Himachal Landslide Flood News: देश भर में मानसून और बारिश के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
एक तरफ जहां पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड (भूस्खलन) की वजह से दर्दनाक हादसे हो रहे हैं, वहीं मैदानी इलाकों में नदियों के उफान पर आने से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश: चलती गाड़ी पर गिरीं भारी चट्टानें, 13 की मौत
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है।
शुक्रवार दोपहर को उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास भयानक भूस्खलन हो गया।
पहाड़ी से अचानक गिरी भारी-भरकम चट्टानों की चपेट में एक टाटा सूमो टैक्सी (HP-01M-2210) आ गई।

6 महीने की मासूम समेत 13 की मौत:
हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 15 लोग सवार थे। पहाड़ी से गिरी बड़ी-बड़ी चट्टानों के नीचे दबने से 13 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में एक 6 महीने की बच्ची भी शामिल है। केवल दो लोगों को ही सुरक्षित निकाला जा सका है।
गाड़ी में लगी आग: हादसा इतना भयानक था कि चट्टानें गिरने के बाद गाड़ी के पिछले हिस्से में आग लग गई।
स्थानीय लोगों और जवानों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।

शवों की हालत इतनी खराब है कि उनकी पहचान करने में काफी कठिनाई हो रही है।
तिंदी में रुके थे यात्री: बताया जा रहा है कि बारिश के कारण उदयपुर-किलाड़ रास्ता पिछले दिन से बंद था।
रास्ते की बहाली के बाद यात्री पांगी घाटी की ओर बढ़े ही थे कि कडू नाला के पास यह दुखद हादसा हो गया।
वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें…
भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज और पुलिस-प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

गुजरात: बाढ़ जैसे हालात, हेलिकॉप्टर से लोगों को किया एयरलिफ्ट
गुजरात में भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है:
* वलसाड और नवसारी का बुरा हाल: वलसाड के उमरगाम में महज 16 घंटों के भीतर 43 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे पूरा इलाका जलमग्न हो गया।
नवसारी के मेघर गांव में बाढ़ का पानी घुसने के कारण फंसे लोगों को इंडियन कोस्ट गार्ड के हेलिकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।


* बाजार डूबे, सड़कें बंद: अहमदाबाद और सूरत की सड़कों पर पानी भर गया है, जबकि वाव-थराद जिले में बाजार पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं।
उत्तर प्रदेश मैं नदियां उफान पर
यूपी में पिछले 10 दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण गंगा और यमुना सहित 10 प्रमुख नदियां उफान पर हैं।
सीतापुर में सड़कों पर पानी भर जाने से ग्रामीण नावों के सहारे आवाजाही करने को मजबूर हैं।

मध्य प्रदेश में मानसून फिर से एक्टिव
भोपाल समेत कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना जिलों में भारी बारिश (4 इंच तक) का अलर्ट जारी किया है।
मैहर जिले के भदनपुर में तो पहली कक्षा का एक मासूम छात्र सड़क पार करते वक्त तेज बहाव में बहने लगा था, जिसे ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बचा लिया।

अगले 2 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान
* 25 जुलाई: मध्य प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और उत्तर-पूर्वी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
छत्तीसगढ़ और पूर्वी राजस्थान में बिजली गिरने का खतरा जताया गया है।
* 26 जुलाई: हिमाचल, उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर-पूर्वी राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
#HimachalLandslide #GujaratFloods #LahaulSpiti #WeatherUpdate #Monsoon2026 #RainAlert #IndiaNews
