पर रखा गया ट्रेन का नाम

इस नई अंतरराष्ट्रीय ट्रेन का नाम बेहद सोच-समझकर ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ रखा गया है।

इसके पीछे दोनों देशों की भौगोलिक और सांस्कृतिक पहचान जुड़ी हुई है।

एक ओर जहां पवित्र सरयू नदी अयोध्या के किनारे बहती है, वहीं दूसरी ओर कमला नदी नेपाल और बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाती है।

इस तरह ट्रेन का नाम ही अवध और मिथिला की संस्कृतियों के मिलन का प्रतीक बन गया है।

उद्घाटन के पहले दिन इस ऐतिहासिक सफर का हिस्सा बनने के लिए यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया और कुल 1,158 यात्री इसमें सवार हुए।

रेलवे के अनुसार, आम यात्रियों के लिए इस ट्रेन का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।

सुरक्षा के लिहाज से रवानगी से पहले अयोध्या धाम स्टेशन पर डॉग स्क्वाड की टीम ने पूरी ट्रेन की बारीकी से जांच की।

वहीं, उद्घाटन यात्रा पर निकले यात्रियों की सेवा के लिए इस्कॉन संस्था आगे आई। संस्था के प्रवक्ता मधुकांत दास ने बताया कि पहले दिन सफर करने वाले सभी यात्रियों को इस्कॉन की ओर से मुफ्त नाश्ता और दोनों समय का भोजन उपलब्ध कराया गया।

ट्रेन चलने के बाद सुबह नाश्ते से लेकर शाम को नमकीन-जूस और रात के खाने में चावल, दाल, तीन रोटी, दो तरह की सब्जियां, मिठाई और पानी की पूरी व्यवस्था की गई।

यूपी और बिहार के किन 10 स्टेशनों से होकर गुजरेगी यह ट्रेन?

सरयू-कमला एक्सप्रेस एक साप्ताहिक ट्रेन होगी, जो उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों को नेपाल से जोड़ेगी।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, यह ट्रेन हर शनिवार को नेपाल के जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए रवाना होगी, जबकि वापसी में हर सोमवार को अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए चलेगी।

अपने 19 घंटे के सफर के दौरान यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कुल 10 स्टेशनों पर रुकेगी।

इसका रूट अयोध्या धाम से शुरू होकर मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो और मधुबनी होते हुए बिहार के सीमावर्ती स्टेशन जयनगर तक जाएगा।

जयनगर से आगे बढ़ते हुए यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर नेपाल में प्रवेश करेगी और अपने अंतिम पड़ाव जनकपुर धाम पहुंचेगी।

इस नए रेल मार्ग से न केवल अयोध्या और जनकपुर जाने वाले तीर्थयात्रियों को सहूलियत होगी, बल्कि बिहार के मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी के आसपास रहने वाले लाखों लोगों को भी यूपी और नेपाल आने-जाने का एक बेहतरीन विकल्प मिल गया है।

जयनगर स्टेशन पर होगी दस्तावेजों की जांच, जानें यात्रा के जरूरी नियम

चूंकि यह ट्रेन भारत से निकलकर नेपाल की सीमा में प्रवेश करेगी, इसलिए अंतरराष्ट्रीय नियमों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करना हर यात्री के लिए अनिवार्य होगा।

रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने तय किया है कि बिहार के जयनगर स्टेशन पर सभी यात्रियों के पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी।

दस्तावेजों की इसी जांच प्रक्रिया के कारण ट्रेन को जयनगर स्टेशन पर लंबा ठहराव दिया गया है।

अयोध्या से जनकपुर जाते समय यह ट्रेन जयनगर में दो घंटे तक रुकेगी, जबकि जनकपुर से अयोध्या लौटते वक्त यहां एक घंटे का ठहराव होगा।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर के दौरान अपने वैध पहचान पत्र और नागरिकता से जुड़े दस्तावेज हर हाल में साथ रखें।

पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारत से नेपाल जाने वाले और नेपाल से भारत आने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट तैयार किए जाएंगे।

इन चार्ट में यात्री की नागरिकता और पहचान पत्र का पूरा विवरण दर्ज होगा, जिसे जांच के लिए संबंधित सीमा और रेलवे अधिकारियों को सौंपा जाएगा।

कोच की व्यवस्था और टिकट बुकिंग से जुड़ी खास बातें

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए गए हैं।

  • इनमें 8 वातानुकूलित (AC) और 7 स्लीपर कोच शामिल हैं।
  • एसी श्रेणी में यात्रियों के लिए थर्ड एसी के 6 कोच और सेकंड एसी के 2 कोच उपलब्ध रहेंगे।
  • इसके अलावा बाकी 2 कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए रखे गए हैं।

इस ट्रेन में सफर करने के इच्छुक यात्रियों को टिकट बुकिंग से जुड़े कुछ खास नियमों का ध्यान रखना होगा।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल श्रेणी का कोई कोच नहीं होगा।

इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय ट्रेन होने के कारण इसमें आरएसी (RAC) या वेटिंग टिकट जारी करने की व्यवस्था नहीं रखी गई है। यानी इस ट्रेन में केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्री ही सफर कर सकेंगे।

इसके अलावा, इस विशेष ट्रेन में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से किसी कोटे का प्रावधान भी नहीं किया गया है।

फिलहाल रेलवे की ओर से थर्ड एसी, सेकंड एसी और स्लीपर श्रेणी के आधिकारिक किराये की घोषणा नहीं की गई है, जिसे जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।

PM मोदी और CM योगी ने ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते को किया याद

ट्रेन को हरी झंडी दिखाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारतीय रेलवे के आधुनिक ‘गति शक्ति पोर्टल’ और रेलवे से जुड़ी अन्य नई तकनीकों का अवलोकन भी किया।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और दोनों देशों के नागरिकों के बीच गहरे अपनत्व से जुड़े हैं।

उन्होंने साल 2018 की अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए कहा कि तब उन्होंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे तीर्थ अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।

सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत इस पवित्र रिश्ते को एक नया आयाम दे रही है।

उधर, अयोध्या में कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी और श्रीरामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

स्टेशन पर लोगों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह ट्रेन भारत और नेपाल के सदियों पुराने ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते को और मजबूती देगी।

उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के 500 साल लंबे संघर्ष में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं-बहनों और आम श्रद्धालुओं के योगदान व बलिदान को नमन किया।

योगी ने याद दिलाया कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय भी माता जानकी के मायके जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु प्रेम और श्रद्धा के साथ उपहार लेकर अयोध्या आए थे।

सीएम योगी ने दोनों देशों की आध्यात्मिक परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि काशी के बाबा विश्वनाथ और नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर का रिश्ता युगों पुराना है।

उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु पीढ़ियों से नेपाल के मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ के दर्शन करने जाते रहे हैं, वहीं हर साल मकर संक्रांति पर नेपाल से भेजी गई खिचड़ी गोरखनाथ मंदिर में चढ़ाई जाती है और वासंतिक नवरात्र में नेपाल से श्रद्धालुओं का जत्था देवीपाटन शक्तिपीठ पहुंचता है।

ट्रेन में सफर कर रहीं शिक्षिका रितु दुबे और ऋचा अग्रवाल ने भी इसे सौभाग्य बताते हुए कहा कि इस सुविधा से दोनों देशों का जुड़ाव और गहरा होगा।

रामायण सर्किट और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क बढ़ाने की दिशा में यह दूसरा बड़ा कदम है।

इससे पहले 2 अप्रैल 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल सेवा का उद्घाटन किया था, जो 3 अप्रैल 2022 से शुरू हुई थी।

बिहार के जयनगर से नेपाल के कुर्था और जनकपुर होते हुए बिजलपुरा तक जाने वाला यह रेल मार्ग करीब 52 किलोमीटर लंबा है, जिसे आगे बर्दीबास तक बढ़ाने की योजना पर काम चल रहा है।

रेलवे के डिप्टी सीटीआई संजय कुमार वर्मा ने सरयू-कमला एक्सप्रेस को दोनों देशों के बीच दोस्ती की ट्रेन बताते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।

पहले की रेल सेवा केवल सीमावर्ती इलाकों तक सीमित थी, लेकिन अब जनकपुर धाम का सीधा जुड़ाव अयोध्या से हो गया है।

रामायण सर्किट को मजबूत करने वाली इस पहल से न केवल श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी, बल्कि उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के रास्ते में पड़ने वाले शहरों में होटल, ट्रांसपोर्ट, दुकानदारी और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों के लिए भी रोजगार और कमाई के नए दरवाजे खुलेंगे।

#SaryuKamlaExpress #AyodhyaToJanakpur #IndiaNepalRelations #RamayanaCircuit #IndianRailways  #PMModi #BalenShah #YogiAdityanath

- Advertisement -spot_img