Pushpendra Pal Singh Foundation: 5 सितंबर 2026, भोपाल। “पत्रकारिता केवल एक नौकरी नहीं, जिम्मेदारी भी जो समाज एक जर्नलिस्ट से अपेक्षा करता है।
तकनीक के बदलते दौर में पत्रकारिता और जनसंपर्क के कार्य केवल अखबार, टीवी या रेडियो तक सीमित नहीं है।
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने पत्रकारिता और जनसंपर्क के क्षेत्र में करियर के अनेक नए अवसर सृजित किए हैं।
जहां कोई भी अपने ज्ञान, कौशल और नवाचारों के जरिए अच्छा रोजगार और डिजिटल माध्यम से स्वरोजगार पा सकता है।”
यह बात वरिष्ठ पत्रकार, जनसंपर्ककर्मी और विषय विशेषज्ञ हितेश कुशवाहा ने शिक्षक दिवस पर शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निशातपुरा में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘पत्रकारिता एवं जनसंपर्क में करियर के अवसरों पर विशेष संवाद’ में कही।

कार्यक्रम में 11वीं एवं 12वी के 350 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।
देशभर में अनेक मीडिया विधाओं, सक्रिय पत्रकारिता और जनसंपर्क के क्षेत्र में कार्य कर रहे हज़ारों पेशेवरों के शिक्षक और गुरु रहे स्वर्गीय पुष्पेंद्र पाल सिंह (पीपी सर) की स्मृति में स्थापित किए गए पुष्पेंद्र पाल सिंह फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हितेश कुशवाहा ने कहा कि आज पत्रकारिता में आने वाले युवाओं को केवल लिखना ही नहीं, बल्कि डिजिटल कंटेंट, वीडियो, सोशल मीडिया, मोबाइल जर्नलिज्म और तकनीक की समझ भी विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि करियर चुनते समय केवल नौकरी को लक्ष्य न बनाएं, बल्कि अपनी रुचि और कौशल को पहचानकर लगातार सीखने की आदत विकसित करें।
बच्चों को अपने भविष्य के लक्ष्य की पूर्ति के लिए आज से ही तैयार होना पड़ेगा।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने मीडिया में करियर, आवश्यक योग्यता और बदलते अवसरों से जुड़े सवाल पूछे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कहा कि मीडिया क्षेत्र को लेकर उनकी जानकारी अब तक मुख्य रूप से टीवी और अखबार तक सीमित थी, लेकिन संवाद से उन्हें सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया में उपलब्ध नए करियर विकल्पों की जानकारी मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. पुष्पेंद्र पाल सिंह ‘पीपी सर’ की स्मृति में पौधारोपण से हुई। फाउंडेशन के उपाध्यक्ष मृदुल जैन ने फाउंडेशन के उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय के पांच शिक्षकों कांति जैन, अंकुश वर्मा, मनोज कुमारी मिश्रा, संध्या अडलक एवं राशिदा बेगम को शिक्षा एवं विद्यार्थी हित में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
विद्यालय को भी विशेष स्मृति चिह्न भेंट किया गया। सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य आर. सी. जैन ने फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस संवाद और शिक्षकों के सम्मान को सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर फाउंडेशन की अध्यक्ष सुश्री शानू सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों के साथ करियर संवाद और शिक्षकों का सम्मान, उनके पिताश्री की स्मृति को सार्थक रूप से आगे बढ़ाने का अभिनव प्रयास है।

कार्यक्रम में फाउंडेशन की कोषाध्यक्ष योगिता सिंह और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रितेश पुरोहित, राहुल चौकसे, प्राची चौकसे, मनीष अग्रवाल, आदित्य तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।
#JournalismCareers #DigitalMedia #CareerGuidance #PushpendraPalSinghFoundation #TeachersDay2026 #PublicRelations #BhopalNews #MediaEducation
