Dhurandhar 2 Copyright Case: बॉलीवुड में पुराने सुपरहिट गानों को नए अंदाज में पेश करना (रीमिक्स) एक पुराना चलन है, लेकिन कभी-कभी यह ‘तड़का’ कानूनी मुसीबत बन जाता है।
हालिया मामला 1989 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘त्रिदेव’ के सदाबहार गाने ‘तिरछी टोपीवाले’ से जुड़ा है।
इस गाने की धुन को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में एक बड़ी कानूनी लड़ाई चल रही है, जिसमें फिल्म ‘धुरंधर 2’ के मेकर्स को कोर्ट से कुछ राहत तो मिली है, लेकिन जेब भी ढीली करनी पड़ रही है।

क्या है पूरा विवाद?
विवाद की जड़ में है प्रोडक्शन हाउस त्रिमूर्ति फिल्म्स, जिसने ‘त्रिदेव’ फिल्म बनाई थी।
उनका आरोप है कि नई फिल्म ‘धुरंधर 2’ के गाने ‘रंग दे लाल (ओए ओए)’ में उनके ओरिजिनल गाने ‘तिरछी टोपीवाले’ की धुन और शब्दों का इस्तेमाल बिना अनुमति के किया गया है।
त्रिमूर्ति फिल्म्स का कहना है कि यह उनके कॉपीराइट का सीधा उल्लंघन है।
उन्होंने मांग की थी कि जब तक यह मामला सुलझ नहीं जाता, तब तक फिल्म ‘धुरंधर 2’ की ओटीटी (OTT) रिलीज और इसके प्रमोशन पर रोक लगा दी जाए।

कोर्ट ने क्या फैसला सुनाया?
गुरुवार को इस मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस तुषार राव गेडेला ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया।
कोर्ट का मानना था कि इस मोड़ पर फिल्म को रोकना सही नहीं होगा।
हालांकि, कोर्ट ने त्रिमूर्ति फिल्म्स के हितों की रक्षा के लिए एक बीच का रास्ता निकाला।

अदालत ने सुपर कैसेट्स (टी-सीरीज) को आदेश दिया कि वे चार हफ्ते के भीतर 50 लाख रुपये कोर्ट में जमा करें।
यह राशि रजिस्ट्रार जनरल के पास ‘फिक्स्ड डिपॉजिट’ के तौर पर रहेगी।
जब ट्रायल खत्म होगा, तो जो भी पक्ष केस जीतेगा, यह पैसा उसे दे दिया जाएगा।

पुरानी यादें बनाम नया वर्जन
याद दिला दें कि ‘तिरछी टोपीवाले’ गाने में नसीरुद्दीन शाह और सोनम ने डांस किया था।
इसे कल्याणजी-आनंदजी की जोड़ी ने म्यूजिक दिया था और आनंद बख्शी ने इसके बोल लिखे थे।
वहीं, ‘धुरंधर 2’ के नए वर्जन ‘रंग दे लाल’ को शाश्वत सचदेव ने कंपोज किया है।
हालांकि मेकर्स ने ओरिजिनल कंपोजर्स को क्रेडिट दिया है, लेकिन त्रिमूर्ति फिल्म्स का कहना है कि सिर्फ क्रेडिट देना काफी नहीं है, इसके व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए कानूनी इजाजत जरूरी थी।

फिलहाल, इस फैसले से ‘धुरंधर 2’ के मेकर्स ने राहत की सांस ली है क्योंकि उनकी फिल्म की स्ट्रीमिंग का रास्ता साफ हो गया है, लेकिन 50 लाख की सुरक्षा राशि ने इस कानूनी लड़ाई को और दिलचस्प बना दिया है।
